फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Corona Virus Effect in Haryana, Government Released Orders to Ban Gathering

कोरोनाः हरियाणा में 9 की रिपोर्ट का इंतजार, 2419 लोग निगरानी में, एचएसएसी की परीक्षा स्थगित

Sun, 15 Mar 2020 11:01 AM IST
खुशबू गोयल अमर उजाला, चंडीगढ़
अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: खुशबू गोयल Updated Sun, 15 Mar 2020 11:01 AM IST
विज्ञापन
Corona Virus Effect in Haryana, Government Released Orders to Ban Gathering
सांकेतिक तस्वीर
हरियाणा में कोरोना वायरस का एक भी पॉजीटिव केस नहीं है, लेकिन नौ लोगों की रिपोर्ट का अभी इंतजार है। वहीं 2419 लोग निगरानी में रखे गए हैं। लेकिन बैन ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
विज्ञापन


अब तक 43 रिपोर्ट नेगेटिव
कोरोना वायरस की जांच के लिए प्रदेश से अब तक 52 सैंपल भेजे जा चुके हैं। इनमें से 43 की रिपोर्ट आ चुकी है, जो नेगेटिव है। नौ की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। प्रदेश भर में 2419 लोग कोरोना प्रभावित देशों की यात्रा करके लौटे हैं, जिन्हें निगरानी में रखा गया है।
विज्ञापन


जानकारी के मुताबिक, हरियाणा में 645 से ज्यादा मरीजों में कोरोना के लक्षण पाए गए हैं, जबकि दो मरीज गुरुग्राम से संबंधित हैं। गुरुग्राम के मूल निवासी एक मरीज में ही अभी तक कोरोना की पुष्टि हुई है। शेष दो मरीज गुरुग्राम की कंपनियों में कार्यरत थे, लेकिन यहां के मूल निवासी नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन


हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा स्थगित
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से रविवार को बिजली निगम में एएलएम की भर्ती के लिए लिया जाने वाला पेपर करोना वायरस के कारण स्थगित कर दिया गया है। हिसार के नजदीकी गांव लाडवा स्थित शांति निकेतन कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बने सेंटर में जब परीक्षार्थी पहुंचे तो उन्हें गेट पर ही नोटिस लगा हुआ मिला। परीक्षार्थियों को बताया गया कि आयोग की तरफ से सभी प्रकार की परीक्षा 18 मार्च तक स्थगित कर दी गई हैं। यह सूचना पाकर परीक्षार्थी वापस चले गए।

गुरुग्राम की युवती की प्राथमिक रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि

सेक्टर-9ए में रहने वाली एक 29 साल की युवती को कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि हुई है। सेक्टर दस स्थित सरकारी अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन सेंटर में उसे रखा गया है। वह हाल ही में मलेशिया से लौटी थी। बीमारी पड़ने पर सरकारी अस्पताल में दवा लेने पहुंची तो लक्षण देखकर उसके सैंपल जांच के लिए भेजे गए। शनिवार को आई रिपोर्ट में युवती कोरोना वायरस से ग्रस्त मिली है। अभी दोबारा उसके सैंपल पुणे के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बायोलॉजिकल्स भेजे गए हैं और उसकी रिपोर्ट के बाद ही बताया जाएगा कि वह कोरोना वायरस से ग्रस्त है या नहीं।

मलेशिया से लौटा युवक आइसोलेशन वार्ड में दाखिल
कैथल में मलेशिया से लौटे एक व्यक्ति को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया है। खून के सैंपल लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज सोनीपत भेजे गए हैं। सिविल सर्जन राकेश सहल ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति में कुछ लक्षण नजर आने के बाद उसे स्पेशल वार्ड में दाखिल कर दिया गया है।

