फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Covid 19, Coronavirus in Punjab Latest News Update Today: Death and pOsitive Cases

Coronavirus in Punjab: महामारी से संक्रमित दो और लोगों की मौत, 84 नए मरीज मिले

Thu, 07 May 2020 09:11 AM IST
खुशबू गोयल अमर उजाला, चंडीगढ़
अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: खुशबू गोयल Updated Thu, 07 May 2020 09:11 AM IST
विज्ञापन
Covid 19, Coronavirus in Punjab Latest News Update Today: Death and pOsitive Cases
सांकेतिक तस्वीर

पंजाब में कोरोना ने बुधवार को दो और लोगों की जान ले ली। इसके साथ ही राज्य में महामारी से मरने वालों की संख्या 27 हो गई है। वहीं बीते 24 घंटे के दौरान 84 नए मामले सामने आने के साथ ही राज्य में कोरोना पीड़ितों की संख्या 1526 के पार हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, बुधवार को पटियाला और जालंधर में 1-1 कोरोना पीड़ित की मौत हो गई।

विज्ञापन


दूसरी ओर अमृतसर और तरनतारन में बुधवार को बड़ी संख्या में पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। इसके साथ ही अमृतसर में कोरोना के अब तक कुल केसों की संख्या 267 और तरनतारन में 144 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में अब तक 32060 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 24303 लोगों के सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। 
विज्ञापन


वहीं, 6231 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 1364 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना पीड़ितों के जिलेवार आंकड़ों के अनुसार अमृतसर में 267, जालंधर में 135 ,लुधियाना में 124, तरनतारन में 103, मोहाली में 95, होशियारपुर में 89 ,पटियाला में 89, संगरूर में 93, नवांशहर में 85, गुरदासपुर में 85, मुक्तसर में 65, मोगा में 56, फरीदकोट में 45, फिरोजपुर में 44, फाजिल्का में 39, बठिंडा में 37, बरनाला में 20, पठानकोट में 27, मानसा में 19, फतेहगढ़ साहिब में 19, कपूरथला में 18 और रोपड़ में 16 कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए गए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

पटियाला में कोरोना से दूसरी मौत

जिले में कोरोना वायरस से दूसरी मौत का मामला सामने आया है। यह 39 साल का व्यक्ति है, जिसका कोविड टेस्ट मौत के बाद पॉजिटिव पाया गया है। सेहत विभाग ने परिवार के चार सदस्यों को कवारंटीन कर दिया है। जल्द ही इन सभी के सैंपल लिए जाएंगे। सिविल सर्जन डा. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि पटियाला के अमन नगर का रहने वाला अमरजीत सिंह (39) पिछले कुछ दिनों से बीमार था।

उसने इस संबंधी सेहत विभाग को सूचित नहीं किया। मंगलवार दोपहर को उसे सरकारी माता कौशल्या अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जब लाश को सरकारी राजिंदरा अस्पताल में ले जाया गया, तो वहां परिवार वालों की मांग पर अमरजीत सिंह का कोविड संबंधी सैंपल लिया गया, जिसकी रिपोर्ट बुधवार सुबह पॉजिटिव पाई गई है।

इस पर सेहत विभाग हरकत में आया और मृतक के परिवार के चार सदस्यों को कवारंटीन किया गया। इनमें उसकी पत्नी, दो बच्चे और मां शामिल है। सेहत विभाग के डा. सुमित सिंह ने बताया कि इन चारों के कोविड 19 जांच संबंधी सैंपल जल्द लिए जाएंगे। साथ ही बताया कि मरने वाला अमरजीत सिंह एक प्राइवेट स्कूल में क्लर्क था और उसके और भी नजदीकी संपर्कों को ट्रेस किया जा रहा है, ताकि यह महामारी न फैले।इससे पहले जिले के राजपुरा की  60 साल की महिला की कोरोना के कारण मौत हो गई थी।

कोरोना संक्रमित मरीज ने पीजीआई में दम तोड़ा, जालंधर में पांचवीं मौत

शहर में बुधवार सुबह कोरोना से एक मरीज की मौत हो गई। यह मरीज पीजीआई में उपचाराधीन था। जिले में कोरोना से होने वाली यह पांचवीं मौत है। काजी मोहल्ला के मरीज नरेश चावला ने उपचार के दौरान पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। नरेश चावला किडनी रोग से ग्रस्त थे। उनका जालंधर के अस्पताल में डायलिसिस भी हुआ था। बाद में उनको किडनी का रोग बढ़ता गया तो पीजीआई शिफ्ट किया गया था। पीजीआई में नरेश चावला का टेस्ट हुआ तो कोरोना से संक्रमित पाया गया।

