फेसबुक पर महिला से दोस्ती, फिर ठग लिए 30 लाख...जरूर पढ़ लें खबर, कहीं आप न हो जाए शिकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक महिला से एक व्यक्ति ने फेसबुक पर पहले दोस्ती की। इसके बाद जब महिला को उस पर विश्वास हो गया तो दोनों में मोबाइल पर बात भी होने लगी। इसी बीच आरोपी ने महिला को डायमंड सेट व 1 लाख 20 हजार यूके पाउंड भेजने की बात कहर महिला से तीस लाख रुपये ठग लिए। इसके बाद से आरोपी फोन नहीं उठा रहा है। मामला मोहाली का है। आरोपी यूके में रह रहा है।
महिला ने इस संबंध में पुलिस को सारे सबूत सौंप दिए हैं, जिसके बाद थाना फेज-एक में महिला की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज किया गया है। थाना फेज-एक के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरवंत सिंह ने कहा कि उनके पास इस संबंध में शिकायत आई थी, जिसके बाद उन्होंने जेम्स मैनुअल व एक अज्ञात महिला के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 व 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
व्हाट्सएप पर भी होती थी बात
पुलिस को दी शिकायत में फेज-7 मोहाली निवासी मोनिका नाम की महिला ने बताया कि उसका फेसबुक पर एकाउंट है। कुछ समय पहले फेसबुक पर किसी जेम्स मैनुअल नाम के व्यक्ति ने उसे दोस्त बना लिया। आरोपी ने उसे बताया कि वह यूके में रहता है। कुछ देर फेसबुक पर चैटिंग चलने के बाद जेम्स ने मोनिका से मोबाइल नंबर ले लिया और फिर दोनों की फोन पर बातचीत होने लगी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी जेम्स उसके साथ व्हाट्सएप पर भी बातचीत करता था।
ऐसे दिया ठगी का झांसा
मोनिका ने बताया कि आरोपी के साथ उसकी दोस्ती काफी गहरी हो गई थी। आरोपी ने उसे कहा कि वह एक डायमंड का सेट व 1 लाख 20 हजार यूके पाउंड एक पार्सल में उसे भेज रहा है। पार्सल छुड़वाने के लिए उसे कस्टम ऑफिस से फोन आएगा और वह कस्टम के पैसे जमा करवा कर उसे छुड़वा ले।
ऐसे जमा करवाए थे पैसे
पीड़ित महिला ने बताया कि जेम्स के फोन करने के कुछ दिनों बाद उसे किसी भारतीय मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाली उस महिला ने कहा कि वह इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्थित कस्टम ऑफिस से बोल रही है। उस महिला ने पीड़ित को बताया कि उसके नाम पर एक पार्सल आया है, जिसकी कस्टम ड्यूटी 30 लाख रुपये बनती है। कस्टम का पैसा जमा करवाने के बाद पार्सल उसके एड्रेस पर भेज दिया जाएगा। उस महिला के बताने के मुताबिक मोनिका ने उस बैंक अकाउंट में 30 लाख जमा करवा दिए थे।
कुछ दिनों तक जब पार्सल घर पर नहीं पहुंचा तो मोनिका ने उस महिला के फोन नंबर पर फोन किया तो वह नंबर बंद आने लगा। फिर उसने यूके निवासी जेम्स मैनुअल को फोन किया तो उसका फोन भी बंद आने लगा। उसके बाद उसे समझ आई कि उसके साथ ठगी हो गई है।