Chandigarh Weather: बीस घंटे की बरसात ने तोड़ा चार साल का रिकॉर्ड, नहीं थमेगा बारिश का दौर, येलो अलर्ट जारी
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि शनिवार को काफी ज्यादा बारिश हुई है। यह बारिश अगले दो दिन तक जारी रह सकती है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में बीस घंटे से लगातार हो रही बारिश ने पिछले चार साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शनिवार दिनभर में कुल 76 एमएम बारिश दर्ज की गई जो बीते चार सालों में सितंबर महीने में एक दिन की सबसे अधिक बारिश है। इससे पहले वर्ष 2018 में 23 सितंबर को कुल 77.7 एमएम पानी बरसा था। बारिश का यह दौर अगले दो दिन तक जारी रहने का अनुमान है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
लगातार बारिश से शहर में जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। गांव-कॉलोनियों के साथ शहर के कई चौक-चौराहे जलमग्न हो गए। यही नहीं बारिश के बीच कई पेड़ भी जड़ से उखड़ गए। गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। शहर के कई इलाकों में पानी भरने से गाड़ियां फंस गईं और जाम की स्थिति भी पैदा हो गई।
शुक्रवार रात दो बजे शहर में बारिश शुरू हुई जो एक रफ्तार से शनिवार को पूरे दिन और देर रात तक जारी रही। बारिश का असर ऐसा रहा कि चंडीगढ़ के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में सिर्फ दो डिग्री का फर्क रहा। ऐसा बहुत कम होता है। शहर में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 8 डिग्री कम रहा। बारिश की वजह से पारे में यह गिरावट देखी गई। वहीं, न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि शनिवार को काफी ज्यादा बारिश हुई है। यह बारिश अगले दो दिन तक जारी रह सकती है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। स्थिति पर विभाग की पूरी नजर है और समय-समय पर मौसम का अपडेट जारी किया जा रहा है।
लगातार बारिश नहीं झेल पाए पेड़
सुबह के समय सेक्टर-47सी में घर के आगे खड़ी कार पर एक पेड़ गिर गया। इससे कार को काफी नुकसान हुआ। गोल्फ कोर्स के पास भी एक पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे आधी सड़क बंद हो गई। इसके अलावा सेक्टर-9डी की पार्किंग में भी एक पेड़ की बड़ी डाली टूटकर गिर गई। ये डाली पार्किंग के एंट्री-एग्जिट प्वाइंट के पास गिरी। हालांकि उस समय कोई गाड़ी वहां पर नहीं खड़ी थी, इसलिए बड़ा हादसा होने से बच गया।
चौकों पर भरा पानी, रेलवे अंडरपास में फंसी कार
भारी बारिश की वजह से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। कई सड़कें पानी में डूब गईं। कई प्रमुख चौराहों पर पानी भर गया। औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित रेलवे अंडरपास में भी काफी पानी भर गया, जिसमें एक कार फंस गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार चालक की जान बचाई। इसके अलावा गांवों की स्थिति भी बद से बदतर हो गई है। लगभग सभी गांवों की सड़कें चलने लायक नहीं बची हैं। लोग पिछले काफी समय से सड़कों को ठीक करने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। इस वजह से लोग अब परेशानी झेल रहे हैं।
सितंबर माह में अब तक हुई बारिश
वर्ष एक दिन में अधिकतम बरसात2021 45.8
2020 3.6
2019 29.1
2018 77.7
2017 57.1
2016 13.8
2015 101.0
2014 70.8
2013 37.2
आने वाले पांच दिनों का पूर्वानुमान
दिन अधिकतम तापमान न्यूनतम25 सितंबर 25 23
26 सितंबर 30 23
27 सितंबर 31 23
28 सितंबर 31 24
29 सितंबर 31 24