ऑनर किलिंगः दूसरी जाति के नौजवान से करती थी प्यार, परिजनों ने बेटी को मार डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दूसरी जाति के युवक से प्रेम करना एक किशोरी को भारी पड़ गया। परिजनों ने किशोरी को इसकी खौफनाक सजा दी। मामला हरियाणा के सोनीपत जिले का है। दूसरी जाति के युवक से प्रेम प्रसंग के चलते परिजनों ने अपनी नाबालिग बेटी की हत्या कर शव जला दिया। चार दिन बाद युवक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने किशोरी के छह परिजनों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शुक्रवार को पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ यमुना घाट पर जाकर सबूत जुटाए। मामले में दिनभर पंचायत भी हुई। वहीं, किशोरी के परिजनों ने उसकी मौत को स्वाभाविक बताया है। जिस युवक से किशोरी का प्रेम प्रसंग था वह फिलहाल किशोरी की मां से दुष्कर्म के आरोप में जेल में बंद है।
शुक्रवार को राई पुलिस को एक व्यक्ति ने सूचना दी कि एक परिवार ने अपनी 16 साल की बेटी की दो अक्तूबर की रात हत्या कर दी। तीन अक्तूबर को तड़के शव को यमुना किनारे ले जाकर जला दिया। व्यक्ति की शिकायत पर पुलिस ने हत्या और शव को खुर्द-बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लड़की के छह परिजनों को नामजद किया है।
पेट दर्द के कारण हुई मौत : किशोरी के परिजन
व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे का किशोरी से प्रेम प्रसंग चल रहा था। किशोरी की मां ने पहले उसके बेटे पर दुराचार के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवा दिया। अब अपनी बेटी की हत्या कर दी। डीएसपी हेड क्वार्टर जितेंद्र कुमार का कहना है कि, व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम ने यमुना तट से सबूत जुटाए हैं। जांच के बाद ही पता चलेगा कि सचाई क्या है?
उधर, किशोरी के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी की मौत पेट में दर्द होने की वजह से हुई है। उसे पहले बुखार हुआ था। बाद में पेट दर्द के बाद उसकी मौत हो गई। उन्होंने गांव के लोगों के बीच अंतिम संस्कार सुबह करीब साढ़े नौ बजे किया था। परिजनों ने स्वीकार किया कि जिस युवक के पिता ने आरोप लगाया है उसका बेटा पिछले दिनों उनके घर में घुस आया था। इस कारण उस पर केस दर्ज कराया गया है और वह जेल में है। इसी रंजिश में उसने यह आरोप लगाया है।