NITI Aayog meeting: सीएम भगवंत मान ने उठाया एमएसपी को कानूनी दायरे में लाने का मुद्दा
सीएम भगवंत मान ने कहा कि जो दाल देश में बाहर से आ रही है वह पंजाब भी उगा सकता है। अगर केंद्र राज्य के किसानों को दालों पर एमएसपी दे तो किसानों की आर्थिक हालत में भी सुधार होगा और देश का पैसा देश में ही रहेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में रविवार को नई दिल्ली में हुई नीति आयोग की बैठक में पहली बार शिरकत की। बैठक में उन्होंने पंजाब के कई मुद्दे उठाए। प्रमुख रूप से फसलों के लिए एमएसपी को कानूनी दायरे में लाए जाने का मुद्दा उठाया।
उन्होंने बैठक में केंद्र द्वारा गठित की गई एमएसपी कमेटी को दोबारा से बनाने की मांग रखी। मान ने कहा कि पंजाब के हित के लिए किसानों को फसलों की विभिन्नता के लिए प्रेरित किया जाना आवश्यक है। केंद्र को इसमें राज्य का सहयोग करना चाहिए। इसके पीछे की वजह यह है कि 150 जोन में से 117 डार्क जोन में चले गए हैं।
बैठक में शिरकत करने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ अच्छे माहौल में बैठक हुई है। पंजाब के सभी मुद्दे प्रधानमंत्री के सामने रखे गए हैं। हमने पंजाब के पानी का मुद्दा प्रधानमंत्री के सामने रखा। एमएसपी कमेटी को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब की ओर से साफ कर दिया गया है कि इस कमेटी में उन लोगों को लिया जाए जो लोग सीधे तौर से खेती से जुड़े हैं। जिन लोगों ने लंबा संघर्ष किया है उन्हें नजरअंदाज किया गया है।
किसानों का कमेटी में अनुपात कम है। यदि कल वोटिंग होती है तो किसानों की कोई सुनवाई नहीं हो पाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब के शिक्षा स्तर को ऊपर उठाने के लिए अपनी बात रखी है। हमारे बहुत से इलाके ऐसे हैं जहां बच्चों के आने जाने का साधन भी नहीं है जिसके कारण बच्चे अपनी पढ़ाई भी पूरी नहीं कर पाते।
बुड्ढे नाले को लेकर भी पंजाब की ओर से अपनी बात रखी गई है कि राज्य का पानी बहुत नीचे चला गया और जो है वह खराब होता जा रहा है उसके लिए सरकार हमारी सहायता करे। वहीं फसल विविधीकरण बहुत जरूरी है जिससे किसान को सहूलियत मिल सके। पंजाब के जमीन बहुत उपजाऊ है सरकार हमें मदद करे।
पंजाब भी उगा सकता है दालें
मुख्यमंत्री ने बताया कि जो दाल देश में बाहर से आ रही है वह पंजाब भी उगा सकता है। यदि केंद्र राज्य के किसानों को दालों पर एमएसपी दे तो किसानों की आर्थिक हालत में भी सुधार होगा और देश का पैसा देश में ही रहेगा।
कैप्टन पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नीति आयोग की बैठक के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीति आयोग की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री को बुलाया जाता था लेकिन कैप्टन अपने महल से बाहर ही निकलते थे। उन्होंने कहा कि वह अपना होमवर्क पूरी तरह से करके आए थे।