चंडीगढ़: सेक्टर-51 में खुला निगम का पहला पेट्रोल पंप, हर वर्ष दो करोड़ के मुनाफे की उम्मीद
प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने गुरुवार को सेक्टर-51 में नगर निगम के पहले पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया। इस मौके पर महापौर राजबाला मलिक व कमिश्नर केके यादव ने कहा कि जल्द ही पंप पर सीएनजी की सुविधा भी शुरू करेंगे ताकि पर्यावरण संरक्षण में मदद मिल सके।
पेट्रोल पंप के उद्घाटन समारोह में प्रशासक के अलावा उनके सलाहकार मनोज परिदा व डीजीपी संजय बेनीवाल भी ऑनलाइन जुड़े।
वहीं, मौके पर क्षेत्रीय पार्षद हीरा नेगी, डीसी मनदीप सिंह बराड़, इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक सुजॉय चौधरी मौजूद रहे। इस दौरान प्रशासक ने कहा कि कोरोना महामारी के बावजूद कंपनी ने तेजी से काम किया जो सराहनीय है। अब निगम को अपनी गुणवत्ता का ध्यान रखना होगा ताकि लोग पूरे भरोसे के साथ लोग यहां आएं।
प्रशासक ने कहा कि जिस हिसाब से इस पेट्रोल पंप का काम हुआ है, उससे लगता है कि इंडस्ट्रियल एरिया वाला पेट्रोल पंप भी जल्द बन जाएगा। महापौर राजबाला मलिक और कमिश्नर केके यादव ने कहा कि पेट्रोल पंप पर जल्द ही सीएनजी, इलेक्ट्रिक चार्जिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि पर्यावरण संरक्षण में मदद मिल सके।
कमिश्नर ने बताया कि इस पेट्रोल पंप पर अतिरिक्त सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया है। स्मार्ट ग्राउंड डिटेक्टर की सुविधा देश में पहली बार इस पेट्रोल पंप पर दी गई है। पेट्रोल पंप से निगम को हर साल लगभग दो करोड़ रुपये के मुनाफे की उम्मीद है। उधर, प्रशासक ने रायपुर कलां के पेट्रोल पंप का भी उद्घाटन किया। रायपुर कलां में इंडियन ऑयल रिटेल आउटलेट को सिटको द्वारा चलाया जाएगा। इस दौरान लोगों को पंप पर निशुल्क मास्क और सैनिटाइजर भी बांटे गए।
महापौर की तबीयत बिगड़ी
तेज धूप होने के कारण कार्यक्रम के दौरान अचानक महापौर राजबाला मलिक की तबीयत खराब हो गई। उन्हें चक्कर आने लगे। उनके पास में खड़े कमिश्नर केके यादव व अन्य लोगों ने उनको संभाला और कुर्सी पर बैठाया। पानी पीने के बाद महापौर अपनी गाड़ी में बैठ गईं और कार्यक्रम समाप्ति के बाद सीधे घर निकल गईं।
महिलाओं को मिले आगे आने का अवसर
प्रशासक ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए महिलाओं को भी रोजगार के अवसर मिलने चाहिए। क्षेत्रीय पार्षद ने कहा कि इस पेट्रोल पंप के खुलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। यह निगम के लिए राजस्व का माध्यम है तो शहर के लिए बड़ा उपहार है।