फतेहाबाद में ढाई साल के बच्चे में मिले लक्षण
फतेहाबाद शहर में इटली से अपनी ननिहाल में आए ढाई साल के बच्चे को संदिग्ध कोरोना वायरस से ग्रस्त मानकर स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया है। साथ ही बच्चे का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने तक बच्चा स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रहेगा। बच्चा इटली में अपने माता-पिता के साथ रहता है और 15 दिन पहले फतेहाबाद अपनी माता के साथ आया था। खांसी-बुखार की शिकायत होने पर बच्चे को नागरिक अस्पताल में लाया गया था। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. आरसी गोयल ने बच्चे की जांच की और संदिग्ध लगने पर उच्चाधिकारियों को सूचित कर बच्चे को आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया।

फतेहाबाद में कोरोना के लक्षण के साथ दूसरा मरीज मिला
जिला प्रशासन दो दिन में लगातार दूसरा कोरोना संदिग्ध मरीज मिलने से सकते में है। मरीज जिले के एक उपमंडल का रहने वाला है और तीन-चार दिन पहले मलेशिया सेलौटा था। तबीयत बिगड़ने पर उसे रतिया के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से उसे फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। युवक का सैंपल लेकर रोहतक पीजीआई में भेज दिया गया है। सिविल सर्जन डॉ. मनीष बंसल ने कोरोना का दूसरा संदिग्ध मरीज मिलने की पुष्टि की है।

बसों को सैनिटाइज करने का आदेश

कोरोनावायरस से निपटने के लिए हरियाणा रोडवेज ने सभी बसों को सैनिटाइज करने का फैसल किया है। रोडवेज की ओर से इस संदर्भ में एडवाइजरी जारी कर दी गई है। डिपो पर पहुंचते ही बस की धुलाई की जाएगी। इसमें स्प्रे भी किया जाएगा। ठीक इसी तरह के आदेश निजी बसों में भी लागू होंगे। कंडक्टरों को भी सैनिटाइजर साथ रखना होगा और वे टिकट देने के बाद हाथ धोते रहेंगे। इससे रोडवेज के कर्मचारी इस वायरस के प्रभाव से दूर रहेंगे। हरियाणा रोडवेज के डीजी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि एडवाइजरी जारी कर दी गई है, क्योंकि रोडवेज की बसों में रोजाना करीब 10 लाख लोग सफर करते हैं। ऐसे में रोडवेज ने यह निर्णय लिया है।

मास्क, सेनिटाइजर की कालाबाजारी में फंसे तो 7 साल की कैद
कोरोना वायरस की आड़ में मास्क व सेनिटाइजर की कालाबाजारी करने वालों की अब खैर नहीं है। प्रदेश सरकार ऐेसे लोगों से अब और सख्ती से निपटने के मूड में है। हरियाणा सरकार ने इस संदर्भ में केंद्र सरकार के अधीनस्थ मिनिस्ट्री ऑफ कंज्यूमर अफेयर्स, फूड, एंड पब्लिक डिस्ट्रिब्यूशन की 13 मार्च को जारी एक अधिसूचना को प्रदेश में लागू कर कर दिया है। यह अधिसूचना 30 जून 2020 तक जारी रहेगी।

इसी सख्ती के चलते प्रदेश सरकार ने साफ कर दिया है कि  यदि कोई भी व्यक्ति मास्क व सेनिटाइजर की कालाबाजारी व ओवर प्राइजिंग करते हुए पकड़ा गया तो उसे सात साल की सजा और जुर्माने की सजा दी जाएगी। प्रदेश सरकार इसके लिए जल्द ही केमिस्ट शॉप, फार्मेसी व ड्रग होलसेलर के गोदामों में छापामारी अभियान शुरू करने वाली है। प्रदेश में यह अभियान हर जिले में जिला खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रक  की निगरानी में चलेगा। जबकि सूबे के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला इस अभियान की निगरानी करेंगे।

मास्क, सेनिटाइजर के उत्पादन पर ही रहेगी नजर
प्रदेश में मास्क (2 पीएलवाई, 3 पीएलवाई सर्जिकल मास्क एन 95 मास्क) व हैंड सेनिटाइजर के उत्पादन, क्वालिटी, वितरण इत्यादि पर भी निदेशालय फूड, सिविल सप्लाई एंड कंज्यूमर अफेयर्स हरियाणा नजर रखेगा। यह कार्रवाई एसेंशिएल कोमोडिटी एक्ट 1955 के तहत की जाएगी। यह अधिनियम 30 जून तक प्रभावी रहेगा।

