यह कवायद बचाएगी प्रॉपर्टी डीलिंग फ्रॉड से
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब पंजाब के प्रमुख शहरों में किसी भी आम आदमी के लिए प्रॉपर्टी खरीदने के लिए उससे जुड़ी जानकारी हासिल करना आसान हो गया है।
पंजाब अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (पुडा) ने प्रदेश में प्रमुख शहरों में प्रॉपर्टी का पूरा रिकार्ड अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।
यदि किसी व्यक्ति को प्रॉपर्टी खरीदनी हो तो वह पुडा की वेबसाइट पर जाकर जमीन की पूरी जानकारी हासिल कर सकता है।
धोखाधड़ी पर लगेगी लगाम
इससे जहां प्रॉपर्टी बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों पर लगाम लगेगी। वहीं, एनआरआई विदेश में बैठ कर ही अपनी जायदाद का जायजा ले सकेंगे। लोगों की सुविधा के लिए पुडा ने पंजाब के प्रमुख शहरों की प्रॉपर्टी का पूरा ब्योरा ऑनलाइन कर दिया है। प्रदेश में आपराधिक तत्वों द्वारा जाली कागजात तैयार कर कोई भी प्रॉपर्टी अन्य को बेचने के कई मामले सामने आते रहे हैं।
इस तरह की वारदात के सबसे ज्यादा शिकार विदेशों में बसे वे पंजाबी होते रहे हैं, जिनकी संपत्ति पंजाब में है। प्रापर्टी की खरीद-फरोख्त में धांधली के मामलों को देखते हुए सरकार ने प्रदेश के सभी छह अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी को प्रापर्टी का पूरा ब्योरा ऑनलाइन करने का निर्देश दिया था।
इसके साथ ही सरकार ने सभी अथॉरिटी के साथ लगते एरिया भी इनमें शामिल कर दिए हैं। अब अथॉरिटी ने निकटवर्ती इलाकों का भी पूरा डाटा ऑनलाइन कर दिया है। इस योजना से एनआरआई को सबसे ज्यादा सहूलियत हो गई है, जिन्हें हर समय अपनी प्रॉपर्टी पर कब्जे का खतरा बना रहता था।
पुडा की वेबसाइट पर मिलेगी यह जानकारी
पुडा ने अपनी वेबसाइट पर इसके लिए खास लिंक दिया है। लिंक को क्लिक करने के बाद व्यक्ति को संबंधित शहर के अथॉरिटी के लिंक पर जाना होगा। उसके बाद लोकेशन, सेक्टर, यूसेज और प्रॉपर्टी टाइप भरना होगा।
अंत में प्रॉपर्टी नंबर या फॉर्म नंबर भरते ही संबंधित प्रॉपर्टी का सारा ब्योरा कंप्यूटर स्क्रीन पर आ जाएगा। इस तरह अब लोग कोई भी प्रॉपर्टी खरीदते से पहले आसानी से यह देख सकते हैं कि संबंधित प्रापर्टी का मालिक असली है या नहीं।
किस अथॉरिटी में हैं कौन से इलाके
ग्रेटर मोहाली अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी - मोहाली, किरतपुर साहिब, आनंदपुर साहिब, न्यू चंडीगढ़, राजपुरा।
बठिंडा डेवलपमेंट अथॉरिटी - बठिंडा, अबोहर, बुढलाडा, फरीदकोट, फाजिल्का, मलौट, मानसा, मुक्तसर, रामपुरा।
जालंधर डेवलपमेंट अथॉरिटी - जालंधर, होशियारपुर, बुलंदपुर, कपूरथला, मुकेरियां, फगवाड़ा, फिल्लौर, सुल्तानपुर लोधी।
अमृतसर डेवलपमेंट अथॉरिटी - अमृतसर, बटाला, पठानकोट, गुरदासपुर, मलिकपुर।
पटियाला अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी - पटियाला, नाभा, संगरूर।
ग्रेटर लुधियाना एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी - लुधियाना, फिरोजपुर तहसील, जीरा, मोगा, नवांशहर