27 नए मामलों के साथ हरियाणा के 15 जिलों तक पहुंचा कोरोना, संक्रमित मरीजों की संख्या हुई 105
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा में कोरोना वायरस की पहुंच कुल 22 में से 15 जिलों तक हो गई है। तब्लीगी जमात के कनेक्शन के बाद कोरोना वायरस के मामलों में भी एकाएक तेजी आई है। प्रदेश में अब कोरोनाग्रस्त मरीजों के मामले 105 पहुंच गए हैं। सरकार ने अपनी टेस्टिंग क्षमता को भी और बढ़ाने का फैसला किया है। इसके लिए कुछ प्राइवेट लैब को भी अधिकृत किया जा रहा है।
सोमवार को पलवल, फरीदाबाद, करनाल चरखी दादरी और नूंह में 27 नए मामले सामने आए हैं। इन कुल कोरोनाग्रस्त मामलों में से 15 मरीज ठीक भी हो गए हैं। उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है। इन नए मामलों में 7 मामले फरीदाबाद, 1 चरखी दादरी, 9 पलवल, 6 नूंह और 4 करनाल में सामने आए हैं।
इसके अलावा प्रदेश में इस वक्त 18214 लोगों को स्वास्थ्य महकमे ने मेडिकल सर्विलांस के दायरे में रखा हुआ है। 812 लोग ऐसे हैं जो अभी तक कुल 103 कोरोनाग्रस्त मरीजों के सीधे संपर्क में आ चुके हैं। इन मरीजों को लेकर ज्यादा टेंशन है, सभी के सैंपल लिए गए हैं। सरकार द्वारा लिए गए 2194 सैंपल में से 1639 की रिपोर्ट नेगेटिव आ गई हैं। जबकि 459 सैंपल की रिपोर्ट अभी आना बाकी है। 548 संदिग्ध मरीज अस्पताल में भर्ती है जिनका इलाज अभी चल रहा है।
प्रदेश में कोरोना ग्रस्त मरीजों के मौजूदा हालात
इस वक्त प्रदेश में कुल 105 कोरोना वायरस ग्रस्त मरीजों में से अंबाला में 3 केस, भिवानी में 2, चरखी दादरी में 1, फरीदाबाद में 21, गुरूग्राम में 18, हिसार में 1, करनाल में 5, कैथल में 1, पलवल में 26, नूंह में 14, पानीपत में 4, पंचकूला में 2, फतेहाबाद में 1, जींद में 1, रोहतक में 1, सिरसा में 3 व सोनीपत में 1 मामला शामिल है।
फतेहाबाद में कोरोना की दस्तक
जिले के राजस्थान सीमा के नजदीक गांव जांडवाला बागड़ निवासी एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। युवक एक समुदाय विशेष का है और पिछले दिनों जमात में शिरकत कर गांव आए कुछ लोगों के संपर्क में था। सिविल सर्जन डॉ. मनीष बंसल ने मामले की पुष्टि कर दी है।
युवक का सैंपल सोमवार को ही पीजीआई रोहतक भेजा गया था और मंगलवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन में हड़कंप की स्थिति है। आनन-फानन में पुलिस ने पूरे गांव को सील कर दिया है और खुद एसपी राजेश कुमार मौके पर डटे हुए हैं। युवक 20 मार्च को दिल्ली के निजामुद्दीन जमात से गांव में आए कुछ लोगों के संपर्क में आया था। जमात से आए एक समुदाय के लोग गांव जांडवाला बागड़ में पीड़ित युवक सहित कुल 11 लोगों के संपर्क में आए थे।
बाकी दस लोगों की रिपोर्ट निगेटिव है और इसके साथ जमात से आए लोगों को दिल्ली छोड़ने गए गांव ढाबी खुर्द निवासी ड्राइवर की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। गांव जांडवाला बागड़ से एक रात पहले ये लोग फतेहाबाद की मस्जिद में रूके थे और फतेहाबाद में एक आरएमपी डॉक्टर सहित कुल 9 लोगों से मिले थे। प्रशासन ने बीते दिन इनके सैंपल लिए थे और ये सभी सैंपल निगेटिव आए थे।
करनाल में कोरोना के चार और केस
इसके साथ ही रसीन के मृतक किसान के बेटे और ब्रिचपुर निवासी और हाल ही में दुबई से लौटे युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। चारों को मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
सभी का इलाज शुरू कर दिया गया है। इसके आलावा, चारों के परिजनों और संपर्क में आने वालों को क्वारंटीन किया गया है। 12 अन्य लोगों के भी सैंपल भेजे गए हैं। दूसरी ओर एक साथ चार नए केस आने के बाद जिला प्रशासन ने शेखपुरा सुहाना और ब्रिचपुर कंटोंनेंट जोन घोषित करते हुए दोनों गांवों को सील करने के आदेश दिए हैं।
