जाखल में सीएम फ्लाइंग की बड़ी कार्रवाई, तीन अवैध ठेका सील, भारी मात्रा में शराब बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीएम फ्लाइंग ने आबकारी एवं कराधान विभाग और सीआईडी के साथ मिलकर शराब के तीन अवैध ठेकों को सील कर दिया। इस दौरान अवैध ढंग से शराब बिक्री करने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार किए गए, जबकि पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इन स्थानों से 74 पेटी देसी व अंग्रेजी शराब भी बरामद की गई।
जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग को जाखल क्षेत्र में अवैध शराब के ठेके चलने की सूचना मिली थी। इस पर गुरुवार को इंस्पेक्टर विक्रम भादू, सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने एक्साइज विभाग के इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में चार टीमों ने जाखल कुलां रोड पर गांव म्योंद कलां के एक होटल के पास, गांव मुस्साखेड़ा और गांव साधनवास के कालिया रोड पर अवैध ढंग से चल रही शराब की दुकान पर दबिश दी।
म्योंद कलां में टीम ने ठेके पर काम करने वाले कारिंदों से शराब बेचने के कागजात दिखाने को कहा, पर वह शराब बिक्री का लाइसेंस नहीं दिखा पाए। इसके बाद टीम ने दुकान में अंग्रेजी व देसी शराब को जब्त कर ठेके को सील कर दिया। इसी तरह गांव मुस्साखेड़ा में भी एक दुकान में अवैध ढंग से शराब की बिक्री होते मिली, जबकि गांव साधनवास में संचालक ठेके को बंद कर फरार हो गया।
टीम ने इस ठेके को सील कर दिया। टीम ने ठेका संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। जाखल थाने के इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि दबिश के दौरान अवैध तरीके से शराब की बिक्री करने पर पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए। तीनों स्थानों से अंग्रेजी एवं देसी शराब की 74 पेटियां बरामद की गईं। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। म्योंद कलां के पास ठेका से 35 पेटी, मूस्साखेड़ा से 6 पेटी व साधनवास से 33 पेटी शराब बरामद की गई है।
खेत के अंदर कमरे में छुपा रखी थी शराब
अवैध ठेका संचालकों ने साधनवास के पास खेत के कमरे में शराब छुपा रखी थी। सीएम फ्लाइंग हिसार एवं आबकारी विभाग की टीम जब गांव साधनवास व कालिया की ओर जाने वाली रोड पर बने अवैध ठेके पर पहुंची तो ठेका संचालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वहां पर जांच की तो कोई नहीं मिला। इसके बाद आसपास में जांच करते हुए खेत के अंदर कमरे में शराब रखी मिली। पुलिस ने यहां से छह पेटी शराब को जब्त कर लिया।
अवैध अहातों पर भी होगी कार्रवाई
जाखल क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बिक्री के मामले की शिकायतें मिल रही हैं। शराब ठेकों के साथ अगर कोई भी अवैध रूप से अहाता चलता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में कोई भी व्यक्ति संलिप्त पाया गया तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में जाखल क्षेत्र में और स्थानों पर भी दबिश दी जाएगी। - विक्रम भादू, इंस्पेक्टर सीएम फ्लाइंग