पंचकूला: दो पॉजिटिव मिले, 59 वर्षीय बुजुर्ग और कैंसर से पीड़ित महिला संक्रमित, सेक्टर-21 और 10 कंटेंनमेंट जोन घोषित
- सेक्टर-21 में 59 वर्षीय बुजुर्ग संक्रमित, बेटा सिविल अस्पताल में है डॉक्टर
- सेक्टर-10 में भी महिला में हुई कोरोना की पुष्टि, दोनों आइसोलेशन में भर्ती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंचकूला में भी कोरोना केस थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। शुक्रवार को सिविल अस्पताल सेक्टर-6 में दो कोरोना वायरस से पीड़ित मरीज आए। इन मामलों को मिलाकर जिले में 25 कोरोना केस हो गए हैं। इनमें से 19 ठीक होकर घर लौट गए हैं और 6 का इलाज चल रहा है।
इनमें से एक तो सेक्टर-21 में रहते 59 वर्षीय बुजुर्ग हैं। उनका बेटा सिविल अस्पताल में ही डॉक्टर है। उनकी ड्यूटी कोरोना आइसोलेशन वार्ड में लगती थी। वहीं सेक्टर-10 में भी एक कोरोना पॉजिटिव महिला मिली है। यह पुष्टि सीएमओ डॉ. जसजीत कौर ने की।
यह भी पढ़ें- हरियाणा: 6 जिलों में 36 नए मामले, मरीजों की संख्या 854 पहुंची, कॉलेज और यूनिवर्सिटी 25 जून तक रहेंगे बंद
डॉ. जसजीत कौर ने बताया कि सेक्टर-21 निवासी बुजुर्ग को कोरोना की पुष्टि के बाद उन्हें आइसोलेशन में भर्ती करवाया गया है। उनके बेटा सिविल अस्पताल में डॉक्टर है। वह अपने माता-पिता को दो दिन पूर्व टेस्ट करवाने के लिए लाए थे। दो दिन बाद आई रिपोर्ट में उनके पिता की रिपोर्ट पॉजिटिव तो मां की रिपोर्ट निगेटिव आई है। बुजुर्ग, उनकी पत्नी, बेटे और बहू को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया गया है।
दूसरे मामले में सेक्टर-10 की एक महिला भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। वह कैंसर की मरीज है। इस कारण उनका इम्यून सिस्टम कमजोर है। महिला के परिवार के पांच सदस्यों को भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। महिला पारस अस्पताल में कीमो थैरेपी कराने आई थी लेकिन अस्पताल के बाहर गाड़ी में ही उनके सैंपल लिए गए थे। गुरुवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। प्राइवेट अस्पताल प्रबंधन ने पंचकूला सिविल अस्पताल को इनके बारे में सूचित किया गया।
कोरोना के लक्षण दिखें तो स्पेशल फ्लू वार्ड में आकर दें सैंपल
इन दोनों मरीजों के 10 परिजनों के सैंपल लिए गए हैं। अगर किसी में कोरोना के लक्षण दिखते हैं तो वे सिविल अस्पताल के स्पेशल फ्लू वार्ड में आकर सैंपल दे सकते हैं। -डॉ. जसजीत कौर, सीएमओ
सेक्टर-21 और 10 कंटेंनमेंट जोन घोषित
सेक्टर-10 निवासी एक महिला के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर डीसी मुकेश कुमार आहूजा ने तुरंत संज्ञान लिया है। मकान नंबर 1349 से 1355 तक एवं सेक्टर के ओपन पार्किंग व अन्य खुले क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। वहीं इसके आसपास का क्षेत्र बफर जोन रहेगा। इसके अलावा सेक्टर-21 में एक व्यक्ति के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर सेक्टर-21 के मकान 836 से 861 तक और इसके आसपास का खुला क्षेत्र कंटेनमेंट जोन घोषित करने के साथ ही शेष एरिया को बफर जोन घोषित किया गया है।
दोनों सेक्टरों में संपदा अधिकारी ममता शर्मा कंटेनमेंट जोन की ओवरऑल इंचार्ज रहेंगी और एसडीई एमपी शर्मा उनकी सहायता के लिए साथ रहेंगे।
सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर को लोगों को आइसोलेट करने के अलावा चिकित्सकों की टीमों का गठन करके घर-घर स्क्रीनिंग एवं सांस व फ्लू आदि से ग्रस्त लोगों की जांच व रोगियों के संपर्क में आए लोगों की पहचान एवं जांच का कार्य करेंगी।
पुलिस कर्मचारियों की तैनाती के भी आदेश
कंटेनमेंट जोन एवं बफर जोन में नगर निगम आयुक्त सैनिटाइज करने के अलावा ठोस कचरा प्रबंधन का निष्पादन करेंगे। इसके अलावा डीसीपी पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करेंगे। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक आवश्यक सेवाओं की पूर्ति व कार्यकारी अभियंता बिजली निगम बिजली सप्लाई व कार्यकारी अभियंता शहरी विकास प्राधिकरण को पेयजल सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।