इस तरह की जाएगी चेकिंग
सभी जिलों में खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक गोदामों व उत्पादन में औचक निरीक्षण करेंगे। कोई गड़बड़ी पाई जाती है तो वे अधिनियम के तहत दोषी पर कार्रवाई करेंगे। यदि मास्क व सेनिटाइजर महंगे दामों पर बेचे जा रहे हैं, तो उस पर भी कार्रवाई होगी। दूसरा, इस बात पर भी पैनी नजर रखी जाएगी कि उत्पादन इकाइयों द्वारा कहीं बिना ठोस कारण के अचानक केमिस्ट दुकानों पर मास्क व सेनिटाइजर की सप्लाई कम तो नहीं कर दी है। अफसर ये सुनिश्चित करेंगे कि दोनों चीजें (मास्क व सेनिटाइजर) बिना रुकावट के केमिस्ट दुकानों पर लोगों के लिए आसानी से सामान्य रेट पर उपलब्ध हैं।

कोई भी निजी अस्पताल, लैब कोरोना जांच के लिए अधिकृत नहीं

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में किसी भी प्राइवेट अस्पताल या प्राइवेट लैब को कोरोना वायरस संबंधी जांच की अनुमति सरकार की ओर से नहीं दी गई है। इस तरह की जांच केवल सरकारी जांच लैबों में ही होगी। इसलिए अगर किसी व्यक्ति को जुकाम, खांसी, नाक बहने, बुखार की समस्या है, तो तुरंत सरकारी अस्पताल में ही जाकर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाएं। सीएम ने इस वायरस को लेकर प्रदेश के लोगों से खौफ से दूर रहने का भी अनुरोध भी किया है।

सीएम ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस को महामारी घोषित किया है। देश में भी इस वायरस ने दस्तक दे दी है। सीएम के अनुसार मैं हरियाणा के सभी प्रदेशवासियों से अपील करता हूं कि न तो वे इस बीमारी से डरे और न ही घबराएं। सीएम ने कहा कि हरियाणा में अभी तक कोरोना वायरस से संक्रमित कोई मरीज नहीं है। जबकि विदेश से आए सैंकड़ों प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य महकमे ने अपनी निगरानी में भी रखा है। निगरानी में रखने वाले लोगों में भी इस वायरस का संक्रमण नहीं पाया गया है।

सीएम ने कहा कि इस वायरस से बचने का सबसे बड़ा उपाय है, इस वायरस के प्रति जागरूकता। इस वायरस से बचाव की जानकारी न होने से इसका संक्रमण फैल सकता है। इसलिए इस वायरस को लेकर हमें जागरूक होना है। सरकार ने इसके लिए राज्यस्तर पर हेल्पडेस्क स्थापित किया है। जिसका नंबर 8558893911 है। जबकि जिला स्तर पर भी हेल्पलाइन डेस्क बनाए गए हैं, जिसका नंबर 108 है। 

प्रदेशवासी इन नंबर पर फोन कर कोरोना वायरस की जानकारी ले सकते हैं। इस वायरस से बचने के लिए सफाई का ध्यान रखें, खांसते व छींकते समय मुंह पर रूमाल रखें। हाथों को बार-बार साबुन से धोएं व भीड़ वाली जगह पर जाने से बचें, अगर ऐसी जगह पर जाना पड़े तो मास्क पहनकर जाएं। सीएम ने कहा कि इस वायरस से बचने के लिए प्रदेश सरकार ने तमाम जरूरी इंतजाम किए हैं और हम लोगों के स्वस्थ्य को लेकर पूरी तरह फिक्रमंद हैं।
 

