{"_id":"5ffebf4a9d2a1a35b3485efc","slug":"corona-warriors-say-people-have-no-need-to-fear-of-vaccination","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"कोरोना टीकाकरण पर बोले कोरोना वारियर्स, जब हम कोरोना से नहीं डरे, उससे बचाने वाले टीके से कैसा डर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कोरोना टीकाकरण पर बोले कोरोना वारियर्स, जब हम कोरोना से नहीं डरे, उससे बचाने वाले टीके से कैसा डर
Wed, 13 Jan 2021 03:08 PM IST
निवेदिता वर्मा
वीणा तिवारी, अमर उजाला, चंडीगढ़
वीणा तिवारी, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: निवेदिता वर्मा
Updated Wed, 13 Jan 2021 03:08 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : पीटीआई
कोरोना टीकाकरण अभियान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 16 जनवरी से चंडीगढ़ में फ्रंट लाइन स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाने का अभियान शुरू होगा। इसे लेकर लोगों के मन में तमाम तरह के सवाल उठ रहे हैं। फ्रंट लाइन स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि लोगों को डरने की कोई जरूरत नहीं है। लोगों के मन में किसी तरह की कोई शंका न रहे, इसीलिए सबसे पहले स्वास्थ्यकर्मी कोरोना वैक्सीन लगवाएंगे। स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों से अपील की है कि वह अपने मन का डर निकालकर कोरोना टीकाकरण के लिए खुद को तैयार कर लें क्योंकि इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने सुरक्षा के हरसंभव इंतजाम किए हैं।
विज्ञापन
डर किस बात की, हम तो योद्धा हैं
जब हम कोरोना से नहीं डरे तो अब उसके बचाव के लिए लगने वाले वैक्सीन से डरने की बात कैसे सोच सकते हैं। मैं तो टीकाकरण को लेकर बहुत ही उत्साहित हूं। अब तक तो हमने खुद को कोरोना संक्रमण से बचा लिया। अब सरकार ने हमें वैक्सीन के रूप में कवच प्रदान करने की तैयारी की है। यह प्रयास स्वागत योग्य है। मैं खुश हूं कि मुझे पहले चरण में टीकाकरण के लिए शामिल फ्रंट लाइन स्वास्थ्यकर्मियों में शामिल होने का सौभाग्य मिला है। -हितिका ठाकुर, अध्यक्ष, पीजीआई नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन
विज्ञापन
मन के डर को निकालकर जंग जीतने की तैयारी है
हमें यह बात याद रखनी होगी कि जब कोरोना महामारी की शुरुआत हुई थी तब योद्धा के रूप में हमने आगे आकर मोर्चा संभाला था। अब टीकाकरण के समय भी हम सबसे आगे रहेंगे। लोगों के मन में अगर टीकाकरण को लेकर किसी प्रकार का कोई डर है तो वह उसे अपने मन से निकाल दें। क्योंकि उनसे पहले हम टीकाकरण करवाकर इसकी सुरक्षा को साबित करेंगे। -सत्यवीर सिंह डागर, सचिव, पीजीआई नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन
विज्ञापन
Trending Videos
हम तो चाहते हैं जल्दी लगे टीका
लगभग 10 महीने से हम कोरोना से जंग लड़ रहे हैं। विशेषज्ञों और सरकार के अथक प्रयास के बाद इससे बचाव के लिए वैक्सीन तैयार की गई है। मैं चाहती हूं कि जल्दी इसका टीका मुझे लगे ताकि मैं दोगुने जोश और निडरता के साथ कोरोना के मरीजों के इलाज में योगदान दे सकूं। डरना किसी चीज का कोई विकल्प नहीं है। हम सबको कोरोना के डर को दूर करने के लिए सबसे पहले अपने मन के डर को निकालना होगा। -परमिंदरजीत थिंड, अध्यक्ष, जीएमएसएच-16 नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशनमिलकर चलेंगे साथ तो मिलेगी सफलता
मैं कोरोना टीकाकरण को लेकर बहुत उत्साहित हूं। मैंने इसके लिए सबसे पहले अपना पंजीकरण कराया था और मैं चाहती हूं कि जल्द से जल्द मुझे इसका टीका लग जाए। अभी तक तो मैंने खुद को कोरोना से बचा लिया लेकिन अब जब इससे बचाव का साधन उपलब्ध हो गया है तब क्या सोचना है। मेरी ही तरह सभी लोगों को यह सोच रखनी होगी तभी हम कोरोना से यह जंग आसानी से जीत पाएंगे। -शोभना पठानिया, सचिव, जीएमएसएच-16 नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन
डर के आगे जीत है, हम जीतेंगे
बचपन से सुनता आ रहा हूं कि डर के आगे जीत है। इसके बल पर ही हमने कोरोना से इस जंग में अब तक जीत हासिल की है। आगे भी इसे बरकरार रखने के लिए हम सब को टीकाकरण कराना होगा। जब हम सुरक्षित होंगे तभी हम महामारी से जंग लड़ कर उसे हरा पाएंगे। लोगों के मन में अगर टीकाकरण को लेकर किसी प्रकार का कोई भी डर है तो उसे निकाल दें। उनसे पहले हम अपना टीकाकरण करवाएंगे। - डबकेश कुमार, अध्यक्ष, जीएमसीएच-32 नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन
डरे होते तो आज हमारी हार हो चुकी होती
कोरोना महामारी को लेकर अगर हम डर गए होते तो आज स्थिति कुछ और होती। हमने अपने मन का डर निकाल कर ही कोरोना पर जीत दर्ज की है। मैं टीकाकरण के लिए पूरी तरह तैयार हूं। लोगों से बस यही कहना चाहता हूं कि अगर कुछ पाने की इच्छा है तो कुछ खोने का जज्बा भी रखना होगा। अगर जीत चाहिए तो आगे आकर युद्ध भी करना होगा। कोरोना से बचाव के लिए लगने वाला टीका हम सब के लिए बेहद जरूरी है। -कुमोद यादव, पदाधिकारी, जीएमसीएच-32 नर्सेज वेलफेयर एसोसिएशन