पंजाब में एक ही दिन में कोरोना से तीन मौत, 53 नए पॉजिटिव मिले, पीड़ितों की कुल संख्या हुई 2663
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में लॉकडाउन में ढील के साथ ही जितनी तेजी से कोरोना वायरस के मरीज बढ़ने लगे हैं, उसने न सिर्फ स्वास्थ्य विभाग बल्कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी चिंता में डाल दिया है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को वित्तीय मामलों से जुड़ी एक मीटिंग के दौरान संकट के और गंभीर होने की आशंका जताई है।
वहीं हफ्ते के पहले ही दिन सोमवार को राज्य में कोरोना वायरस से तीन और लोगों की जान चली गई, जबकि एक ही दिन में 55 नए पॉजिटिव केस भी सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 53 हो गई है, जबकि राज्य में इस महामारी से पीड़ित होने वालों की कुल संख्या भी 2663 तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जालंधर, अमृतसर व लुधियाना सोमवार को भी कोरोना के मुख्य केंद्र रहे। जालंधर में 14, अमृतसर में 12 और लुधियाना में 9 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। इनके अलावा पटियाला में 5, पठानकोट व नवांशहर में 3-3, फरीदकोट, मोहाली, संगरूर में 2-2 और फाजिल्का, गुरदासपुर व मोगा में 1-1 मरीज पॉजिटिव पाया गया है। इनमें पटियाला में पॉजिटिव पाए गए सभी पांच लोग अन्य राज्यों से लौटे हैं, जबकि नवांशहर, मोगा और अमृतसर का एक-एक मरीज विदेश से लौटे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में अब तक 129821 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए जा चुके हैं। इस समय राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 482 लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें से 8 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 4 गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर हैं। बीते 24 घंटे के दौरान 22 मरीज ठीक भी हुए हैं, जिनमें जालंधर के 10, लुधियाना के 5, पठानकोट के 4, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब व फाजिल्का के 1-1 मरीज शामिल हैं।
अमृतसर में कोरोना ने ली तीन की जान
अमृतसर में कोरोना संक्रमित तीन मरीजों की मौत हो गई। इनमें आठ महीने की एक बच्ची भी शामिल है। वहीं दो अन्य एक कटरा शेर सिंह निवासी 60 वर्षीय और दूसरे शर्मा कालोनी निवासी 78 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं। सोमवार सुबह दोनों की हालत खराब हो गई। डॉक्टरों ने इनको बचने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके।
डॉक्टरों के अनुसार दोनों मरीज कोरोना के साथ-साथ अन्य कई बीमारियों से भी पीड़ित थे। अमृतसर में कोरोना से अब तक एक बच्ची समेत 11 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि यह पहली बार है जब एक दिन में तीन मरीजों ने एक साथ दम तोड़ा। वहीं तीन मौत के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। अमृतसर में कोरोना पीड़ित मरीजों की संख्या 484 हो गई है। इनमें से 310 मरीज ठीक हो चुके हैं।
इसी बीच प्रशासन ने चारदीवारी के भीतर के छह बाजारों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील कर दिया है। इन इलाकों में उत्तर भारत की सबसे बड़ी वूलेन व शाल मार्केट शास्त्री मार्केट का एक हिस्सा, बाजार बंबे वाला खूह, गली कद्दा, मोती राम (राम बाग वाली गली), गंज दी मौरी, टोबा भाई शालो, कटरा परजा (नैन सुख वाली गली) शामिल हैं।