शाकाहारी बनो, नॉनवेज खाकर वायरस न फैलाओ

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कोरोना वायरस को लेकर ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने लोगों को शाकाहारी बनने की नसीहत दी है। विज ने कहा कि शाकाहारी बनों, तरह-तरह के नॉनवेज खाकर कोरोना जैसे वायरस पैदाकर मानव जाति के लिए खतरा पैदा न करो।

विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस समारोह भी रद्द
हरियाणा सरकार ने इस वायरस के चलते 15 मार्च को होने वाले विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर राज्य स्तरीय समरोह को रद्द कर दिया है। दरअसल, उपभोक्ता अधिकार से जुड़े इस समारोह को भव्य रूप से मनाया जाना था। इतना ही नहीं जिलों में भी इस कार्यक्रम का आयोजन होना था। मगर अब सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को निर्देश दे दिए गए हैं कि एहतियातन इस तरह के कार्यक्रम फिलहाल रद्द कर दिए जाएं।

हिसार, सिरसा की जिला कष्ट निवारण समिति बैठक
कोरोना वायरस के अंदेशे को देखते हुए आगामी 17 मार्च को प्रस्तावित हिसार और फतेहाबाद जिले की जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक को आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। 17 मार्च को ऊर्जा मंत्री चौधरी रणजीत सिंह की अध्यक्षता में जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक प्रस्तावित थी। लेकिन इसे एहतियात के तौर पर स्थगित कर दिया गया है। ऊर्जा मंत्री रणजीत सिंह के अनुसार मार्च के अंतिम सप्ताह में स्थिति का आंकलन करते हुए बैठक की नई तारीख तय की जाएगी।

छुट्टी पर नहीं जाएंगे हेल्थ वर्कर

बहु उद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन हरियाणा ने भी प्रदेश में कोरोना वायरस को लेकर चल रही स्थिति के मद्देनजर ये निर्णय लिया है कि उनका कोई भी स्वास्थ्य कर्मचारी इस दौरान छुट्टी नहीं करेगा। सभी कर्मचारी इस समय पूरी जिम्मेवारी के साथ अपनी-अपनी ड्यूटी करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष ओमपति कादियान, महासचिव हरिनिवास व प्रवक्ता संदीप कुंडू ने कहा कि कोरोना बड़ी समस्या बन गया है जिसका बचाव केवल जागरूकता द्वारा किया जा सकता है।

उन्होंने प्रदेश के सभी बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी से अपील की है कि अपनी जिम्मेदारी समझते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। इस दौरान कोई छुट्टी, निजी समस्या या डॉक्टरों की कमी  को आड़े न आने दे । हरियाणा में कोरोना को महामारी घोषित कर दिया गया है।  उन्होंने सरकार को विश्वास दिलाया कि प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मचारी मन लगाकर सरकार व विभाग के कार्य को करने का कार्य करेगा।

15 मार्च को सीएम आवास का धरना भी टला
कोरोना के खौफ से रोडवेज संगठनों की ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने अपना 15 मार्च का प्रस्तावित सीएम आवास का घेराव व धरना फिलहाल टाल दिया है। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के वरिष्ठ सदस्य हरिनारायण शर्मा, बलवान सिंह दोदवा, जयभगवान कादियान व विजय ढ़ोचक ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा कोराना वायरस को महामारी घोषित किया गया है। ऐसे में सभी शिक्षण संस्थानों को 31 मार्च तक बंद करने एवं तमाम रैली, धरने, जुलूस व प्रदर्शनों पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने पर विचार किया गया।

हरियाणा रोडवेज ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने आपात बैठक बुलाकर सर्वसम्मति से फैसला करते हुए 15 मार्च को करनाल में मुख्यमंत्री के कैम्प कार्यालय पर होने वाले घेराव व प्रदर्शन को आगामी नई तिथि घोषित होने तक टाल दिया गया है। उल्लेखनीय है ये धरना किलोमीटर स्कीम के विरुद्ध व अन्य मांगों के समर्थन में था। उनके अनुसार इस आंदोलन की रणनीति बाद में दोबारा बनाई जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed