बहादुरगढ़ में दे दी 6 माह के बच्चे की 'बलि'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा रोडवेज सब डिपो के वर्कशॉप में मंदिर के पास रविवार की सुबह एक बच्ची का सिर कटा शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। वर्कशॉप के कर्मचारियों ने पाया कि सिर के साथ एक हाथ भी कटा है।
सूचना मिलने पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। मामले को नरबलि से भी जोड़कर देखा जा रहा है। सब डिपो के यार्ड मास्टर जगदीश ने बताया कि रविवार की सुबह करीब आठ बजे वर्कशाप में कूड़े के ढेर में इस बच्ची का सिर कटा शव देखा। कर्मचारियों से पूछताछ की, गई तो पता चला कि अन्य दिनों की तरह शनिवार रात भी आठ बजे के बाद वर्कशॉप के गेट पर ताला लगा दिया गया था।
इस दौरान कोई बस आती है तो उसकी एंट्री कराकर दोबारा से गेट को लॉक कर दिया जाता है। उन्होंने आशंका जताई कि रात के समय ही किसी ने शव को यहां फेंका है। यह सब कैसे अंजाम दिया गया, इसे लेकर वर्कशॉप के कर्मचारी स्वयं हैरान और सकते में हैं। शव को देखने के तुरंत बाद ही पुलिस को सूचित कर दिया गया।
सूचना मिलते ही डीएसपी कप्तान सिंह और शहर थाना प्रभारी सुनील कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने झज्जर से फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। मौके से आवश्यक सबूत जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
हत्या कर फेंका गया है शव
सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि बच्ची की गर्दन को किसी तेजधार हथियार से काटा गया है। इस पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। शव को शिनाख्त के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।
नरबलि का भी अंदेशा
पुलिस इस मामले को नरबलि से भी जोड़कर देख रही है। सूत्रों ने बताया कि शव का सिर कटा होने के कारण यह नरबलि का मामला होने का अंदेशा बढ़ गया है। कई ऐसे पहलु हैं, जो इस थ्योरी को बल देते हैं। शनिवार की रात तांत्रिक विद्याएं अधिक की जाती है। बच्ची का शव भी शनिवार की रात फेंका गया। जहां शव मिला, वहां मंदिर के पास ही एक पीपल का पेड़ भी है। ऐसे में पुलिस इस थ्योरी पर भी जांच आगे बढ़ा रही है।
डॉ. धर्मबीर, चिकित्सक, सामान्य अस्पताल ने बताया कि बच्ची की गर्दन को किसी चीज से काटा गया है। शव से एक हाथ भी गायब मिला है। यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि हाथ काटा गया है या नहीं। पोस्टमार्टम की डिटेल रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
कप्तान सिंह, डीएसपी ने बताया कि पुलिस की टीम वर्कशॉप के नजदीक रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि किसी क्षेत्र से कोई बच्चा तो गायब नहीं है। प्रवासी व्यक्तियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और शव को खुर्द-बुर्द करने का मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही मामला सुलझा लेंगे।