सुल्तानपुर लोधी: निहंग सिंहों में टकराव, दो जख्मी, गुरुद्वारा अकाल बुंगा साहिब पर कब्जे को लेकर विवाद
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर लोधी के एसडीएम जसप्रीत सिंह, एसपी (एच) तेजवीर सिंह हुंदल, डीएसपी बबनदीप सिंह समेत 200 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस गुरुद्वारा परिसर में तैनात थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के सुल्तानपुर लोधी में ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब के समीप स्थित गुरद्वारा अकाल बुंगा (यादगार बाबा नवाब कपूर सिंह जी छावनी निहंग सिंह तख्त बुड्ढा दल) पर कब्जे को लेकर मंगलवार की सुबह साढ़े आठ बजे निहंग सिंहों में टकराव हो गया। इसमें गुरुद्वारा परिसर में मौजूद दो निहंग सिंह जख्मी हो गए। उन्हें सुल्तानपुर लोधी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर लोधी के एसडीएम जसप्रीत सिंह, एसपी (एच) तेजवीर सिंह हुंदल, डीएसपी बबनदीप सिंह समेत 200 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पूरा इलाका छावनी में तब्दील कर दिया। खबर लिखे जाने तक पुलिस गुरुद्वारा परिसर में तैनात थी।
जानकारी के अनुसार गुरुद्वारा अकाल बुंगा साहिब में इस समय बुड्ढा दल के मुखी बाबा बलवीर सिंह 96वें करोड़ी काबिज है। उन्होंने बाबा निरवैर सिंह ढिल्लो को गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार की जिम्मेदारी सौंपी है। सिविल अस्पताल में भर्ती बाबा बलबीर सिंह गुट के जख्मी निरवैर सिंह और जगजीत सिंह ने बताया कि वह सुबह गुरुद्वारा साहिब में मौजूद थे। इसी दौरान साढ़े आठ बजे शिरोमणि पंथ अकाली बुड्ढा दल चलदा वहीर चक्रवर्ती पंजाब के प्रमुख मान सिंह अपने करीब 15-20 साथियों के साथ आ धमके और बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया। गुरुद्वारा साहिब पर कब्जा कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम, एसपी, डीएसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों को कब्जे से छुड़ाया। निरवैर सिंह व जगजीत सिंह ने बताया कि अगर पुलिस आकर उन्हें न छुड़ाती तो वह हमें जान से मार देते। उन्होंने कहा कि बाबा बलबीर सिंह गुरुद्वारा साहिब पर लंबे अर्से से काबिज हैं। इसलिए मान सिंह गुरुद्वारा पर कब्जा करने के लिए आया है।
उन्होंने जिला व पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। एसडीएम जसप्रीत सिंह ने कहा कि पुलिस व सिविल प्रशासन गुरुद्वारा साहिब में निहंग सिंहों से बात कर रहा है। शहर में अमन-शांति को बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। अभी बातचीत चल रही है। उन्होंने किसी के भी जख्मी होने की बात को सिरे से खारिज कर दिया।
बताया जा रहा है कि बाबा बलबीर सिंह बुड्ढा दल भी अपने 20-25 साथियों के साथ सुल्तानपुर लोधी के पुडा में मौजूद हैं। जहां पर पुलिस ने उनको रोक रखा है, ताकि माहौल न बिगड़े। गुरुद्वारा अकाल बुंगा में अपने 100 साथियों के साथ काबिज मान सिंह ने कहा कि वह सुल्तानपुर लोधी में गुरुपर्व मनाएंगे और उन्होंने देश-विदेश की सिख संगत को गुरपर्व की बधाई दी।
बता दें कि इन दोनों गुटों में पहले भी विवाद हो चुका है और एक गुट पर तो केस भी दर्ज है। गुरुद्वारा साहिब में डीएसपी गुरमीत सिंह, डीएसपी सतनाम सिंह, तहसीलदार विशाल वर्मा, नायब तहसीलदार जोगिंदर सिंह, नगर काउंसिल के ईओ बलवीर सिंह गिल मौजूद हैं। खबर लिखे जाने तक प्रशासन बाबा मान सिंह को समझाने में जुटा था।