फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Crime is increasing in Haryana issue in Assembly Elections

Haryana Assembly Election: मेडलों की धरती पर रोज हो रही धायं-धायं, कानून-व्यवस्था सबसे बड़ा मुद्दा

Sat, 24 Aug 2024 02:53 PM IST
निवेदिता वर्मा कुलदीप शुक्ला, अमर उजाला, चंडीगढ़
कुलदीप शुक्ला, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: निवेदिता वर्मा Updated Sat, 24 Aug 2024 02:53 PM IST
सार

विदेश में बैठे गैंगस्टर और उनके गुर्गे हरियाणा में व्यापारी, कारोबारी व विधायकों को फोन कररे खुलेआम रंगदारी वसूल रहे हैं और दिनदहाड़े गोलियां मारने के बाद सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी ले रहे है। सलमान खान के घर फायरिंग, पंजाब के गायक सिद्धू मूसेवाला व राजस्थान में करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या में हरियाणा के गैंगस्टर शामिल थे।

विज्ञापन
Crime is increasing in Haryana issue in Assembly Elections
हरियाणा में बढ़ रहा अपराध - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विश्वस्तर पर खेलों में देश का परचम बुलंद कर वाली मेडलों की धरती हरियाणा में अपराध की गूंज साल-दर-साल बढ़ती जा रही है। राज्य में महिलाओं से अपराध, हत्या, लूट, डकैती के साथ-साथ पंजाब और दिल्ली-एनसीआर की तर्ज पर गैंगस्टर और रंगदारी की दहशत फैली हुई है। इसी कारण दूध-दही, पहलवान और खिलाड़ियों के लिए मशहूर हरियाणा की गिनती जघन्य अपराधों वाले राज्यों में भी होती है। 

विज्ञापन


पिछले पांच माह में प्रदेश में अवैध हथियारों से फायरिंग की वारदातों में भी तेजी से वृद्धि ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बेकाबू हुए अपराध के इस ग्राफ ने सियासी पारा चढ़ाया हुआ है और विधानसभा चुनाव में यह बड़ा मुद्दा भी बन रहा है। विपक्षी दल कांग्रेस, इनेलो, जजपा समेत आम आदमी पार्टी पूरी तैयारी के साथ भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सैनी सरकार पर हमला बोल रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा तो अपने भाषणों में कांग्रेस की सरकार आने पर अपराधमुक्त राज्य बनाने का वादा भी करने लगे हैं। वहीं, जजपा व इनेलो क्रमश: अपने नेताओं रवींद्र सैनी व नफे सिंह राठी की हत्या को मुद्दा बनाने में जुटी हैं। दूसरी ओर भाजपा का दावा है कि उनकी सरकार आने पर अपराध में कमी आई है। दर्जनों गैंगस्टरों को पकड़ा गया है।

विज्ञापन

रंगदारी : व्यापारियों में दहशत, विधायक तक नहीं बच पाए

पिछले कुछ समय से व्यापारियों से रंगदारी मांगने का चलन काफी बढ़ गया है। इससे व्यापारी वर्ग दहशत में हैं। महेंद्रगढ़ जिले में इसी सप्ताह 24 घंटे के अंतराल में दो दुकानों पर रंगदारी नहीं देने पर फायरिंग की गई। इसी दौरान जींद के नरवाना में भी एक करोड़ रुपये नहीं देने पर केमिस्ट शॉप में आग लगा दी गई। इससे पहले, पांच जुलाई को भी नरवाना में ही एक व्यापारी से 25 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। अकेले जून में 10 से बड़ी घटनाएं हुईं। विधायक भी इससे अछूते नहीं रहे हैं। जुलाई 2022 में हरियाणा के छह विधायकों को विदेश से जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगी गई थी।
इनमें सत्ताधारी विधायक भी शामिल थे। विधायक रेणुबाला, सुरेंद्र पंवार, कंवर संजय सिंह, सुभाष गांगोली, कुलदीप वत्स, मामन खान और कुलदीप वत्स के गनमैनों को एके 47 दी गई थी। इनमें से पांच को दुबई से अंतरराष्ट्रीय फोन नंबरों से धमकी भी मिली थीं।

