जयपुर जा रहे अमेरिकी युवक पर हरियाणा में हमला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली से जयपुर जा रहे अमेरिकी युवक को हरियाणा के रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे चौक पर अज्ञात युवकों ने सिर में रॉड मारकर घायल कर दिया। गंभीर हालात में युवक को ट्रामा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। वारदात के 11 घंटे बाद आईजी और एसपी घायल युवक को देखने ट्रामा सेंटर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
मैथ्यू एवर्ट विकरी नाम का यह युवक पिछले दो सप्ताह से एक एनजीओ के माध्यम से फरीदाबाद में रहकर विद्यार्थियों को इंग्लिश पढ़ा रहा था। शनिवार देर रात मैथ्यू दिल्ली से मंडोर एक्सप्रेस में जयपुर के लिए रवाना हुआ। जयपुर में मैथ्यू को अपना लैपटॉप लेना था।
पुलिस के अनुसार रात 11:30 बजे रेवाड़ी जंक्शन पर ट्रेन रुकी तो मैथ्यू कुछ देर के लिए जंक्शन से बाहर निकल आया। यहां एक बेकरी शॉप के पास दो-तीन अज्ञात युवकों ने मैथ्यू के सिर पर रॉड से दो वार किए। लहूलुहान मैथ्यू मौके पर ही गिर गया। पीसीआर की मदद से घायल मैथ्यू को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। उसके सिर में 6 टांके आए हैं। मैथ्यू हमले का कारण नहीं बता पाया।
मनवीर सिंह, एसपी ने बताया कि विदेशी नागरिक के मुताबिक हमला करने वाले नाबालिग थे। सुरक्षा के मद्देनजर उसको जयपुर पहुंचाने के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया है। पूछताछ में उसने किसी भी सामान के मिस न होने की बात कही है।
पीड़ित युवक ने अपने लिखित बयान में किसी तरह की कार्रवाई से इंकार किया है। हालांकि पुलिस मामले में खुद संज्ञान लेते हुए कार्रवाई कर रही है।
15 मिनट मैथ्यू विकरी से बंद कमरे में पूछताछ
हालांकि इस मामले में अभी तक अमेरिकी नागरिक ने कोई शिकायत नहीं दी है। उधर, वारदात के बाद अमेरिकी एंबेसी को सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारियों के कहने पर सुबह 10.30 बजे एसपी मनबीर और आईजी ममता सिंह पहले मौके पर और उसके बाद ट्रामा सेंटर पहुंचे।
उन्होंने करीब 15 मिनट मैथ्यू विकरी से बंद कमरे में पूछताछ की और फिर पुलिस ने धारा 323 और 341 में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले में पुलिस और ट्रामा सेंटर दोनों का ही पहले ढीला रवैया सामने आया। पहले पुलिस ने घायल मैथ्यू को ट्रामा सेंटर ले जाने में ही देरी की। गोकल गेट चौकी पुलिस ने मामले की जानकारी आलाधिकारियों को तक को नहीं दी। डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से ही हुई।
वहीं ट्रामा सेंटर में उपचार के बाद रात को ही मैथ्यू को डिस्चार्ज कर दिया गया और उसे रेवाड़ी जंक्शन पहुंचाया गया। बाद में विदेशी नागरिक का मामला होने पर उसे ट्रामा सेंटर में दोबारा भर्ती किया गया।