अपनों को ही रास नहीं आई किरण की उम्मीदवारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष रामवीर भट्टी और किसान मोर्चा चंडीगढ़ के अध्यक्ष जुझार सिंह बढ़हेड़ी और भजन सिंह माड़ू ने विरोधस्वरूप इस्तीफा दे दिया है। नाराज कार्यकर्ताओं ने रविवार को शहर में कई जगहों पर घोषित उम्मीदवार किरण खेर के पुतले फूंके। पार्टी कार्यालय कमलम् में भी दिनभर हंगामा चलता रहा।
हालांकि विरोध के बीच किरण खेर के लिए अच्छी खबर है कि पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यपाल जैन ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे सभी मिलजुल कर एवं एकजुट होकर चंडीगढ़ से भाजपा प्रत्याशी किरण खेर के लिए चुनाव प्रचार में लग जाएं।
भाजपा समर्थकों ने की विरोध की घोषणा
रविवार को सेक्टर-26 स्थित ट्रांसपोर्ट चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और किरण खेर का पुतला फूंका। इसके बाद धनास में प्रदर्शन और पुतले फूंके गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि 18 मार्च को जब किरण खेर चंडीगढ़ आएंगी तो उनका स्वागत नहीं विरोध किया जाएगा। भाजपा के हरीशंकर मिश्रा और रामवीर भट्टी ने कहा कि यदि शहर के किसी नेता को टिकट नहीं मिला तो वह किसी बाहरी उम्मीदवार का साथ नहीं देंगे और न ही उसके लिए प्रचार करेंगे।
फैसले को बदलने की मांग लेकर दिल्ली में डटे नेता
रविवार को एक तरफ जहां शहर में खेर का विरोध हो रहा था तो दूसरी ओर प्रदेश कार्यकारिणी के कई सदस्य दिल्ली जाकर इस फैसले को बदलने की मांग लेकर पहुंच गए। वहीं पार्टी के इस फैसले के बाद से प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन रविवार शाम तक चंडीगढ़ नहीं लौटे थे। रविवार सुबह उनके समर्थक भी दिल्ली चले गए। दूसरी ओर हरमोहन धवन रविवार सुबह दिल्ली से लौट आए और दिनभर अपने समर्थकों के साथ रणनीति बनाने में जुटे रहे।
मैं बाहरी नहीं, चंडीगढ़ की हूं: किरण खेर
विरोध को लेकर किरण खेर ने कहा कि मैं चंडीगढ़ की हूं। मेरा जन्म चंडीगढ़ में नहीं हुआ तो क्या। पिछले नगर निगम चुनाव में मैंने 15 दिन से ज्यादा प्रचार किया। पार्टी ने जहां मेरी ड्यूटी लगाई, उसे पूरा किया। फिर भी मुझे बाहरी बताया जा रहा है। मेरा विरोध हो रहा है। टिकट पार्टी ने दिया है। वोट तो नरेंद्र मोदी और पार्टी को ही डलना है। खेर ने फोन पर बताया कि 18 मार्च को चंडीगढ़ पहुंच रही हूं। अभी मुंबई में सीए के पास नामांकन की तैयारी कर रही हूं।