पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि: पंजाब भर में कांग्रेस का प्रदर्शन, कहीं पुतला फूंका, कहीं रस्सी से खींचा ट्रैक्टर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर सोमवार को पूरे पंजाब में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। इस दौरान जगह-जगह पर केंद्र सरकार के पुतले भी जलाए गए और रोष रैली भी निकाली गई। फिरोजपुर में कांग्रेस व किसानों ने भाजपा नेता सुखपाल सिंह नन्नू की कोठी के आगे धरना दिया। वहीं जलालाबाद में कांग्रेसियों ने शहीद ऊधम सिंह चौक के पास विरोध प्रदर्शन किया।
जलालाबाद में एनएसयूआई के महासचिव गुरजोत संधू की अगुवाई में रेहड़ी पर बाइक रखकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि धान की बिजाई के सीजन दौरान डीजल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है, जबकि किसान पहले ही कर्जे की मार झेल रहे हैं। डीजल-पेट्रोल की कीमतों बढ़ने से टैक्सी चालकों का कारोबार ठप होने के साथ-साथ ट्रक ऑपरेटर भी परेशान हैं। आर्थिक बोझ के कारण अब किसान, मजदूर, व्यापारी, टैक्सी कारोबारी, ट्रक ऑपरेटर खुदकुशी के रास्ते पर चल पड़े हैं।
राजपुरा में केंद्र सरकार पर बरसी कांग्रेस
डीजल-पेट्रोल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ने राजपुरा के शहीद प्रभाकर चौक पर रोष प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार का पुतला फूंका। विधायक हरदियाल सिंह कंबोज ने कहा केंद्र सरकार ने तेल की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि कर आम जनमानस को परेशान कर रखा है। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र सरकार आम जनमानस के हितों की रक्षा नहीं कर सकती तो उन्हें त्याग पत्र दे देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी केन्द्र में सहयोगी दलों के साथ मिलकर सरकार बनाएगी और लोगों की उम्मीदों पर खरी उतरेगी। इस मौके पर कांग्रेस जिला यूथ प्रधान निर्भय सिंह मिलटी, नगर काउंसिल प्रधान नरेंद्र शास्त्री, जसविंद्र सिंह आहलुवालिया, तरुण कटारिया मौजूद रहे।
जालंधर: कांग्रेस का डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने के खिलाफ धरना
जालंधर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। बाद में डीसी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सामाजिक दूरी बनाकर रखा और डीसी ऑफिस के भीतर ज्ञापन देने चुनिंदा लोग ही गए। धरना-प्रदर्शन में सांसद चौधरी संतोख सिंह, विधायक परगट सिंह, विधायक राजिंदर बेरी, विधायक बावा हैनरी, कांग्रेस प्रधान बलदेव सिंह देव ने शिरकत की।
चेहरे पर मास्क लगाकर बैठे नेताओं ने एक सुर में कहा कि माल ढुलाई भाड़ा बढ़ने से सभी उत्पाद महंगे हो रहे हैं। अच्छे दिन लाने का वादा करने वाली मोदी सरकार अब गरीबों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ने में लगी है। दो दिन पहले हुए एक कार्यक्रम में शारीरिक दूरी के नियमों का पालन न करने पर कांग्रेस नेताओं की बहुत किरकरी हुई थी। अकाली दल के धरना-प्रदर्शन के दौरान नियमों का उल्लंघन हुआ था, जिसको लेकर पुलिस कमिश्नर से शिकायत भी की गई थी।
पठानकोट में कांग्रेसियों ने केंद्र का पुतला फूंका
पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भड़के कांग्रेसियों ने सुंदरचक्क-बनीलोधी रोड पर रोष प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका। भोआ विधायक जोगिंद्रपाल के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक जोगिंदर पाल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि कर सरकार आम जनता पर बोझ बढ़ा रही है। इन दिनों धान की बिजाई की जा रही है और किसानों को डीजल की सख्त जरूरत है।
डीजल की कीमत में रिकॉर्ड तोड़ बढ़ोतरी का सीधा असर किसानों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन महंगा होगा। जिससे लगभग हर चीज के दाम में वृद्धि होगी। मार्केट कमेटी चेयरमैन लखबीर सिंह और यूथ कांग्रेस प्रधान कुलजीत सैनी ने कहा कि महंगाई ने देश की जनता की कमर तोड़ कर रख दी है। ऊपर से पेट्रोल और डीजल के लगातार बढ़ते दाम की भी भारी मार पड़ी है। इस मौके पर जिला परिषद चेयरमैन सीता देवी, राजकुमार सहोड़ा, लखबीर सिंह, तरसेम, किरण बाला, सोहन लाल, गोल्डी सरना, कुलजीत सैनी, सरपंच अमरिंदर सिंह, सरपंच संदीप कुमार, सरपंच सतीश कुमार मौजूद रहे।
संगरूर में बिना तेल के ट्रैक्टर खींचा
संगरूर में पेट्रोल व डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ सोमवार को यूथ कांग्रेस, एनएसयूआई व सेवा दल के प्रतिनिधियों ने डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर मांगपत्र सौंपा। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं ने डीसी दफ्तर में बिना तेल के ट्रैक्टर को रस्सी से खींचकर केंद्र सरकार के खिलाफ रोष जाहिर किया। सुनाम हलका प्रभारी व प्रदेश प्रवक्ता दामन थिंद ने कहा कि पिछले तीन माह से लोगों के कारोबार बंद पड़े हैं और केंद्र सरकार ने लोगों को राहत देने की बजाए उन पर बोझ डाल रही है।
जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गोबिंदर खंगूड़ा ने कहा कि डीजल-पेट्रोल की कीमतें बढ़ने से सभी वर्ग परेशान हैं। एनएसयूआई अध्यक्ष मनिंदर सिंह ने कहा कि महंगाई के बोझ से अब किसान, मजदूर, व्यापारी, टैक्सी कारोबारी, ट्रक ऑपरेटर और आम लोग खुदकुशी की राह पर चलने लगे हैं। इस मौके पर सेवादल संगरूर की जिलाध्यक्ष नीना कंडा, दीप टिवाणा, बब्बू भुल्लर, रवि डसका, अमृत सिंह, हिम्मत बाजवा मौजूद रहे।
हलवारा: मुल्लांपुर में कांग्रेसियों ने लगाया धरना
पेट्रोल और डीजल दाम में बढ़ोतरी के खिलाफ सोमवार को मुल्लांपुर दाखा में कांग्रेस ने शाही धरना दिया। धरने की अगुवाई सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के नजदीकी कैप्टन संदीप संधू करने जा रहे थे इसलिए धरना स्थल पर टेंट, पंखे और गद्दों का प्रबंध किया गया था। धरने के दौरान जहां कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ार्इं। कैप्टन संदीप संधू ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार तेल के दाम बढ़ा रही है। इससे आम लोगों पर मार पड़ रही है। जिला प्रधान ग्रामीण सोनी गालब ने इस दौरान मनमोहन सिंह की खूब प्रशंसा की।
बठिंडा: कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम भेजा मांगपत्र
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पेट्रोल-डीजल के दाम में हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता हरविंदर सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को लूट रही है। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक मांगपत्र भी भेजा। प्रदर्शनकारी विरोध के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग भी भूल गए। कई कार्यकर्ताओं ने फोटो खिंचवाने के लिए मास्क भी उतार दिया।
नवांशहर: पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोत्तरी पर गुस्सा फूटा
पेट्रोल-डीजल के दाम में लगातार हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस के प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ की अध्यक्षता में प्रदर्शन किया गया। जाखड़ ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की सेना का सम्मान भी नीचे हुआ है। मोदी सरकार सिर्फ भाषण देने वाली सरकार है। इससे पहले कांग्रेसी नेता आईटीआई से डीसी दफ्तर तक ट्रैक्टर को रस्सी से खींचकर डीसी दफ्तर तक लाए। वहां पर पार्टी नेताओं ने डीसी छीना अग्रवाल को मांगपत्र भी सौंपा। इस मौके पर विधायक अंगद सिंह, विधायक दर्शन लाल मंगुपुर, जिला प्लानिंग बोर्ड चेयरमैन सतबीर पल्ली झिक्की, बलाचौर नगर काउंसिल प्रधान टिंकू घई, यूथ कांग्रेस जिला प्रधान हीरा खेपड़ मझोट, विपन तनेजा मौजूद रहे।
सरकार ने किसानों को मुश्किल में डाला: चीमा
पेट्रोल व डीजल के मूल्य में की गई वृद्धि पर सोमवार को सुल्तानपुर लोधी विधायक नवतेज सिंह चीमा की अध्यक्षता में नारेबाजी की गई। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम एसडीएम सुल्तानपुर लोधी डॉ. चारूमिता को ज्ञापन भी सौंपा। चीमा ने कहा कि पंजाब में किसान धान की रोपाई कर रहे हैं। इस समय रेट बढ़ाकर केंद्र ने किसानों को मुश्किल में डाल दिया है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र ने एमएसपी को खत्म करने की कोशिश की तो पंजाब के किसान आंदोलन करेंगे और दिल्ली की जेलों को भरेंगे। उन्होंने कहा कि चीन की सीमा पर शहीद हुए जवान केंद्र की विफल विदेश नीति का नतीजा है। मौके पर मार्केट कमेटी के चेयरमैन परविंदर सिंह पप्पा, दीपक धीर राजू, ब्लाक समिति चेयरमैन रजिंदर सिंह तकिया, जिला परिषद उपाध्यक्ष हरजिंदर सिंह, नगर परिषद प्रधान अशोक मोगला, तेजवंत सिंह मौजूद रहे।
फतेहगढ़ साहिब: तेल की कीमतों के खिलाफ डीसी को सौंपा ज्ञापन
तेल की कीमतों को लेकर जिला फतेहगढ़ साहिब के तीन विधायकों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम डिप्टी कमिश्नर अमृत कौर गिल को ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने कहा कि मोदी सरकार की तरफ से रोजमर्रा की तेल की कीमतों में वृद्धि ने लोगों की जिंदगी में भारी नुकसान किया जा रहा है। धरने में फतेहगढ़ साहिब के विधायक कुलजीत सिंह नागरा जी, विधायक बस्सी पठाना गुरप्रीत सिंह जीपी, हलका अमलोह के विधायक काका रणदीप सिंह, जिला योजना बोर्ड चेयरमैन हरिंदर सिंह भांबरी, सुभाष सूद जिला प्रधान, मार्केट कमेटी अमलोह चेयरमैन जसमीत सिंह राजा, वाइस चेयरमैन राजिंदर बिट्टू मौजूद रहे।