हरियाणा: डायल 112 इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम शुरू, मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने किया शुभारंभ
पंचकूला में सीएम दौरे के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। सुरक्षा के मद्देनजर शहर में चप्पे-चप्पे पर जवानों को तैनात किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में आपातकालीन स्थिति के लिए अब से नागरिकों को 112 नंबर डायल करना होगा। यह नई हेल्पलाइन पुलिस, फायर ब्रिगेड, और एंबुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए काम करेगी। यह एकीकृत प्रणाली चौबीसों घंटे कार्य करेगी। यह सेवा 13 जुलाई को सुबह 8 बजे से चालू हो जाएगी।
हरियाणावासियों को 24 घंटे सुरक्षा प्रदान के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को पंचकूला में हरियाणा-112 आपातकालीन त्वरित सहायता प्रणाली का उद्घाटन किया। इस मौक पर गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज और विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि 630 नई इनोवा गाड़ियां रवाना की गईं हैं। वहीं इस परियोजना के लिए 300 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने नई प्रणाली के शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब हरियाणा पुलिस केवल एक कॉल की दूरी पर होगी। व्यक्ति को संकट की स्थिति में केवल 112 नंबर पर कॉल करने की आवश्यकता होगी और 15 से 20 मिनट में उस तक पुलिस की मदद पहुंचेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का विकास पांच एस- शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभिमान और स्वावलंबन पर केंद्रित है। इस एकीकृत आपातकालीन हेल्पलाइन 112 के उद्घाटन के साथ ही प्रदेश के लोगों को सुरक्षा और स्वावलंबन सुनिश्चित किया जाएगा।
हर विधानसभा क्षेत्र में 10 वाहन तैनात करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पंचकूला से मोबाइल डाटा टर्मिनलों से लेस 630 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स को झंडी दिखाकर रवाना करने के बाद 300 और ऐसे वाहन जोड़े जाएंगे, ताकि हर विधानसभा क्षेत्र में 10 वाहन तैनात करने का लक्ष्य हासिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में 300 पीसीआर वाहन हैं, जिन्हें आने वाले समय में आधुनिक तकनीक से युक्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इजराइल की इस हाईटेक प्रणाली को देखकर ही हरियाणा के लोगों को भी इस तरह का प्लेटफार्म उपलब्ध कराने की जरूरत महसूस हुई। हरियाणा 112 से आपातकालीन सेवाप्रदाताओं के बीच जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
हरियाणा-112 से आएगी पारदर्शिता: विज
गृह मंत्री अनिल विज ने इस मौके पर कहा कि हरियाणा-112 परियोजना पारदर्शिता लाएगी। इससे विभिन्न आपातकालीन सेवा मुहैया करवाने वालों की जवाबदेही सुनिश्चित करेगी। वहीं हरियाणा पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने कहा कि इस प्रणाली का संचालन लगभग 5000 प्रशिक्षित कर्मियों, स्पॉट पर आवश्यक कार्रवाई करने के लिए प्राथमिक चिकित्सा-बॉक्स, स्ट्रेचर, अपराध निवारण किट आदि सहित 23 इनफ्लीट आइटम से लेस 630 नए चौपहिया वाहनों और परियोजना सलाहकारों द्वारा किया जाएगा। इसमें सी-डेक टोटल सर्विस प्रोवाइडर के रूप में कार्य करेगा।