Coronavirus Haryana: हरियाणा में एक दिन में 7 मामले, अब कुल 29 मरीज, मदद को बढ़े हाथ
- तीन मामले सिरसा, एक हिसार, दो फरीदाबाद, एक पंचकूला में आया।
- अब हरियाणा में 29 कोरोना वायरस केस, इनके संपर्क में आए 348 लोग।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। एक ही दिन में 7 नए केस सामने आए हैं। यह वायरस अब सिरसा और हिसार तक भी पहुंच गया है। नए मामलों में तीन केस सिरसा, दो फरीदाबाद और 1-1 हिसार व पंचकूला में आया। प्रदेश में अब कोरोना वायरस के 29 मामले आ गए हैं। इनमें से 10 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो गए हैं। 348 लोग ऐसे हैं जो अब तक इन पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आ चुके हैं। स्वास्थ्य महकमा इन पर गंभीरता से नजर रखे हुए हैं।
मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य महकमे ने इस वक्त प्रदेश में 13979 लोगों को मेडिकल सर्विलांस के दायरे में रखा हुआ। 323 संदिग्ध मरीज ऐसे हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है 794 सैंपल में से 543 सैंपल निगेटिव आ चुके हैं। जबकि स्वास्थ्य महकमे को अभी 227 सैंपल रिपोर्ट आने का इंतजार है।
वायरस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए प्रदेश सरकार ने 7346 आइसोलेशन बेड का इंतजाम कर रखा है। सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों के 25 प्रतिशत बेड कोरोनाग्रस्त मरीजों के लिए रिजर्व रहेंगे। इन बेडों की कुल संख्या 2510 है।
हरियाणा में लॉकडाउन का गंभीरता से नहीं हो रहा पालन
हरियाणा में लाकडाउन उल्लंघन के अभी तक 2916 मामले सामने आए हैं। पुलिस ने भी इसके चलते 651 एफआईआर दर्ज की है और 956 लोगों को गिरफ्तार किया है। 4145 वाहन भी जब्त किए हैं। जबकि विभिन्न वाहनों का चालान कर 4 करोड़ 10 लाख की जुर्माना राशि भी वसूली गई है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मनोज यादव ने बताया कि पुलिस द्वारा अब तक 4 लाख 50 हजार से अधिक प्रवासी मजदूरों, दैनिक वेतन भोगियों और अन्य जरूरतमंद व्यक्तियों को गैर-सरकारी संगठनों, सामाजिक और परोपकारी व्यक्तियों तथा अन्य संगठनों की मदद से मुफ्त राशन व भोजन की सुविधा प्रदान की गई है।
यादव ने बताया कि पुलिसकर्मियों को भी दृढ़ता से काम करते हुए जनता के साथ दुर्व्यवहार न करने के लिए जागरूक किया गया है। उन्होंने कहा कि लाकॅडाउन के दौरान किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों पर 15 महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय प्रवेश बिंदुओं पर डीएसपी रैंक के अधिकारियों को लगाया गया है।
अपने वेतन का 10 फीसदी देंगे पुरानी पेंशन के लिए संघर्ष कर रहे कर्मी
पेंशन बहाली संघर्ष समिति सरकार से कर्मचारियों के मार्च महीने के वेतन से 10 प्रतिशत और अधिकारियों के मार्च महीने के वेतन से 20 प्रतिशत राशि काटने के बारे आवश्यक कार्रवाई करने की मांग करती है। महासचिव ऋषि ने बताया कि हम आश्वस्त करना चाहते हैं कि हरियाणा प्रदेश का कर्मचारी किसी भी आपदा के दौरान प्रदेश को सुरक्षित रखने के लिए पूर्व की भांति अग्रणी य भूमिका निभाता रहेगा।
स्कूल लेक्चरर ने रिलीफ फंड में दिए 13.26 करोड़
कोरोना से जंग के लिए हरियाणा स्कूल लेक्चरर्स एसोसिएशन (हसला) ने भी पहल करते हुए 5000 रुपये प्रति प्राध्यापक देने का निर्णय लिया है। अब तक लेक्चरर 13 करोड़ 26 लाख रुपये का योगदान कर चुके हैं। हसला ने हरियाणा कोरोना रिलीफ़ फंड में योगदान देने को मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र लिखा था। जिस पर शिक्षा विभाग ने एचआरएमएस पर वेतन से ही सहायता राशि काटने के लिए लिंक खोल दिया।
लिंक खुलते ही लेक्चरर ने उत्साह दिखाते हुए राशि देना शुरू कर दी। हसला प्रधान दयानंद दलाल, महासचिव बीर सिंह राणा व प्रेस सचिव अजीत चंदेलिया ने लेक्चरर से 5000 से कम योगदान न देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि लेक्चरर ने जिस ऊर्जा और उत्साह से दिल खोलकर योगदान देने जो रुचि दिखाई है उसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। उनके उत्साह के चलते ही 13 करोड़ रुपये से ज्यादा एकत्रित हो चुके हैं। उम्मीद है कि ये राशि 3-4 गुणा और इकट्ठा होगी।