चरखी दादरी: तीन दिन से लापता एयरफोर्स कर्मी का शव मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
मृतक अजीत कबड्डी का राष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी था। वह हरियाणा की टीम का प्रतिनिधित्व कर चुका था और पांच साल पहले कबड्डी के जरिये ही एयरफोर्स में हवलदार भर्ती हुआ था। वह एयरफोर्स कबड्डी टीम का भी हिस्सा था। परिजनों ने बताया कि वह कॉर्नर पोजिशन पर खेलता था और कई राष्ट्र स्तरीय स्पर्धाओं में पदक जीत चुका था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तीन दिन से लापता एयरफोर्स कर्मचारी का शव गुरुवार सुबह घिकाड़ा पंप हाउस से बरामद हुआ है। मृतक के सिर पर चोटों के निशान मिले हैं, जिसके चलते परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया है। पुलिस ने मृतक की बाइक खातीवास-झींझर रोड नहर से बरामद की है। झोझूकलां थाना पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एयरफोर्स की टीम भी घटना का जायजा लेने दादरी सिविल अस्पताल पहुंची और वहां मृतक के परिजनों से बातचीत की।
आदमपुर निवासी अजीत (26) एयरफोर्स में हवलदार था। खेल कोटे से करीब पांच साल पहले वह भर्ती हुआ था और उसकी पोस्टिंग नगालैंड के दीमापुर में थी। अजीत दो नवंबर को एक माह की छुट्टी लेकर घर आया था। पुलिस को दिए बयान में मृतक के पिता हरनारायण ने बताया कि अजीत सात नवंबर को बाइक पर पत्नी के साथ झींझर भांजी के जन्मदिन पर गया था।
वहां पत्नी को छोड़ने के बाद वह दादरी में कबड्डी मैच देखने आया था लेकिन इसके बाद झींझर या आदमपुर नहीं लौटा। पुलिस ने इस संबंध में गुमशुदगी का केस दर्ज कर रखा है। गुरुवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि अजीत का शव दादरी के घिकाड़ा पंप हाउस पर मिला है। उसके बेटे के सिर पर गहरी चोट है और इसके चलते उन्हें अंदेशा है कि बेटे की हत्या की गई है। वहीं, शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की बाइक भी नहर से बरामद कर ली। अजीत की शादी दिसंबर 2019 में मुंढलाना निवासी बबली से हुई थी। उसके पिता हरनारायण किसान हैं।
हरनारायण ने खोया इकलौता बेटा
आदमपुर निवासी हरनारायण ने अपना इकलौता बेटा खो दिया। वहीं, अन्य परिजनों ने बताया कि अजीत की तलाश वो गत सात नवंबर से ही कर रहे थे लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया। हरनारायण ने बताया कि उनके दोनों बच्चे शादी शादीशुदा थे।
एयरफोर्स की दो सदस्यीय टीम ने ली परिजनों से जानकारी
एयरफोर्स की दो सदस्यीय टीम भी गुरुवार को दो घंटे से अधिक समय तक सिविल अस्पताल में रुकी रही। टीम में शामिल अधिकारी म्यात्रा हिरण एम ने मृतक के पिता से अजीत के संबंध में सारी जानकारी ली। टीम ने सात नवंबर की घटना समेत मृतक के परिवार के बारे में तमाम जानकारियां लीं।
मृतक के परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताया है। हमने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। मृतक का शव घिकाड़ा पंप हाउस से और झींझर के समीप नहर से बाइक बरामद हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ हो जाएगी।
- अनिल कुमार, एसआई एवं जांच अधिकारी, झोझूकलां थाना।