हरियाणा: बदमाशों ने फैक्ट्री मालिक से 11 लाख रुपये लूटे फिर कार में जिंदा जला दिया
हरियाणा के हिसार जिले में एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां भाटला से महजत रोड पर मंगलवार देर रात बदमाशों ने एक फैक्ट्री मालिक से 11 लाख रुपये लूटकर उसे कार में ही जिंदा जला दिया। मृतक की पहचान डाटा गांव निवासी 35 वर्षीय राममेहर के रूप में हुई। बदमाश वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के समय राममेहर अपनी गाड़ी में सवार होकर हिसार से अपने गांव डाटा जा रहा था। जब वह भाटला से महजत रोड पर था तो दो बाइक और एक कार सवार बदमाश उसका पीछा करने लगे।
राममेहर को शक हुआ तो उसने फोन कर अपने भांजे से कहा कि बदमाश उसके पीछे लगे हुए हैं, वे उससे रुपये छीन लेंगे और मार देंगे। जल्द से जल्द उसके पास पहुंचकर उसे बचाएं लेकिन जब तक परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे तब गाड़ी जल रही थी। पुलिस ने गाड़ी से राममेहर को जली हुई हालत में निकाला तो उसकी मौत हो चुकी थी।
भुगतान करने आया था हिसार
पुलिस को दी शिकायत में मृतक राममेहर के चचेरे भाई अमित ने कहा कि राममेहर पुत्र टेकराम को किसी को भुगतान करना था। मंगलवार को दिन में उसने अपने भांजे से 9 लाख 90 हजार रुपये लिए थे, जो उसने बैंक से निकलवा कर दिए थे। एक लाख रुपये उसने अपने एक अन्य रिश्तेदार से लिए। भुगतान के सिलसिले में वह शाम को हिसार गया था।
रात 11 बजे वह करीब 11 लाख रुपये लेकर हिसार से अपने घर डाटा गांव जा रहा था। उसने बताया कि रात को राममेहर ने अपने परिजन को करीब साढ़े 11 बजे फोन पर बताया कि बदमाशों ने उसे घेर लिया है। दो बाइक व एक कार उसका पीछा कर रही हैं और उसके पास गाड़ी में 11 लाख रुपये हैं। वे जल्दी से जल्दी भाटला से महजत रोड पर पहुंचे।
परिजनों के पहुंचने से पहले जल चुका था
सूचना मिलने के बाद जैसे ही पुलिस करीब 12:05 बजे मौके पर पहुंची तो गाड़ी में आग की लपटें निकल रही थीं और गाड़ी लगभग जल चुकी थी। किसी तरह उसमें से राममेहर को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों के अनुसार मृतक राममेहर विवाहित था और उसके तीन बच्चे हैं। उसकी हांसी में नेहरू कॉलेज रोड पर झंडे वाला मंदिर के पास डिस्पोजल की फैक्ट्री है।
बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है
मृतक के भाई अमित की शिकायत पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 396 व 201 के तहत अज्ञात के खिलाफ हत्या व लूटपाट का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। - कश्मीरी लाल, प्रभारी, सदर थाना, हांसी।