अमृतसर में आज खुदरा दुकानें खुलेंगी, पटियाला में शराब ठेके खुले, पठानकोट में होटल-रेस्टोरेंट कर सकेंगे होम डिलीवरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंत्री ओम प्रकाश सोनी व प्रशासनिक अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद अमृतसर के सभी खुदरा व्यापारियों को गुरुवार से सुबह साढ़े दस बजे से तीन बजे तक दुकानें खोलने की इजाजत दे दी गई है। लगभग 50 दिन बाद अमृतसर की दुकानों के शटर गुरुवार को खुलेंगे। निर्देश दिए गए हैं कि शहर की चौड़ी सड़कों पर स्थित दुकानें एक दिन दाएं तरफ व अगले दिन बाएं तरफ की खुलेंगी।
तंग व भीड़भाड़ वाले बाजारों और गलियों में स्थित खुदरा दुकानों को तीन जोन में बांटा गया है। इन इलाकों में एक दिन ‘ए’ जोन, दूसरे दिन ‘बी’ व एक दिन ‘सी’ जोन की दुकानें खुलेंगी। प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में शामिल सभी खुदरा व्यापारियों की एसोसिएशन के पदाधिकारियों को चेतावनी दी गई यदि उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर दुकानों के बाहर भीड़ इकट्ठा की तो सुविधा वापस ले ली जाएगी।
पुलिस कमिश्नर डॉ. सुखचैन सिंह ने कहा की सैलून, जिम, मॉल, स्पा, ब्यूटी पार्लर जैसी दुकानें खोलने की इजाजत नहीं होगी। दुकानों के बाहर भीड़ इकट्ठा न की जाए। डीसी शिवदुलार सिंह ढिल्लों ने कहा कि दुकानदार सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखें। दुकानदारों को यह ध्यान रखना होगा कि पहले जान फिर खुशहाली व बाद में व्यापार। इस अवसर पर पंजाब व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्यारा लाला सेठ, महामंत्री समीर जैन, धर्मवीर शरीन, रवि कांत व सुरिंदर दुग्गल अदि मौजूद थे।
पटियाला में शराब के ज्यादातर ठेके खुले
बुधवार को पटियाला में जिले के ज्यादातर ठेकेदारों ने शराब के ठेके खोल दिए। हालांकि कुछ ठेके अभी भी बंद पड़े हैं। जानकारी के मुताबिक शराब ठेकेदारों की प्रशासन के साथ हुई मीटिंग के बाद सरकार ने इनकी मांगों पर विचार के लिए एक कमेटी का गठन कर दिया है। यह कमेटी पिछले करीब 9 दिनों में इन ठेकेदारों को हुए नुकसान का आंकलन लगाकर रिपोर्ट सरकार को देगी।
वहीं एक्साइज इंस्पेक्टर पटियाला सतवंत सिंह टिवाना का कहना है कि विभाग ने तो पहले ही ठेकेदारों को ठेके खोलने के लिए कह दिया था। इनका आपसी कोई मसला था, जिस कारण वह लोग खुद ही ठेके नहीं खोल रहे थे। इसलिए अब जो ठेके रिन्यू और रीअलॉट हुए हैं, वह खोल दिए गए हैं।
ठेके खुलने का समय सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। होम डिलीवरी का विकल्प ठेकेदारों पर छोड़ दिया गया है। गौरतलब है कि कैप्टन सरकार ने 2020-21 की आबकारी नीति को मंजूरी दे दी है। हालांकि इस नीति में बदलाव को लेकर सूबे की सियासत काफी गर्माई हुई है। कांग्रेसी मंत्रियों व मुख्य सचिव कर्ण अवतार सिंह के बीच हुए आपसी मसले के बाद सीएम ने कर्ण अवतार सिंह को टैक्सेशन विभाग से हटा दिया है। जानकारी के मुताबिक होम डिलीवरी का विकल्प ठेकेदारों पर छोड़ दिया गया है।
पठानकोट: होटल-रेस्टोरेंट आज से कर सकेंगे होम डिलीवरी
पठानकोट प्रशासन ने गुरुवार से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को सशर्त खोलने की मंजूरी दे दी है। किसी भी ढाबा, रेस्टोरेंट या होटल में बैठकर खाना खिलाने की अनुमति नहीं होगी। सुबह 7 से शाम 7 बजे तक होटल और रेस्टोरेंट मालिक होम डिलीवरी कर सकेंगे। इसके लिए किसी पास की आवश्यकता नहीं होगी।
डीसी गुरप्रीत सिंह खेहरा ने ने कहा कि सभी ढाबा, होटल और रेस्टोरेंट मालिक रसोई में काम करने वाले और डिलीवरी या पैकिंग में जुटे पूरे स्टाफ की मेडिकल स्क्रीनिंग को सुनिश्चित करें और डिलीवरी वाहन को भी सैनिटाइज किया जाए। इसके अलावा मास्क और हैंड वॉश प्वाइंट बनाए जाएं। उन्होंने कहा कि जिस घर में ऑर्डर डिलीवर किया जाना है, वहां का पूरा रिकॉर्ड होटल, रेस्टोरेंट वालों के पास होना जरूरी है।
जालंधर: ऑड-ईवन से खुली फगवाड़ा गेट मार्केट की दुकानें
पंखे, कूलर व एसी की दुकानें खोलने के लिए डीसी वरिंदर शर्मा ने आदेश दिए थे। इस आदेश के बाद फगवाड़ा गेट मार्के में दुकानें खोलने का मामला उलझ गया था। बुधवार को पुलिस-प्रशासन के ऑड-ईवन पॉलिसी लागू करने से मामला सुलझ गया। इस मार्केट में बुधवार को दुकानें ऑड-ईवन के हिसाब से खोली गई। मार्केट के प्रधान अमित सहगल अन्य सदस्यों के साथ एडीसीपी सुडरविजी, थाना डिवीजन 3 के प्रभारी ने स्थिति का जायजा लिया और सभी दुकानदारों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के निर्देश दिए गए।