Chandigarh Fire: सेक्टर 17 में दो शोरूम में लगी आग, 11 गाड़ियों ने साढ़े तीन घंटे में पाया काबू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सेक्टर-17सी स्थित टचस्टोन शोरूम के तीसरी मंजिल के एसी कंट्रोलर में अचानक आग गई। शोरूम से धुआं निकलते देख आसपास के लोगों ने मामले की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी। आग इतनी जबरदस्त थी कि टचस्टोन के साथ वाली बिल्डिंग में स्थित पोशाक शोरूम को भी अपने चपेट में ले लिया।
मौके पर दमकल विभाग के कर्मियों ने 11 गाड़ियों की मदद से करीब साढ़े तीन घंटे में आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस आग में किसी को जानी नुकसान नहीं हुआ, जबकि लाखों का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार सेक्टर-17सी स्थित एससीओ नंबर 88/89 की तीसरी मंजिल पर टचस्टोन के नाम से शोरूम है। इसमें आइलेट्स की तैयारी करवाई जाती है।
सोमवार दोपहर बाद 3.28 बजे के आसपास लोगों ने शोरूम से धुआं उठते देखा, जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। मार्केट के लोगों ने मामले की सूचना दमकल विभाग को दी। आग इतनी जबरदस्त थी कि तीसरी मंजिल पर सारा सामान जलकर राख हो गया। इतना ही नहीं, टचस्टोन के बाहर लगे बैनर से लपटें हवा से उड़कर बगल वाली बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर स्थित पोशाक शोरूम तक पहुंच गईं, जिससे पोशाक शोरूम भी पूरी तरह आग की चपेट में आ गया।
देखते ही देखते दोनों शोरूम में भयानक आग लग गई। सूचना पर सेक्टर-17 फायर अफसर जगतार सिंह की अगुवाई में अलग-अलग जगहों से कुल 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब साढ़े तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका।
एसी कंट्रोलर से भड़की आग
फायर ब्रिगेड की जांच में सामने आया कि आग टचस्टोन शोरूम के तीसरी मंजिल पर एसी कंट्रोलर से लगी। यहां से अलग-अलग कमरे में लगे एसी को कंट्रोल किया जाता है। आशंका है कि इसी कमरे में शार्ट-सर्किट हुई और आग ने विकराल रूप ले लिया। अगर सही समय पर आग पर काबू न पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
यह सामान जलकर हुए राख
बताया गया कि टचस्टोन के शोरूम से प्रोजेक्टर की वजह से आग ने भयानक रूप ले लिया। आग में प्रोजक्टर, एसी, लकड़ी की आलमारी, केबल, इलेक्ट्रिक सामान, कपड़े समेत अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना के बाद सेक्टर-17 की मार्केट को पूरी तरह से सील कर दिया गया। बताया गया कि दोनों शोरूम कर्फ्यू लगने के बाद से बंद है। वहीं, पुलिस भी मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस ने अनाउंसमेंट कर भीड़ को हटाया
घटना के बाद सेक्टर-17 में लोग सोशल डिस्टेंस की परवाह किए बिना इकट्ठा होना शुरू हो गए। इसके बाद सेक्टर-17 थाना पुलिस ने अनाउंसमेंट कर भीड़ को हटाती हुई दिखी। इसके बाद लोग एक-दूसरे से दूरी बनाकर खड़े हुए।
आग एसी कंट्रोलर कमरे से भड़की है। प्रोजेक्टर की वजह से आग ने विकराल रूप लिया है। शुरुआती जांच में आग शार्ट-सर्किट से लगी है। मामले की छानबीन की जा रही है। -जगतार सिंह, फायर अफसर, सेक्टर-17