नरेश चावला के संपर्क की चेन को खोजा गया तो कई कोरोना से संक्रमित पाये जा चुके हैं। उनके संपर्क में आने वाला मिशन अस्पताल का एक कर्मचारी भी बुधवार को कोरोना से ग्रस्त पाया गया है। मिशन अस्पताल का स्टाफ व चिकित्सक विभाग ने क्वारंटीन कर रखे हैं। सेहत विभाग की तरफ से कोरोना से संक्रमित पाये गए कर्मचारी के संपर्क की तलाश की जा रही है। उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। जालंधर में अब 137 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं, जिसमें से 12 ठीक होकर घर जा चुके हैं।

बठिंडा: राजस्थान से लेबर के साथ लौटी आठ वर्षीय बच्ची संक्रमित
 राजस्थान से वापस पंजाब लौटी लेबर के साथ आई आठ वर्षीय बच्ची कोरोना संक्रमित पाई गई। जो पहले से ही क्वारंटीन केंद्र में आइसोलेट थी। बुधवार को कोरोना से पीड़ित लोगों की कुल संख्या 37 हो गई। सिविल सर्जन अमरीक सिंह संधू ने बताया कि गत दिनों सरकार के आदेशों पर राजस्थान में कोरोना कर्फयू दौरान फंसी पंजाबी लेबर को बसों के जरीए वापिस लाया गया था।

उन्होंने बताया कि वापिस आई लेबर एवं उनके बच्चों को तुरंत क्वारंटीन केंदर में आइसोलेट कर दिया गया था। सिविल सर्जन ने बताया कि लेबर एवं उनके साथ आए बच्चों के भी सैंपल ले लिए गए थे। उन्होंने बताया कि गत दिनों लिए गए सैंपलों में से 156 निगेटिव आए, जबकि बच्ची की रिपोर्ट पाजिटिव पाई गई। डीसी बी श्रीनिवासन ने कहा कि अभी तक जिन 37 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वो सभी लोग तब से ही एकांतवास में है, जब से उन्हें वापस लाया गया था।

संगरूर में 11 नए मामले, डॉक्टर भी संक्रमित

संगरूर में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार देर रात जारी लिस्ट में 11 नए मामले सामने आए। 11 नए मामलों के बाद पॉजिटिव मामलों की संख्या 93 हो गई है। दूसरी तरफ कोरोना पॉजिटिव डॉक्टर ने एक वीडियो वायरल कर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग पर आरोप लगाया कि सिविल अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में कोई सुविधा नहीं है। उन्होंने बताया कि वह गुजरात में पिछले डेढ़ माह से फ्रंटलाइन पर ड्यूटी निभा रहे थे और जब यहां आए तो टेस्ट करने के बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिस जगह उन्हें रखा गया है, वहां गंदगी का बुरा हाल है।

बाथरूम से बदबू आ रही है। यहां दिए जाने वाला खाना भी ठीक नहीं है। इसके अलावा रात के समय मच्छर इतने ज्यादा है कि सो पाना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि चलो कोरोना पॉजिटिव आ गया लेकिन उसके साथ यहां चार नई बीमारियां लगने का भी डर है। उन्होंने सरकार और विभाग से मांग की कि उन्हें बेहतर जगह पर रखा जाए, यदि ऐसा नहीं हो पाता तो उन्हें अपने घर पर आइसोलेट होने की अनुमति दी जाए। क्योंकि वह एक डॉक्टर है और अपना ध्यान रख सकते हैं। उधर, आइसोलेट किए डॉक्टर द्वारा लगाए आरोपों का जवाब देते सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार ने कहा कि पीड़ित डॉक्टर को अलग से कमरा दे दिया गया है। कमरे में एलईडी सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवा दी गई है और उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी।

अबोहर में एक और श्रद्धालु संक्रमित
श्री नांदेड़ साहिब से आए श्रद्धालुओं में से कोरोना संक्रमित आने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को एक और श्रद्धालु संक्रमित पाया गया। यह जानकारी जिला सिविल सर्जन डॉ. हरचंद सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि अब जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 39 हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पूरे जिले से अब तक 1634 लोगों की रिपोर्ट भेजी जा चुकी है, जिसमें 39 पॉजिटिव और 608 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है, जबकि 987 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है। 

होशियारपुर: एक पॉजिटिव मिलने के बाद भुंबोताड़ सील

होशियारपुर के ब्लाक तलवाड़ा के अंतर्गत पड़ते गांव भुम्बोताड़ में कोरोना का एक पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद सर्वे शुरू कर दिया गया है। यह शख्स हिमाचल के सोलन में स्थित नालागढ़ के बद्दी में किसी फैक्टरी में कार्यरत था और वहां से अपने निजी वाहन पर सवार होकर अपने गांव भुंबोताड़ लौटा था।

