चंडीगढ़ में केजरीवाल का वादा: कचरे के पहाड़ हटेंगे, मुफ्त पानी मिलेगा, फिर बनाएंगे एशिया का सबसे खूबसूरत शहर
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में प्रचार करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर आप चंडीगढ़ में सत्ता में आती है तो हम भ्रष्टाचार को खत्म कर देंगे। नगर निगम के प्रत्येक कार्य के लिए लोग लंबी कतारों में लगते हैं और कार्यालयों से छुट्टी लेते हैं और पैसा खर्च करते हैं। जैसे दिल्ली में अधिकारी काम के लिए लोगों के घर आते हैं, वैसे ही चंडीगढ़ में नगर निगम के अधिकारी आएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस और भाजपा ने एशिया के सबसे सुंदर शहर चंडीगढ़ का बेड़ा गर्क कर दिया। वर्ष 1996 में नगर निगम बनने के बाद कांग्रेस 13 साल जबकि भाजपा 12 साल सत्ता में रही लेकिन दोनों ही पार्टियों ने शहर का कोई भला नहीं किया। भाजपा और कांग्रेस पर हल्ला बोलते हुए रविवार को ये बातें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहीं। केजरीवाल ने कहा कि चंडीगढ़ को फिर से एशिया का सबसे खूबसूरत शहर बनाएंगे।
वह सेक्टर-43 के दशहरा ग्राउंड में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि अब मौका है झाड़ू को जिता दो, हम बताएंगे विकास कैसे होता है। केजरीवाल ने जनता से पांच वादे किए और कहा कि निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी जीती तो इन वादों को पूरा करके ही अगली बार सामने आएंगे।
केजरीवाल ने कहा कि आज स्वच्छता के मामले में चंडीगढ़ देशभर में 66वें स्थान पर पहुंच गया है। भाजपा कहती है कि विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरूरी है। चंडीगढ़ में सांसद, मेयर और प्रशासक भाजपा का है और केंद्र में भी भाजपा है फिर भी आज तक क्यों कुछ नहीं किया। केजरीवाल ने कहा कि हमारा पहला वादा है भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेंगे, दूसरा वादा डड्डूमाजरा में जो कूड़े के पहाड़ है, उसे खत्म करेंगे, तीसरा वादा दिल्ली की तरह चंडीगढ़ में भी पानी नि:शुल्क देंगे, चौथा सड़कें बेहतर बनाना, शहर की साफ-सफाई एवं रख-रखाव को मजबूत करना और पांचवां महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिल्ली की तरह चंडीगढ़ में भी जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइटें लगेंगी।
‘दिल्ली के दोस्त या रिश्तेदार मना कर दें तो वोट न देना’
केजरीवाल ने कहा अगर आपके कोई रिश्तेदार या दोस्त दिल्ली में रहते हैं तो आप उनसे फोन कर पूछ लें कि आम आदमी पार्टी ने वहां क्या विकास किया है। अगर वह कहें कि केजरीवाल ने दिल्ली में काम नहीं किया है तो आप मुझे वोट मत देना, अगर बोलें कि केजरीवाल ने जो कहा, वह करके दिखाया है तो चंडीगढ़ में भी 24 तारीख को आम आदमी पार्टी को वोट देना। आम आदमी पार्टी युवाओं की पार्टी है। हमारे ज्यादातर उम्मीदवार 40 से कम उम्र के हैं।
‘चंडीगढ़ पंजाब को मिलने वाला है तो और अच्छी खबर है’
केजरीवाल ने चुटकी लेते हुए कहा कि एक अफवाह सुनने में आई है कि केंद्र सरकार चंडीगढ़ को जल्द पंजाब को सौंपने की सोच रही है। अगर यह खबर सच है तो कुछ महीने बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने वाली है और चंडीगढ़ पंजाब का हिस्सा होगा तो फिर बीजेपी और कांग्रेस को वोट देना व्यर्थ होगा।
झाड़ू से कीचड़ साफ कर दिया तो दिल्ली में कमल कैसे खिलेगा: भगवंत मान
मंच पर मौजूद आप के पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने कहा कि भाजपा का असली नाम भारतीय जुमला पार्टी। लोग पूछते हैं कि दिल्ली में भाजपा क्यों नहीं आई। हमने बताया कि कमल कीचड़ में खिलता है और हमने झाड़ू से कीचड़ ही खत्म कर दिया। अब वहां कमल कैसे खिलेगा। मान ने लोगों से कहा कि झाड़ू का बटन आपकी किस्मत का बटन है, आपके बच्चों के भविष्य का बटन है, इसलिए 24 दिसंबर को वोट देने जब आप घर से निकलें तो यह सोच कर निकलें कि आज बदलाव का दिन है। 24 दिसंबर 2021 का दिन चंडीगढ़ के इतिहास में बदलाव के रूप में दर्ज होगा।
सिद्धू की चुनौती स्वीकार, जगह और समय बताएं: केजरीवाल
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने आम आदमी पार्टी को बहस की चुनौती दी है। हमें उनकी चुनौती स्वीकार है। सिद्धू जगह और समय तय कर लें। केजरीवाल ने बहस के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान का नाम तय किया और सकारात्मक चर्चा की उम्मीद जताई। कहा कि सिद्धू कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हैं, इसलिए हमारी पार्टी के भी प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान उनसे पंजाब के विकास के मुद्दे पर बहस करेंगे।
‘पंजाब का अमन-चैन खराब करने की साजिश’
श्री हरमंदिर साहिब में बेअदबी की घटना पर दुख जताते हुए केजरीवाल ने कहा कि यह घटना साजिश का हिस्सा हो सकती है। पंजाब का अमन-चैन खराब करने के लिए कुछ गलत ताकतें साजिश रच रही हैं। इस घटना के लिए उन्होंने कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि अगर पिछली बार की बेअदबी मामले के दोषियों को सख्त सजा मिली होती तो किसी व्यक्ति में भी दोबारा ऐसा गुनाह करने की हिम्मत नहीं होती। मैं उम्मीद करता हूं कि जिन लोगों ने भी अपराधी को बेअदबी के लिए श्री हरमंदिर साहिब भेजा, पुलिस उन्हें जल्द गिरफ्तार करेगी।
If AAP comes to power in Chandigarh, we'll end corruption. For every municipality work, people spend money & take offs from offices due to long queues. So municipality officials will come to your residences for work,like in Delhi: Delhi CM Arvind Kejriwal in poll-bound Chandigarh pic.twitter.com/Egj4gCydI0
— ANI (@ANI) December 19, 2021
These garbage dump mountains, like in Daddu Majra Colony, will be removed. We'll make sure Chandigarh becomes the most beautiful city in all of Asia, yet again. Water & electricity is free in Delhi. Chandigarh will also get free water: Delhi CM Arvind Kejriwal in Chandigarh pic.twitter.com/H0cyF9ff0q
— ANI (@ANI) December 19, 2021