आर्मी कैंटीन का होलोग्राम लगाकर बेची जा रही थी शराब, 24 हजार बोतलों सहित 11 गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रोहतक एसटीएफ ने आर्मी कैंटीन का होलोग्राम लगाकर नकली शराब बेचने वाले गिरोह का भंड़ाफोड़ किया है। सूचना मिलने पर माजरा गांव में छापेमारी कर खाली पड़े प्लॉट से एसटीएफ व पुलिस ने पंजाब से लाई गई नकली शराब की 24 हजार बोतलों के साथ 11 लोगों को गिरफ्तार किया हे।
दो हजार शराब की पेटियों की कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने कैंटर और दो टाटा 709 को जब्त किया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी हरियाणा के विभिन्न स्थानों पर शराब की सप्लाई करते थे।
एसटीएफ इंस्पेक्टर संदीप धनखड़ और एएसआई तेजबीर सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र के माजरा गांव स्थित खाली पड़े प्लॉट में नकली शराब तैयार की जा रही है। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे तो कैंटर से शराब की 2 हजार पेटियां बरामद की गई। जिन पर आर्मी कैंटीन का होलोग्राम लगाते गिरोह के सरगना बोहर गांव निवासी सुरेश समेत 11 लोगों को पकड़ा।
आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि करीब एक साल से पंजाब से नकली शराब की तस्करी कर लाते थे। आर्मी कैंटीन का होलोग्राम लगाकर रोहतक के अलावा सोनीपत, पानीपत, जींद, कुरुक्षेत्र, झज्जर, कैथल, फतेहाबाद समेत विभिन्न स्थानों पर भेजा जाता था।
जींद चुनाव में बांटने को तैयार नहीं की जा रही थी शराब
एसटीफ को आशंका है कि बरामद शराब को जींद चुनाव में भी बांटने की आशंका है। हालांकि एसटीएफ ने कहा कि अभी तक की पूछताछ में जींद चुनाव में शराब बांटने की बात आरोपियों ने स्वीकार नहीं की है। टीम में इंस्पेक्टर संदीप धनखड़, एएसआई तेजवीर सिंह, गोरखा मलिक, एएसआई सज्जन सिंह, सिपाही सुरेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार शामिल रहे।
700 रुपये में पेटी लेकर 4 हजार में बेचते थे
आर्मी कैंटीन का होलोग्राम लगाकर नकली शराब को आर्डर पर हरियाणा के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भेजा जा रहा था। एसटीएफ सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने बताया कि करीब एक साल से पंजाब के चार लोग नकली शराब को हरियाणा भिजवा रहे थे। एक पेटी करीब 700 रुपये में मिलती थी, जिसे आर्मी कैंटीन का होलोग्राम लगाकर चार हजार तक में बेचा जाता था।
मोबाइल पर ऑर्डर मिलते ही कैंटर के माध्यम से शराब को भिजवाया जाता था। गिरोह में अन्य लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। एसटीएफ ने बताया कि शराब की खरीदारी करने वाले भी दस से अधिक लोग हरियाणा, बिहार के चिह्नित किये गए हैं। सभी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।