एक ही दिन में पंजाब में चार लोगों ने की खुदकुशी, दर्दनाक है तीनों की कहानी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चोरी के आरोप में पिता को पुलिस ने गिरफ्तार किया तो परेशान बेटी ने आत्महत्या कर ली। घटना पंजाब के लुधियाना के विजय नगर की है। विजय नगर निवासी जानू (14) ने शुक्रवार को अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब उसके परिजन घर पहुंचे। सूचना मिलने के बाद थाना टिब्बा के इंचार्ज इंस्पेक्टर मोहम्मद जमील पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
थाना टिब्बा के इंचार्ज इंस्पेक्टर मोहम्मद जमील ने बताया कि जानू घरेलू काम करती थी। उसके पिता को करीब तीन सप्ताह पहले पुलिस ने चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। पिता के जेल जाने के बाद जानू खुद को अपमानित महसूस कर रही थी। उसके चुपचाप रहने पर परिजनों ने उसे पूछा भी था, लेकिन वह कुछ नहीं बोली। परिजनों ने उसे कहा था कि वह टेंशन न ले, सब ठीक हो जाएगा। शुक्रवार को जानू की मां कोर्ट में किसी काम के लिए गई थी। जानू के नाना बाहर बैठे थे। इसी दौरान जानू ने घर में ही फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। जब नाना उसे बुलाने के लिए गए तो अंदर जानू का शव लटकता देखा।
आर्थिक तंगी से परेशान युवती ने जान दी
दूसरी घटना भी लुधियाना की है। यहां, परिवार की आर्थिक तंगी से परेशान ढंढारी खुर्द निवासी प्रीति (18) ने शुक्रवार की दोपहर घर में फंदा लगाकर जान दे दी। थाना फोकल प्वाइंट के अधीन आती चौकी ढंढारी खुर्द की पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
चौकी ढंढारी खुर्द के इंचार्ज ने बताया कि प्रीति के परिजन मूल रुप से बिहार के जिला छपरा के रहने वाले हैं। प्रीति पहले छपरा में ही अपने दादा-दादी के पास रहती थी और वहीं पर पढ़ाई करती थी। कुछ दिन पहले वह दादा-दादी को छोड़कर अपने मां-बाप के पास आ गई। परिजन आर्थिक तौर पर काफी कमजोर थे। इससे वह परेशान हो गई।
परिजन रोजाना उसे घर अकेला छोड़ कर काम पर चले जाते थे। शुक्रवार की सुबह प्रीति के पिता शत्रुघन शर्मा और मां काम पर चली गई। प्रीति घर में अकेली थी। उसने दोपहर को कमरा अंदर से बंद किया और फंदा लगाकर जान दे दी। जब परिजन दोपहर को खाना खाने के लिए घर आए तो दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने किसी तरह से दरवाजा खोला तो अंदर प्रीति का शव लटकता रहा था। उनका शोर सुनकर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुरानी रंजिश के चलते व्यक्ति ने निगला जहरीला पदार्थ
वहीं गुरदासपुर में भी आत्महत्या का एक मामला प्रकाश में आया है। पुरानी रंजिश के चलते गत 2 अक्तूबर को गांव आलेचक्क निवासी बलविंदर मसीह पुत्र भगत मसीह ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। जिसे निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया था। बलविंदर मसीह की गुरुवार को मौत हो गई। जिसके बाद उसके परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने के कारण सिविल अस्पताल के बाहर धरना दिया।
मामले में मृतक के परिजनों का आरोप था कि पुरानी रंजिश में उनके पड़ोसी, गांव वाले तथा एक नायब तहसीलदार उन्हें गालियां देते तथा धमकाते थे, जिससे तंग आकर बलविंदर ने आत्महत्या की है। मृतक गुरदासपुर के एक स्कूल में ड्राइवर था। मामला गुरदासपुर के विधायक बरिंद्रमीत सिंह पाहड़ा के ध्यान में आने के बाद उन्होंने पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने का आश्वासन दिलाया। इस संबंध में पुलिस ने मृतक की बहन की शिकायत पर देर रात छह के खिलाफ मामला दर्ज किया।
विवाहिता ने पंखे पर लगाया फंदा
लुधियाना के माडल टाऊन के मनोहर नगर इलाके में रहने वाली परमिंदर कौर (27) ने शुक्रवार की सुबह घर में ही संदिग्ध हालात में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। घटना का पता उस समय चला जब पति काम पर जाने के लिए नींद से जागा। वह फंदे से पत्नी को नीचे उतार कर पास के निजी अस्पताल ले गया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद थाना माडल टाऊन की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
जांच अधिकारी एएसआई मलकीत सिंह ने बताया कि परमिंदर कौर का पति सुखबीर सिंह सब्जी मंडी में काम करता है। वह रोजाना सुबह साढ़े चार बजे काम पर निकल जाता है। सुखबीर सुबह चार बजे नींद से जागा तो उसकी पत्नी बेड पर नहीं थी। उसने कमरे की लाइट जलाई तो पत्नी का शव लटक रहा था। उसे नीचे उतार कर अस्पताल ले गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एएसआई के मुताबिक परमिंदर कौर के परिजनों के बयान ले लिए गए है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद आगे की जांच की जाएगी।