अरेंज मैरिज में अड़चन न बन जाए प्रेमिका, तो प्रेमी ने उतारा मौत के घाट, तरीका बेहद खौफनाक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अरेंज मैरिज में अड़चन आते देख एक प्रेमी ने अपनी ही प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोप है कि प्रेमी ने जहर देकर घटना को अंजाम दिया। मृतक की बहन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना हरियाणा के हिसार की है। मृतक प्रेमिका की बहन ने सिटी थाना में आरोपी प्रेमी ऋषि नगर निवासी विपिन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। मृतका प्रेमिका दो बच्चों की मां है।
सिटी थाना पुलिस में फरीदाबाद निवासी लड़की ने शिकायत देकर बताया कि उसकी 33 वर्षीय बड़ी बहन की शादी 15 साल पहले पंजाब में हुई थी। शादी के बाद महिला के दो बच्चे हुए। मृतका पिछले दो साल से आरोपी विपिन के घर पर ऋषि नगर में किराये पर रह रही थी और उसका पति लुधियाना में रह रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसकी बहन ने उसको बताया था कि उसका विपिन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है और अब विपिन की शादी होने वाली है, इसलिए वह उसको रास्ते से हटाना चाहता है।
इससे विपिन ने करीब एक सप्ताह पहले उसकी बहन को दिल्ली में कमरा किराये पर दिलवाकर वहां भेज दिया था। घटना से दो दिन पहले मृतका अपने बच्चों का स्कूल से प्रमाण पत्र लेने के लिए हिसार आई थी। बुधवार रात को 10 बजे मेरी अपनी बहन के साथ बात हुई थी। तब उसने बताया था कि वह विपिन के भाई के घर पर है।
देर रात को तीन बजे विपिन का मेरे पास फोन आया कि तुम्हारी बहन ने जहर खा लिया है और अब वह हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल है। जब वह हिसार पहुंची तो उसकी बहन की हालत नाजुक थी और उसने बताया था कि विपिन ने उसको जहर दिया है। इसके बाद रात को उसकी बहन ने दम तोड़ दिया।
नौ दिसंबर को होनी है आरोपी की शादी
शिकायतकर्ता लड़की के अनुसार आरोपी विपिन कपड़े की दुकान चलाता है और अब उसकी नौ दिसंबर को शादी होने वाली है। अपनी शादी में अड़चन होती देखकर उसने उसकी बहन को साजिश रचकर जहर दे दिया है। उसकी बहन को अस्पताल में दाखिल करवाने के बाद आरोपी विपिन वहां से फरार हो गया।
उसके बाद वह उसका हालचाल पूछने भी नहीं आया। उसकी बहन का पर्स व उसका मोबाइल अभी तक नहीं मिल पाया है। सिटी थाना पुलिस ने आरोपी विपिन के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 328 के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मृतका की बहन के बयान के आधार पर मकान मालिक विपिन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपी विपिन पर उसकी बहन ने उसका प्रेमी होने व जहर देकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। -एसआई रचना, केस जांच अधिकारी, सिटी थाना, हिसार