इन इलाकों में पिछले तीन दिन में कोरोना के 19 मरीज मिले हैं। गली कद्दा वाली में दो, बंबे वाला खूह में 6, कटरा मोती राम (राम बाग वाली गली) में तीन, कटरा परजा (नैन सुख वाली गली) में चार, गंज की मौरी में एक और कटरा मोती राम में कोरोना के तीन मरीज मिल चुके हैं। इन इलाकों में सभी व्यापारिक व सामाजिक गतिविधियों पर पाबंदी लगा दी गई है। डीसी शिव दुलार सिंह ढिल्लों के अनुसार इन इलाकों में जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुलेंगी। बाकी सभी व्यापारिक और अन्य गतिविधियों पर पाबंदी लगा दी गई है। लोगों को निर्देश दिए गए हैं कि बहुत इमरजेंसी में ही वह घर से बाहर निकले।
पटियाला: एक पॉजिटिव केस मिला
पटियाला में सोमवार रात एक पॉजिटिव केस की पुष्टि हुई है। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि आगरा से अपने परिवार समेत गांव खडौली ब्लाक कालोमाजरा में अपने ससुराल आया 45 साल का व्यक्ति, जो अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल गया था, का सैंपल पॉजिटिव मिला है।
मोगा में कुवैत से लौटी महिला कोरोना पॉजिटिव
बीते दिनों कुवैत से लौटी मोगा निवासी एक महिला की करोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पीड़ित महिला को स्वास्थ्य विभाग ने सिविल अस्पताल में आइसोलेट किया है। सहायक सिविल सर्जन डॉ. जसवंत सिंह के अनुसार मोगा के ग्रीन फील्ड कालोनी निवासी महिला बीते दिनों कुवैत से वापस लौटी थी, जिसे प्रशासन द्वारा क्वारंटीन किया गया था, इसकी सोमवार को करोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है।
महिला की तबीयत फिलहाल ठीक है और उसे सिविल अस्पताल के आइसोलेश्न वार्ड में दाखिल किया गया है। वहीं अब तक मोगा जिले में करोना पीड़ित मरीजों की संख्या 69 हो चुकी है, जिनमें से 66 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। इस समय जिले में करोना के कुल तीन सक्रिय केस हैं।
फरीदकोट: एएसआई का बेटा और बेटी भी संक्रमित
फरीदकोट जिले में एक बार फिर से कोरोना के मरीजों का ग्राफ बढ़ने लगा है। रविवार रात संक्रमित एएसआई के बेटे और बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। अब जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या 75 हो गई है। इनमें 12 एक्टिव केस हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि जिले में पिछले तीन दिनों में कोरोना के सात नए केस आए हैं। यह मामले संक्रमित एएसआई के संपर्क में आए थे।
लुधियाना: डॉक्टर दंपती और उनकी दो नौकरानियां पॉजिटिव
लुधियाना में सोमवार देर शाम तक कोरोना के 17 केस पॉजिटिव आए। इनमें कुवैत से लौटे दो युवा भी शामिल हैं। इनके अलावा बोस्टल जेल में बंद एक बंदी भी पॉजिटिव पाया गया है। कोरोना केसों की बढ़ती संख्या से अब स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी सकते में है। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि सोमवार को खन्ना से एक डॉक्टर दंपती और उनकी दो नौकरानियां पॉजिटिव पाई गई।
यह सभी लोग कुछ दिन पहले खन्ना से पॉजिटिव आ चुके डॉक्टर दंपती से संपर्क में आए थे। इसके अलावा खन्ना से गांव बिजलीपुरी और शहर से दो महिलाएं पॉजिटिव आई हैं। लुधियाना शहर के छावनी मोहल्ला से मां-बेटी की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। यह दोनों कुछ समय पहले छावनी मोहल्ला से कोरोना संक्रमित मृतक के संपर्क में आई थी।
विश्वकर्मा चौक में भी एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला है। यह व्यक्ति काला अंब स्थित एक फार्मा कंपनी में काम करता है। वहां पर एक कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति के संपर्क में आया था। इसके अलावा शहर के ओमेक्स कॉलोनी से दो, इस्लामगंज, दशमेश नगर और नूरवाला रोड से भी कोरोना का एक-एक केस सामने आया है।
