PM मोदी को कांग्रेस सांसद का पत्र: बिट्टू ने लिखा- अफ्रीकी विद्यार्थी ड्रग तस्करी में संलिप्त, उठाई ये मांग
बिट्टू ने पीएम मोदी को पंजाब के शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए तत्काल कदम उठाने का भी सुझाव दिया और कहा कि छात्रों को बिना परेशान कर जिलों की खुफिया इकाइयों को पंजाब में अफ्रीकी छात्रों की गतिविधियों का विस्तृत सर्वेक्षण करना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अक्सर सुर्खियों में रहने वाले लुधियाना से कांग्रेस सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि पंजाब के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ने वाले अफ्रीकी विद्यार्थी विशेष रूप से नाइजीरियन नशे की तस्करी में संलिप्त हैं।
बिट्टू ने इस समस्या से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों से रणनीति बनाने की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। बिट्टू की यह प्रतिक्रिया गुरुग्राम के एक विश्वविद्यालय में फुटबॉल मैच के दौरान दिल्ली के एक विश्वविद्यालय के स्थानीय और अफ्रीकी छात्रों के बीच हुई झड़प के बाद सामने आई है।
अपने दावे में बिट्टू ने कहा कि पंजाब के विभिन्न विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में नशीली दवाओं की तस्करी और नशीली दवाओं की खपत का खतरा बढ़ रहा है। विशेष रूप से अफ्रीकी देशों जैसे नाइजीरिया आदि से कुछ विदेशी छात्र इन शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ रहे हैं। पहले पाकिस्तान के साथ लगती सरहद हेरोइन की आपूर्ति का एकमात्र मार्ग थी लेकिन पंजाब के विभिन्न विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले अफ्रीकी छात्रों का इस्तेमाल करके नशीली दवाओं, हेरोइन और अन्य सिंथेटिक दवाओं की तस्करी की जा रही है।
पीएम को लिखे पत्र में सांसद ने कहा कि विभिन्न केस स्टडी से पता चला है कि इतनी ही संख्या में महिला छात्रों का भी ड्रग्स की तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है और खुफिया एजेंसियों ने यहां तक पाया है कि भारत और विशेष रूप से पंजाब में रहने वाले इन छात्रों ने सोशल मीडिया पर समूह बनाए हैं।
यह रिकॉर्ड की बात है कि पंजाब में पिछले कई सालों में सैकड़ों अफ्रीकी छात्रों को ड्रग्स सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस समस्या का युद्ध स्तर पर मुकाबला करने के लिए एक व्यापक रणनीति बनाने की आवश्यकता है और केंद्र सरकार को इस प्रक्रिया में बहुत सक्रिय भूमिका निभाने की जरूरत है। बिट्टू ने पीएम मोदी को पंजाब के शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए तत्काल कदम उठाने का भी सुझाव दिया और कहा कि छात्रों को बिना परेशान कर जिलों की खुफिया इकाइयों को पंजाब में अफ्रीकी छात्रों की गतिविधियों का विस्तृत सर्वेक्षण करना चाहिए।