चंडीगढ़ः मारपीट मामले में पंजाब के पूर्व वित्तमंत्री के बेटे पर आरोप तय, 28 जनवरी को अगली सुनवाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के पूर्व वित्तमंत्री दिवंगत कंवलजीत सिंह के बेटे व पूर्व विधायक जसजीत सिंह बन्नी के खिलाफ रिटायर्ड एएसआई प्रकाश चंद से मारपीट करने के मामले में आरोप तय हो गए हैं। मामले की अगली सुनवाई 28 जनवरी को होगी। जिला अदालत ने आरोपी जसजीत के खिलाफ आईपीसी की धारा 341 (ट्रेसपास), 325 (गहन चोट पहुंचाना) और 506 (धमकाना) के तहत आरोप तय किए हैं।
2016 के इस मामले में एफआईआर दर्ज होने के लगभग 10 महीने बाद पुलिस ने अदालत में चालान पेश किया था। पुलिस ने 50 पेज के चालान में सात गवाह बनाए थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उक्त धाराओं के तहत ही मामला दर्ज किया था। ये सभी धाराएं जमानती हैं, इसलिए आरोपी ने चालान पेश होते ही जमानत याचिका दायर कर दी थी। उसे 30 हजार रुपये बेल बांड भरने के साथ जमानत मिल गई थी।
यह है मामला
नवंबर 2016 में जसजीत सिंह बन्नी ने शराब के नशे में पंजाब पुलिस के रिटायर्ड एएसआई प्रकाश चंद के साथ मारपीट की थी। प्रकाश चंद कई साल तक जसजीत सिंह के पिता पूर्व वित्तमंत्री कंवलजीत सिंह के गार्ड रहे थे। कंवलजीत सिंह के निधन के बाद प्रकाश चंद उनकी पत्नी के समर्थक के तौर पर काम कर रहे थे।
कंवलजीत सिंह की पत्नी को विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने टिकट दिया था, जबकि जसजीत सिंह शिरोमणि अकाली दल से थे। गोराहा में आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल की रैली के बाद प्रकाश चंद सेक्टर-9 स्थित जसजीत सिंह के घर में गए जहां उनका स्कूटर खड़ा था। इसके बाद जसजीत सिंह वहां नशे में धुत्त होकर आया और बहस करने लगा। बहस मारपीट तक पहुंच गई थी जिसमें प्रकाश चंद की नाक की हड्डी टूटने के साथ उनको 20 टांके भी लगे थे । इसके बाद प्रकाश चंद ने जसजीत के खिलाफ सेक्टर-3 थाने में मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।