पठानकोट में तीन संक्रमित मिले
पठानकोट में सोमवार को तीन नए मामलों सामने आए। इसी के साथ पठानकोट में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 91 पहुंच गया। जिले के कोने-कोने से केस सामने आ रहे हैं। दो सप्ताह पहले तक शहर तक सीमित संक्रमण ने अब गांवों में भी पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। नए मामलों में एक व्यक्ति सब्जी मंडी चार मरला क्वार्टर, दूसरा पंगोली चौक और तीसरा मामला सुजानपुर के गांव ज्ञानपुर भनवाल का है। इनमें से पंगोली चौक का मरीज चक्क माधो सिंह के मृतक व्यक्ति के संपर्क में आया था।
सोमवार को माधोपुर और इंदिरा कॉलोनी की 2 महिलाओं सहित 4 लोगों को नई डिस्चार्ज पॉलिसी के तहत छुट्टी दे दी गई। सिविल सर्जन डॉ. विनोद सरीन ने बताया कि सामुदायिक फैलाव के चलते गांवों और शहरी इलाकों में सर्वे करवाया जा रहा है। इस दौरान लोगों को संक्रमण के प्रति जागरूक किया जा रहा है ताकि, सामुदायिक फैलाव को रोका जा सके।
गाजियाबाद से गोबिंदगढ़ लौटी युवती संक्रमित
संत नगर में गाजियाबाद से पांच जून को लौटी एक 26 वर्षीय लड़की का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। एसडीएम आनंद सागर शर्मा ने बताया कि संत नगर में एक लड़की पांच जून को गाजियाबाद से आई थी। उसकी रिपोर्ट सोमवार को पॉजिटिव आई। उसे बनूड़ स्थित ज्ञान सागर अस्पताल भेज दिया गया है।
जालंधर में मिले कोरोना के 15 मरीज, संख्या पहुंची 315
जालंधर में कोरोना का ग्राफ तेजी से बढ़ना शुरू हो गया है। सोमवार को कोरोना के 15 नए मामले सामने आए हैं। दिक्कत यह है कि तमाम मरीज अलग- अलग इलाकों से हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है कि कहीं समुदाय में कोरोना न फैल जाए। जालंधर में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या अब 315 हो गई है।
सोमवार को जो मरीज संक्रमित मिले, उनमें करतारपुर स्वर्ण पार्क की रहने वाली 21-21 साल की दो महिलाएं, आलोवाल गांव का 7 साल का बच्चा, मॉडल हाउस की 41 साल की महिला, बस्ती शेख की 44 साल की महिला, भगत सिंह कॉलोनी का 37 साल का पुरुष, लम्मा पिंड की 43 साल की महिला, राज नगर के एक ही परिवार का 29 साल का युवक और 4 व 7 साल के दो बच्चे, शहीद बाबू लाभ सिंह नगर के एक ही परिवार की 50 साल की महिला और 48 साल का पुरुष, न्यू सुराज गंज का 55 साल का व्यक्ति और मॉडर्न कॉलोनी का 37 साल का पुरुष शामिल है।
जुआ खेलते पकड़ा गया आरोपी निकला संक्रमित
जालंधर में पिछले दिनों न्यू अमरदास नगर की एक कोठी में चल रहे जुए के अड्डे का भंडाफोड़ हुआ था। पुलिस ने मौके से जुआ खेलते 11 हाईप्रोफाइल लोगों को गिरफ्तार किया था। इन्हीं में से एक जुआरी कोरोना पॉजिटिव निकला है। आरोपी जालंधर और अमृतसर के रहने वाले थे। उनसे 19. 82 लाख रुपये, हथियार और गाड़ियां बरामद हुईं थी।
गिरफ्तारी के बाद इन सभी का कोरोना टेस्ट किया गया और बाद में इनको जमानत मिल गई। सोमवार को आई रिपोर्ट में खरास वाली गली नजदीक बस स्टैंड अमृतसर के एक व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह जुआ खेलने जालंधर आया था। इसके बाद सीआईए स्टाफ से लेकर डीसीपी तक में दहशत फैल गई है।
गुरदासपुर: धारीवाल निवासी सफाई कर्मचारी पॉजिटिव
कस्बा धारीवाल के लुधियाना मोहल्ला निवासी 29 साल का सफाई कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाया गया है। उक्त मरीज का औचक सैंपल लिया गया था। इससे पहले औचक सैंपल में ही सब्जी मंडी बटाला का एक व्यक्ति पॅाजिटिव मिला था। अब गुरदासपुर में कुल 17 सक्रिय मरीज हो गए हैं। इसमें 13 मरीज गुरदासपुर और चार अमृतसर में भर्ती हैं।