व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद उसे पीएचसी हाजीपुर की टीम ने सिविल अस्पताल दसूहा में भर्ती कराया। सिविल सर्जन होशियारपुर ने पूरे गांव में सर्वे के आदेश दिए गए। उन्होंने बताया है कि पीएचसी हाजीपुर के डॉ. हरविंदर सिंह ने स्वास्थ्य विभाग की 8 टीमों का गठन कर के पूरे गांव भुंबोताड़ का हेल्थ सर्वे करके पॉजिटिव संपर्कों की तलाश शुरू कर दी गई।

वहीं, सिविल सर्जन डॉ. जसवीर सिंह ने बताया कि बुधवार को 52 रिपोर्ट प्राप्त हुईं, जिनमें से एक पॉजिटिव केस आया। जिले में 89 पॉजिटिव केस हो गए हैं, जिनमें से इस वक्त 81 एक्टिव केस हैं। उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 6 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं व दो मरीजों की मौत हो चुकी है।

फिरोजपुर में 3 श्रद्धालु कोरोना पॉजिटिव  

फिरोजपुर पहुंचे 3 श्रद्धालुओं की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अब तक फिरोजपुर में कोरोना के 44 केस सामने आ चुके हैं। इनमें से एक ठीक हो चुका है और एक की मौत हो चुकी है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को सोढ़ी नगर, तख्तूवाला व लोहगढ़ में क्वारंटीन किए गए लोगों के कोरोना से संबंधित सैंपल लेना शुरू कर दिया है। डीसी कुलवंत सिंह ने बताया कि फिरोजपुर में चालीस कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोढ़ी नगर, तख्तूवाला व लोहगढ़ में क्वारंटीन किए गए लोगों के कोरोना संबंधी सैंपल लेना शुरू कर दिए हैं। 

गुरदासपुर में ड्राइवर समेत तीन श्रद्धालु संक्रमित मिले
चार और श्रद्धालु पॉजिटिव आने के साथ गुरदासपुर का आंकड़ा 89 पर पहुंच गया है। चार मरीजों में तीन श्री हजूर साहिब से लौटे थे और एक उन्हें लेकर आने वाला पंजाब रोडवेज का ड्राइवर है। उक्त दीनानगर तथा डेरा बाबा नानक हलके से संबंधित है। अब तक जिले में कुल 1608 सैंपल लिए गए हैं, जिसमें से 1176 निगेटिव आए हैं और 343 के नतीजे पेंडिंग हैं। 

अमृतसर में  41 नए केस
महाराष्ट्र से आए श्रद्धालुओं में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को भी 41 श्रद्धालु कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके साथ ही अमृतसर में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 267 पहुंच गई है। पॉजिटिव मरीजों की संख्या सर्वाधिक पॉजिटिव मरीजों की संख्या के साथ अमृतसर नंबर वन है और रेड जोन में पहुंच चुका है।

दरअसल, श्री हजूर साहिब से आए 623 श्रद्धालुओं में से अब तक 548 की जांच हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन पॉजिटिव केसों में 253 श्री हुजूर साहिब से संबंधित हैं। हालांकि विभाग का दावा यह भी है कि सभी श्रद्धालु ए सिम्टोमेटिक हैं, जिन्हें खांसी-जुकाम बुखार की शिकायत नहीं। सिर्फ वायरस इनके शरीर में प्रवेश कर गया है। इन्हें तो होम क्वारंटीन भी कर दिया जाए तो ये ठीक हो सकते हैं। 

फतेहगढ़ साहिब में कोरोना का नया केस

फतेहगढ़ साहिब में कोरोना का नया केस आया है। जिसमें अब कुल मरीजों की संख्या 19 हो गई है। जिनमें दो महिलाएं ठीक होकर घर को चलीं गई हैं। सिविल सर्जन डॉ. एनके अग्रवाल ने बताया कि कोविड-19 का नया केस सरहिंद के आदर्श नगर निवासी का है, जोकि बाहरी राज्य में कंबाइन से गेहूं काटकर लौटा था। जिसका सैंपल लिया गया और वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। जिले में कुल मरीजों की संख्या 18 हो गई है।

मानसा में आए दो नए कोरोना पॉजिटिव 
राजस्थान व हरियाणा से आए 2 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मानसा में अब कोरोना पीड़ितों की संख्या 15 हो गई है। इनमें से 9 व्यक्ति जमातियों से संबंधित है, 4 व्यक्ति श्री हजूर साहिब से लौटे श्रद्धालु है। नए दो मरीजों में एक महिला व एक पुरुष है। एसएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्होंने बताया कि सिविल अस्पताल से अभी तक 4 व्यक्तियों को ठीक होने के बाद छुट्टी देकर घर भेजा जा चुका है।

