पंचकूलाः अज्ञात वाहन की टक्कर से चंडीगढ़ पुलिस की महिला कांस्टेबल की मौत, केस हुआ दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार को एक अज्ञात वाहन ने महिला कांस्टेबल की स्कूटी को पीर बाबा स्थान के पास टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने सेना के जवानों की मदद से कमांड अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला कांस्टेबल की पहचान गांव वजीरपुर थाना, तहसील गोहाना जिला सोनीपत निवासी ममता यादव के रूप में हुई है।
वहीं, शव का पोस्टमार्टम सेक्टर-6 जनरल अस्पताल में करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। ट्रैफिक पुलिस के एसपीओ जगतार सिंह की शिकायत पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। ट्रैफिक पुलिस के एसपीओ जगतार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोपहर डेढ़ बजे उसकी ड्यूटी मनसा देवी सिंह द्वार लाइट प्वाइंट पर थी।
इस दौरान चंडीगढ़ पुलिस की वर्दी में मृतक ममता यादव अपनी एक्टिवा पर सवार होकर मनसा देवी की ओर से चंडीगढ़ पुलिस लाइन में ड्यूटी पर जा रहीं थीं। जैसे ही वह सिंह द्वार लाइट प्वांइट पार कर पीर मजार पहुंची तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अज्ञात चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी और एसपीओ जगतार सिंह ने बताया कि उसने वाहन के टक्कर मारने की आवाज सुनी। लेकिन तेज रफ्तार में होने के कारण अज्ञात वाहन चालक एक्टिवा सवार महिला को टक्कर मारकर वहां से भाग गया। शिकायतकर्ता जगतार सिंह ने बताया कि टक्कर के बाद वह भागकर महिला के पास पहुंचा तो देखा कि महिला कांस्टेबल बुरी तरह से घायल हैं।
इसके बाद कुछ सेना के जवानों की मदद से महिला कांस्टेबल को कमांड अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन गंभीर चोटें होने के कारण उपचार के दौरान ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान महिला कांस्टेबल ने हेलमेट भी पहना हुआ था। एसपीओ जगतार सिंह की शिकायत पर सेक्टर-5 थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी एएसआई पवित्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही अज्ञात वाहन चालक पकड़ लिया जाएगा।