मोहालीः कोरोना वायरस मिलने के बाद अलर्ट, एयरपोर्ट में 189 यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोहाली में उत्तर भारत का पहला कोरोना वायरस का संदिग्ध मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। मंगलवार को मोहाली एयरपोर्ट पर सिविल सर्जन की अगुवाई में मेडिकल टीम ने शारजाह से आए 189 यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग की। सिविल सर्जन ने लोगों से कोरोना वायरस से सचेत रहने की अपील की है।
सोमवार को मोहाली के एक व्यक्ति को कोरोना वायरस का संदिग्ध मानते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। जहां आइसोलेशन वार्ड में उसका इलाज चल रहा है। उस मरीज के सैंपल पुणे भेजे गए हैं, जहां से रिपोर्ट आने में तीन दिन का समय लगेगा। इधर, मंगलवार को सेहत विभाग हरकत में आ गया।
सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह की अगुवाई में मेडिकल टीम ने चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विदेश से लौटे यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग की। सिविल सर्जन की अगुवाई वाली मेडिकल टीम में जिला एपिडिमोलोजिस्ट डॉ. हरमनदीप कौर, डॉ. नवदीप सिंह, डॉ. पुनीत, स्टाफ नर्स हरसिमरन कौर व हेल्थ वर्कर बलजीत सिंह शामिल थे।
सिविल सर्जन ने बताया कि किसी भी यात्री में खांसी, जुकाम, बुखार या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण नहीं थे। कोई भी यात्री ऐसा नहीं मिला जो पिछले कुछ दिन के दौरान चीन गया हो या चीन से आए किसी भी व्यक्ति से उसका संपर्क रहा हो। सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि देश में अभी तक जितने भी मामले सामने आए हैं वे संदिग्ध हैं। कोरोना वायरस के किसी भी मरीज की पुष्टि नहीं हुई है।
उन्होंने जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि सावधानी व बचाव जरूरी है। उन्होंने लोगों से कहा है कि कोई भी संदिग्ध मरीज उनकी जानकारी में आए तो तुरंत सेहत विभाग को सूचित करें या नजदीकी सेहत संस्था में उसकी जांच करवाएं।
सिविल सर्जन ने बताया कि एयरपोर्ट पर अलग कमरा तैयार कर लिया गया है। जहां किसी भी संदिग्ध मरीज की जांच की जा सके। साथ ही जिले की सभी सरकारी सेहत संस्थाओं में अलग आइसोलेशन रूम तैयार किए गए हैं। विदेश आने-जाने वाले यात्रियों को कोरोना वायरस के लक्षणों, सावधानियों व बचाव के बारे में जानकारी दी जा रही है।
क्या हैं इसके लक्षण
कोरोना वायरस के लक्षण स्वाइन फ्लू जैसे हैं। इसके संक्रमण के फलस्वरूप बुखार, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, नाक बहना और गले में खराश जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
बरतें जरूरी सावधानियां
- अपने हाथ साबुन-पानी या अल्कोहल युक्त हैंड रब से साफ करें।
- खांसते या छींकते हुए अपनी नाक और मुंह को टिश्यू या मुड़ी हुई कोहनी से ढकें।
- जिन्हें सर्दी या फ्लू जैसे लक्षण हों उनके साथ करीबी संपर्क बनाने से बचें।
- मीट व अंडों को खाने से पहले अच्छे से पकाएं।
- जंगली और खेतों में रहने वाले जानवरों के साथ असुरक्षित संपर्क न बनाएं।
- भीड़भाड़ वाली जगह पर न जाएं, खास तौर पर चीन से सफर कर लौटे व्यक्ति से दूर रहें।
- सब्जी और फलों को खाने से पहले अच्छी तरह धोएं।
कोरोना वायरस का असर
इसका पहला मरीज चीन में मिला जिसने 5 जनवरी, 2020 को अंतिम सांस ली। अब तक चीन के अलावा फ्रांस में 2, ऑस्ट्रेलिया में 1, थाईलैंड में 4, जापान में 2, दक्षिण कोरिया में 2, अमेरिका में 2, वियतनाम में 2, सिंगापुर में 3, नेपाल में 1, हांगकांग में 5, मकाऊ में 2 और ताइवान में 3 कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं।
कोरोना वायरस के खतरे के चलते चीन सरकार ने जंगली जानवरों के व्यापार पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया है। चीन के खूबे प्रांत में कोरोना वायरस की वजह से अब तक 76 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। पूरे चीन में कोरोना वायरस की वजह से अब तक कुल 80 लोगों की मौत हो चुकी है। 2744 लोग संक्रमित हैं। 5794 लोगों के इस वायरस से संक्रमित होने का संदेह है और तीस हजार से ज्यादा लोगों को निरीक्षण में रखा गया है।
कहां से फैलना शुरू हुआ वायरस
यह वायरस सबसे पहले चीन के वुहान शहर से फैलना शुरू हुआ। इसके बाद इससे पीड़ित मरीज थाईलैंड, सिंगापुर, जापान में भी मिल रहे हैं। हाल ही में इंग्लैंड में भी एक परिवार के इस वायरस की चपेट में आने की जानकारी सामने आई है।
कोरोना वायरस से संक्रमित हो सकते हैं पालतू जानवर
पालतू जानवर कोरोना वायरस से संक्रमित हो सकते हैं। 2011 के अध्ययन के अनुसार, बिल्लियों में संक्रामक पेरिटोनिटिस हो सकता है। एक पैंट्रोपिक कैनाइन कोरोना वायरस बिल्लियों और कुत्तों को संक्रमित कर सकता है।