मोगा में 17 नए केस आए सामने
मोगा में करोना वॉयरस की लड़ी लगातार बढ़ती ही जा रही है। मंगलवार को मोगा में 10 नए करोना पीड़ित मरीजों की पुष्टि हुई थी। इसके बाद बुधवार की सुबह फिर से 17 नए लोगों की करोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। जिसके बाद जिले में अब तक करोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 55 आंकी गई है।

इसकी पुष्टि करते सहायक सिविल सर्जन डाक्टर जसवंत सिंह ने बताया कि वीरवार की सुबह पॉजिटिव आने वाले 17 मरीजों में से तीन मरीज गांव दौलेवाला, एक गांव राऊके, एक संगतपुरा, एक ढुडीके, तीन चूहड़चक्क, दो ठठी भाई, एक गांव मंदर, एक समाध भाई व दो अन्य गांवों से संबंधित है। वहीं इनमें से एक मरीज मोगा शहर के मोहल्ला लाहौरियां वाला का रहने वाला है। मरीजों की पुष्टि होने के बाद सेहत विभाग ने सभी पीड़ित मरीजों के परिवारों को उनके घरों में क्वारंटीन करने के बाद उनके सैंपल जुटाने शुरू कर दिए हैं।

मुक्तसर से भागा कोरोना पाजिटिव युवक पहुंचा तरनतारन, केस दर्ज

मुक्तसर के बठिंडा रोड का कोरोना पॉजिटिव आया युवक मंगलवार देर शाम घर से भाग निकला। जिससे स्वास्थ्य विभाग व पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। पुलिस को उसका मोटरसाइकिल उसके पैतृक गांव खोखर से बरामद हुआ। जबकि युवक मिला तो कई जिले दूर तरनतारन स्थित न निहाल घर से। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने तरनतारन से युवक को मुक्तसर लाकर सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में आइसोलेट कर दिया है। युवक पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। शहर के बठिंडा रोड पर रहने वाले करीब 19 वर्षीय एक युवक को खांसी व जुकाम के कारण गत दिनों उसके सेंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे।

मंगलवार को आई उसकी रिपोर्ट में उसे कोरोना पाजिटिव आ गया। ये बात जब परिजनों से होते हुए युवक तक पहुंची तो युवक अस्पताल में जाने के डर से घबराहट में आकर घर से भाग गया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने देर रात युवक की तलाश शुरु कर दी। आखिर युवक के पैतृक गांव खोखर से पुलिस को उसका मोटरसाइकिल बरामद हुआ। अब सवाल ये था कि आखिर युवक कहां गया। पुलिस ने जब युवक के परिजनों पर कुछ दबाव बनाया तो उन्होंने बताया कि तरनतारन युवक का ननिहाल है। वहां से रिश्तेदार उसे गांव खोखर से अपने साथ ही ले गए हैं।

इस पर पुलिस ने रातोंरात तरनतारन जाकर युवक को वहां से मुक्तसर सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में आइसोलेट करवा दिया। इस मामले में जहां परिजनों व युवक की लापरवाही तो सामने आ ही रही है, वहीं पुलिस प्रशासन पर भी सवालिया निशान खड़ा हो गया है। आखिर इतने कई जिले लांघकर युवक के ननिहाल से आए रिश्तेदार उसे कैसे तरनतारन ले गए। क्या रास्ते में कहीं भी पुलिस ने उन्हें जांच के लिए नहीं रोका। यह सोचने वाली बात है। थाना सिटी पुलिस ने युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।

मुक्तसर में एक और आया पाजिटिव, कुल संख्या हुई 65
बुधवार को आई 23 लोगों की रिपोर्ट में मुक्तसर का एक और व्यक्ति कोरोना पाजिटिव निकल आया है। ऐसे में अब मुक्तसर जिले में कोरोना पाजिटिव की संख्या बढ़कर 65 हो गई है। वहीं प्रशासन ने संधू अस्पताल के कुछ स्टाफ को क्वारंटाइन होने के निर्देश भी दिए हैं। बता दें कि बीते दिनों गांव होडक का पाजिटिव आया व्यक्ति इस अस्पताल से इलाज करवा रहा था। प्रशासन ने अस्पताल के स्टाफ के उन सभी मुलाजिमों को क्वारंटीन होने के निर्देश दिए हैं, जो उसका इलाज करने के चलते संपर्क में आए थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed