हरियाणाः अलग-अलग सड़क हादसे में वकील व छात्र समेत तीन लोगों की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। पहली घटना रेवाड़ी की है। यहां के राव अभयसिंह चौक और दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धारूहेड़ा की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास सड़क हादसों में छात्र सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली घटना बुधवार शाम को शहर के राव अभयसिंह चौक पर हुई। बुधवार शाम को रोडवेज बस में चढ़ते समय पॉलिटेक्निक के छात्र का पैर फिसलने से बस के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार गांव बुडानी निवासी करीब 19 वर्षीय तनुज लिसान स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था। शाम करीब साढे पांच बजे वह गांव के लिए धारूहेड़ा के राव अभय सिंह चौक पर बस के आगे वाले दरवाजे से चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन उसका पैर फिसल गया, जिससे वह बस के पिछले पहिए के नीचे आ गया।
छात्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
बाइक सवार की मौत
धारूहेड़ा में दिल्ली-जयपुर हाइवे पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निकट फ्लाईओवर पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय जिला महेंद्रगढ़ के दुबलाना गांव निवासी युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात को जिला महेंद्रगढ़ के थाना नारनौल सदर क्षेत्र के गांव दुबलाना निवासी संदीप कुमार बाइक से अपनी कंपनी से लौट रहा था। इसी दौरान फ्लाईओवर पर उसको किसी अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी।
कैंटर और कार की टक्कर में युवा अधिवक्ता की मौत
भिवानी के कितलाना और पैंतावास गांव के बीच कार और कैंटर की टक्कर में युवा अधिवक्ता की मौत हो गई। लोहारू क्षेत्र के गांव बड़दू चैना निवासी युवा अधिवक्ता दादरी कोर्ट जा रहा था। हादसे के बाद कैंटर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसा बुधवार को हुआ। गांव बड़दू चैना निवासी युवा अधिवक्ता सुरेंद्र (26) अपनी कार से दादरी कोर्ट जा रहा था। कितलाना गांव से जब वह पैंतावास की ओर चला था तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार कैंटर ने कार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर हालत में उसे कार से निकाल उपचार के लिए भिवानी इमरजेंसी ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।