इस साल रंगदारी की बड़ी घटनाएं, जून में सबसे ज्यादा

करनाल: 23 जून : इमिग्रेशन सेंटर के मालिक की कार पर फायरिंग कर एक करोड़ की रंगदारी मांगी।
हिसार : 25 जून: एशिया की सबसे बड़ी ऑटो मार्केट में तीन बदमाशों ने दोपहर करीब सवा तीन बजे इनेलो नेता व महिंद्रा शोरूम के मालिक रामभगत गुप्ता से पांच करोड़ की रंगदारी मांगी थी। बदमाशों ने आधुनिक हथियारों से एक मिनट के अंदर 35 से ज्यादा राउंड फायर किए।
खरखौदा : 17 जून : खरखौदा आईएमटी में संचालित एकमात्र कंपनी नीलगिरी के मालिक से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
जींद : 16 जून : जुलाना के गांव फतेहगढ़ के पूर्व सरपंच श्रीनिवास से 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी।
बहादुरगढ़ : 4 जून : नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष व गणपति धाम के प्रधान अशोक गुप्ता को व्हाट्सएप कॉल कर गैंगस्टर नंदू ने 2 करोड़ की रंगदारी मांगी। इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रहे नफे सिंह राठी जैसा हाल करने की धमकी दी गई।
कैथल : 28 मई : मूसा भाई गैंग के नाम पर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर पूंडरी के एक व्यक्ति से 10 लाख की रंगदारी मांगी गई। इसके अलावा एक अन्य दुकान पर तीन नकाबपोशों ने फायरिंग कर 20 लाख की रंगदारी मांगी गई थी।
सांपला : 7 फरवरी : सीताराम हलवाई से भाऊ गैंग के नाम पर तीन युवकों ने 1 करोड़ की रंगदारी मांगी थी। तीन युवक गिरफ्तार हैं।
सोनीपत : 21 जनवरी : बहुचर्चित मातूराम हलवाई की दुकान पर गोलियां बरसाकर 2 करोड़ की रंगदारी मांगी गई। पुलिस भाऊ गैंग की धरपकड़ में लगी है, आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

गैगस्टर कल्चर : दर्जन भर गैंग सक्रिय, सरेआम हत्याएं कर रहे

पड़ोसी राज्य पंजाब की तर्ज पर विदेश में बैठकर गैंग चलाने और सोशल मीडिया पर खुलेआम जिम्मेदारी लेने का ट्रेंड पिछले कुछ सालों में हरियाणा में खूब बढ़ा है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, संपत नेहरा, काला जठेड़ी, नीरज बवाना, राजू बिसौदी, भाऊ गैंग, गैंगस्टर लक्की पटियाल समेत अन्य के गैंग प्रदेश में सक्रिय हैं। ये बदमाश सिर्फ हरियाणा ही नहीं बल्कि आसपास के राज्य पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश में हत्या, रंगदारी, अपहरण, फायरिंग की वारदात को गुर्गों से अंजाम दिलवा रहे है। हरियाणा में 12 के करीब गैंग अभी सक्रिय हैं। इनमें एक नाम अशोक प्रधान का है,
जिसका गैंग झज्जर और दिल्ली में सक्रिय है। यह गैंग उत्तर भारत के सबसे बड़े कुख्यात बदमाश लॉरेंस बिश्नोई की गैंग में शामिल है। वहीं, झज्जर में आसौदा गैंग व काजू गैंग और सोनीपत में रामकरण व बिट्टू बरोणा गैंग भी सक्रिय है। रामकरण व बिट्टू गैंग में दुश्मनी लंबे समय से चली आ रही है। रामकरण ने बिट्टू गैंग के मुख्य बिट्टू बरोणा पर 20 मार्च को सोनीपत कोर्ट में फायरिंग करवा दी थी। बिट्टू को तीन गोलियां लगी थीं।

