सात महीने बाद चंडीगढ़ में जीएमएसएच-16 में शुरू हुई सर्जरी और ओपीडी, मरीजों को मिली राहत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सात महीने के लंबे इंतजार के बाद सोमवार को चंडीगढ़ के जीएमएसएच-16 में ओपीडी के साथ मरीजों की सर्जरी भी शुरू कर दी गई। पहले दिन ओपीडी में 1084 मरीजों ने डॉक्टरों से परामर्श लिया जबकि 12 मरीजों के ऑपरेशन किए गए। अस्पताल में सामाजिक दूरी के साथ मरीजों के पंजीकरण व ओपीडी में आने की व्यवस्था की गई थी।
डॉक्टरों ने भी कोरोना से बचाव के सभी नियमों का पालन करते हुए ओपीडी में मरीजों को परामर्श दिया। बता दें कि कोविड के दौरान भी अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग और बाल रोग विभाग की ओपीडी का संचालन चल रहा था। सोमवार को हड्डी रोग, त्वचा रोग, सर्जरी और मेडिसिन विभाग में सात महीने बाद ओपीडी में मरीज देखे गए।
सोमवार को ओपीडी के पंजीकरण के लिए सुबह 8 बजे से ही काउंटर पर मरीज इकट्ठा होने लगे। इस दौरान वहां ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने मरीजों और उनके तीमारदारों को मास्क वितरित कर दो गज की दूरी के मुताबिक उन्हें लाइन में लगकर पंजीकरण कराने की सलाह दी। अस्पताल में फिलहाल ईएनटी, आई, डेंटल और साइकेट्री की ओपीडी शुरू नहीं की गई है। इसे भी अगले हफ्ते तक शुरू कर दिया जाएगा।
ऑपरेशन में पहले से पंजीकृत मरीजों को प्रमुखता
स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने कहा कि ऑपरेशन में पहले से पंजीकृत मरीजों को प्रमुखता दी जा रही है। उसके बाद ही नए मरीजों का पंजीकरण किया जाएगा। वहीं, ओपीडी में एक दिन में एक डिपार्टमेंट में 60 से 70 मरीज देखे जाएंगे। पहले दिन इसका पालन करते हुए पंजीकरण किए गए ताकि सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने में कोई परेशानी न हो।
लोग बोले- अब मिली राहत
कोरोना के कारण अस्पतालों की ओपीडी बंद हो जाने से इलाज के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। सात महीने बाद जीएमएसएच-16 की ओपीडी खुल जाने से अब परेशानी काफी हद तक दूर हो जाएगी। - महेश वर्मा, सेक्टर-22
कोरोना संक्रमण के बीच अन्य बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को इलाज के लिए काफी परेशान होना पड़ रहा था। ऐसे में जीएमएसएच-16 की ओपीडी शुरू हो जाने से उन्हें काफी सहूलियत होगी। प्रशासन को जीएमसीएच 32 की ओपीडी को भी जल्द से जल्द शुरू करने का निर्णय लेना चाहिए। - नरेश यादव, हल्लोमाजरा
पहले दिन किस विभाग में कितने मरीज देखे गए
- विभाग देखे गए मरीज
- स्त्री एवं प्रसूति रोग 151
- मेडिसिन 380
- हड्डी रोग 50
- बाल रोग 96
- त्वचा रोग 51
- सर्जरी 50
- इमरजेंसी 298
पहले दिन कितने ऑपरेशन
- मेजर सर्जरी- 4
- माइनर सर्जरी- 8
ओपीडी में कोरोना से बचाव के मानकों का पालन करते हुए मरीजों को परामर्श दिया गया। अगर कोरोना के पॉजिटिव केसों की संख्या ऐसे ही नियंत्रित रही तो 10 दिन के अंदर पूर्व की तरह सभी ओपीडी का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। - डॉ वीके नागपाल, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट, जीएमएसएच 16