साथ ही ब्रिचपुर के पास लगने वाले गांव बरोटा, समालखा, बीजणा, जाणी, बुढ़नपुर आबाद को बफर जोन घोषित किया है। इसके अलावा, शेखपुरा सुहाना के पास के एरिया को रांवर, पृव्वी विहार, सूरज नगर को भी बफर जोन घोषित किया है। डीसी निशांत यादव ने चारों पॉजिटिव केसों की पुष्टि करते हुए बताया कि चारों को दाखिल कर लिया है और उनके संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है।
जींद में 27 वर्षीय जमाती मिला पॉजिटिव
सिविल सर्जन डॉ. जयभगवान जाटान ने बताया कि एक अप्रैल को जींद में तब्लीगी जमात से लौट आठ लोगों को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया था। इनमें से निडानी गांव का रहने वाला 27 वर्षीय युवक पॉजिटिव मिला है। एक अप्रैल को इस युवक को गंगापुत्रा आयुर्वेदिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया था। चार अप्रैल को उसको सैंपल के लिए नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में लाया गया था। सोमवार दोपहर बाद युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
घर से 13 फरवरी को पहले गया था उत्तराखंड
प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई है कि युवक 13 फरवरी को अपने गांव से उत्तराखंड गया था। वहां पर वह 40 दिन रुका था। इसके बाद 16 मार्च को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। इसके बाद वह 16 से 18 मार्च तक दिल्ली में तब्लीगी जमात में रहा। 18 मार्च को सुबह साढ़े सात बजे दिल्ली से ट्रेन पकड़कर पानीपत आया था।
पानीपत से रात साढ़े आठ बजे चली ट्रेन से जींद के लिए रवाना हुआ। रात को साढ़े 10 बजे युवक जींद स्टेशन पहुंचा और यहां से बाइक पर सवार होकर गांव चला गया। डीसी ने बताया कि 18 मार्च को इसे घर में क्वारंटीन किया गया था। इस युवक को न तो बुखार है और न ही किसी प्रकार की कोई बीमारी।
चरखी दादरी में मिला पहला कोरोना पॉजिटिव मरीज
सीएमओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मिला युवक दिल्ली से लौटे जमाती के संपर्क में आया था। दिल्ली से लौटने के बाद उक्त जमाती हिंडोल गांव आकर ठहरा था। जमाती कोरोना पॉजिटिव मिला था और इसके बाद हिंडोल निवासी एक परिवार के आठ सदस्यों के सैंपल लिए गए थे । जिनमें से सात की रिपोर्ट नेगेटिव और एक रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
उन्होंने बताया कि अब तक चरखी दादरी जिले से 35 सैंपल जांच के लिए रोहतक पीजीआई भेजे गए हैं और इन सबकी रिपोर्ट आ चुकी हैं। 34 रिपोर्ट नेगेटिव और एक रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। पॉजिटिव रिपोर्ट सोमवार सुबह ही स्वास्थ्य विभाग को मिली है।
वहीं, कोरोना पॉजिटिव पहला मामला सामने आते ही उपायुक्त श्यामलाल पूनिया ने अधिकारियों की आपात बैठक बुला ली है। सूत्रों की मानें तो इसमें हिंडोल गांव के समीपवर्ती क्षेत्र में रेड फ्लैग और बफर जोन बनाने को लेकर मंथन किया जाएगा। वहीं, हिंडोल गांव के प्रत्येक परिवार के स्वास्थ्य की जांच भी विभाग करेगा। जिला प्रशासन ने गांव को सील कर दिया है और आने-जाने पर पाबंदी लगा दी गई है।
सोनीपत में जमात से आया साइकिल मेकेनिक कोरोना पॉजिटिव
सिविल सर्जन डॉ. बीके राजौरा ने बताया कि गांव बख्तावरपुर का रहने वाला एक व्यक्ति यूपी में जमात में शिरकत करने के लिए गया था। वह यूपी की जमात में शामिल होने के बाद दिल्ली से होता हुआ अपने घर एक अप्रैल को पहुंचा था। उसकी मुरथल जीटी रोड पर साइकिल टायर पंचर की दुकान है। दिल्ली से उसके घर आने की सूचना के बाद मुरथल थाना पुलिस उसके घर पहुंची और स्वास्थ्य विभाग की टीम को बुलाकर 2 अप्रैल को उसे अस्पताल में परिवार समेत भर्ती किया गया।
इसके बाद अस्पताल से उसका ब्लड सैंपल लेकर जांच के लिए महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में भेजा गया। जहां से सोमवार शाम को उसकी पॉजीटिव रिपोर्ट मिली है। इसके बाद कोरोना पॉजिटिव को महिला मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां रेफर कर दिया गया है।