नाबालिग पोते ने की वारदात : क्राइम सीरियल देख दादी को मारा फिर आग लगा दी, वजह जान रह जाएंगे हैरान
पहले वृद्धा के सिर पर रॉड मारी फिर तेल डालकर बिस्तर पर ही आग लगा दी। इसके बाद उसने खुद के हाथ पैर बांध लिए और बेड के बॉक्स में घुस कर माता-पिता को फोन किया। उसने माता-पिता को घर में कुछ लोगों के घुसने की कहानी सुनाई और जल्द आने को कहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दादी के टोकने से नाराज 16 वर्षीय पोते ने टीवी पर क्राइम सीरियल देख पहले योजना बनाई फिर मार डाला। उसने पहले वृद्धा के सिर पर रॉड मारी फिर तेल डालकर बिस्तर पर ही आग लगा दी। इसके बाद उसने खुद के हाथ पैर बांध लिए और बेड के बॉक्स में घुस कर माता-पिता को फोन किया। उसने माता-पिता को घर में कुछ लोगों के घुसने की कहानी सुनाई और जल्द आने को कहा। पुलिस ने शक होने पर जब पोते से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा राज खोल दिया। मामला पंजाब के होशियारपुर जिले का है।
एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि थाना हरियाना से उन्हें शिकायत मिली थी। शिकायत में व्यक्ति ने कहा कि उनकी 83 साल की मां दाहिनी जांघ की हड्डी टूटने की वजह से साढ़े तीन महीने से बिस्तर पर थीं। 12 अप्रैल को ड्यूटी से घर लौटने के बाद वह अपनी पत्नी के साथ स्कूटर से हरियाना खरीदारी करने चले गए।
लौटते वक्त उनके बेटे का फोन आया कि जल्दी घर आइए क्योंकि घर में कुछ लोग घुस आए हैं। वह तुरंत घर पहुंचे। उन्होंने पत्नी को पड़ोसी के घर के बाहर उतारा। घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। छोटे गेट से दाखिल होकर अंदर का दरवाजा खोला। वहां देखा कि उनकी मां के कमरे में आग लगी थी और उनका बिस्तर जल रहा था। उनका बेटा दूसरे कमरे से चिल्ला रहा था।
घर के एक दरवाजे पर ताला लगा था जबकि दूसरा भीतर से बंद था। वे ताला तोड़कर भीतर घुसे तो देखा कि उनका बेटा बेड बॉक्स में पड़ा था और उसके हाथ और पैर दुपट्टे से बंधे थे। बेटे ने बताया कि घर में सीढ़ियों की ओर से चार लोग घुसे थे। उन्होंने उसके हाथ-पैर बांधे और बेड बॉक्स में फेंक दिया। इसके बाद दादी के कमरे में आग लगा दी।
एसएसपी ने बताया कि उन्होंने मामले की जांच के लिए पुलिस कप्तान (जांच) रविंदरपाल सिंह संधू, डीएसपी ग्रामीण गुरप्रीत सिंह और एसएचओ हरियाना हरगुरदेव सिंह पर आधारित एक टीम तैनात की। टीम को जांच के दौरान मृतका के पोते के बयान और मौके की परिस्थितियों में सामंजस्य नहीं दिखा। घर के बाहर लगे ताले की चाबी भी भीतर से ही बरामद हुई।
शक के आधार पर पोते से गहन पूछताछ की गई तो वह टूट गया और उसने सच उगल दिया। उसने बताया कि उसकी दादी उससे बुरी तरह से बात करती थी। वह दादी से परेशान था और उसे मारने के बारे में सोचता रहा। उसने दादी को मारने के बाद खुद के हाथ पैर बांधकर बेड बॉक्स में बंद कर लिया। खुलासे के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में इस्तेमाल रॉड, तेल की बोतल और माचिस बरामद कर ली है।