पिहोवा : 5 मई : कोल्डड्रिंक के होलसेल कारोबारी शुभम से रंगदारी मांगी। नहीं देने पर उसके भाई अमित की घर में घुसकर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई।
हांसी : 10 जुलाई : तीन बाइक सवारों ने जजपा नेता रवींद्र सैनी की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। सरकार पर सवाल खड़े होने पर सीएम नायब सैनी ने परिवार को एक करोड़ मुआवजा देने का एलान किया।
झज्जर : 5 मार्च : भूरावास गांव निवासी एसटीएफ जवान सतबीर की गोली मारकर हत्या।
बहादुरगढ़ : 25 फरवरी : इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व विधायक नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या की।
गुरुग्राम : 22 फरवरी : गुरुग्राम में घर के बाहर गैंगवार। टैक्सी चालक को गोलियों से भूना। हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली थी।
गुरुग्राम : 29 जनवरी : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर राजन की हत्या की गई।

विदेश से चला रहे गैंग

- सतविंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ कनाडा में बैठकर आतंक फैला रहा है।
- रोहतक का गैंगस्टर हिमांशू उर्फ भाऊ दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में सक्रिय है।
- गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा रोहिता गोदारा नकली पासपोर्ट पर विदेश भाग चुका है। वहीं से गैंग ऑपरेट कर रहा है।
-कपिल सांगवान उर्फ नंदू लॉरेंस बिश्नोई सिंडिकेट का हिस्सा है। पिछले साल भाजपा नेता सुरेंद्र मटियाला और हरियाणा के पूर्व विधायक नफे सिंह की हत्या की जिम्मेदारी इसी ने ली थी।
- अनमोल बिश्नोई लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई है। इसका नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद सामने आया था। अब अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग में भी इसका नाम सामने आया है। 2022 में फर्जी पासपोर्ट से विदेश भाग गया था।
- अक्षय गैंगस्टर नरेश सेठी का भतीजा है। यह भी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा हुआ है।
विज्ञापन

पुलिस कस रही शिकंजा...पर कार्रवाई धीमी

बीते कुछ महीनों से रंगदारी के लिए गोलियां चलवाने वाले कुख्यात गैंगस्टर काला खैरमपुरिया को हरियाणा एसटीएफ ने भारत सरकार की मदद से थाईलैंड से डिपोर्ट करवा गिरफ्तार किया। कुख्यात सुरेंद्र ग्योंग के भाई जोगेंद्र ग्योंग को भी विदेश से लाया गया है। इससे पहले, दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और सोनीपत एसटीएफ की संयुक्त टीम ने खरखौदा के गांव छिन्नौली में रात पौने नौ बजे भाऊ गैंग के तीन कुख्यात शूटरों को मार गिराया था। तीनों शूटर गोहाना के मातूराम हलवाई की दुकान पर फायरिंग, हिसार में महिंद्रा शोरूम पर फायरिंग और मुरथल के गुलशन ढाबे पर शराब कारोबारी सुंदर की हत्या में शामिल थे। तीनों पर 50 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट, डकैती, लूटपाट, झपटमारी, जबरन वसूली व ब्लैकमेल, दुष्कर्म, दहेज हत्या, छेड़छाड़, हत्या, पॉक्सो एक्ट, वाहन चोरी व अपहरण के मामलों में भी कमी आने का दावा किया है। उनका दावा है कि एसटीएफ ने 121 अति वांछित ईनामी बदमाश, 36 गैंगस्टर और गंभीर अपराधों में संलिप्त 264 अपराधियों को जेल पहुंचाया है।

आमने-सामने

हरियाणा में अपराध नॉन स्टॉप : हुड्डा
हरियाणा में अपराध नॉन स्टॉप हो गया है। बेलगाम अपराधियों ने कानून व्यवस्था ध्वस्त कर दी है। भाजपा सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह से विफल रही है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक महिलाओं के खिलाफ अपराध में हरियाणा देश में पहले नंबर पर पहुंच चुका है। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सबसे पहले अपराध मुक्त राज्य बनाएंगे। - भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व मुख्यमंत्री

अपराध में कमी आई है : आत्रेय

भाजपा की सरकार बनने के बाद हरियाणा में अपराध में कमी आई है। विदेश में बैठे कई अपराधियों को केंद्रीय गृह मंत्रालय और इंटरपोल की मदद से पकड़कर भारत लाया गया है। अपराध और अपराधियों के प्रति भाजपा सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई हुई है। भाजपा सरकार अपराधियों को खुलेआम घूमने नहीं देगी। - प्रवीन आत्रेय, भाजपा प्रवक्ता
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed