Chandigarh: दोबारा होंगे सीनियर डिप्टी और डिप्टी मेयर के चुनाव, प्रशासन को मिली SC के फैसले की कॉपी
सुप्रीम कोर्ट के आदेश की कॉपी के आने के बाद अब 'आप' को डीसी की तरफ से नए नतीजे जारी करने का इंतजार है। इसमें कुलदीप कुमार को 20 और मनोज सोनकर के 16 वोट मिलेंगे। इसके बाद कुलदीप को विजेता घोषित करने संबंधी पत्र जारी होगा, जिसके बाद कुलदीप किसी भी समय पद ग्रहण कर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ में सीनियर डिप्टी और डिप्टी मेयर चुनाव दोबारा होंगे। प्रशासन को सुप्रीम कोर्ट के फैसले की कॉपी मिल गई है। दोनों ग्रुपों की तरफ से उम्मीदवारों के नाम में कोई बदलाव नहीं है।
मेयर चुनाव में भाजपा को हराने के लिए पहली बार आप और कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के बैनर तले एक साथ आए थे। मेयर पद आप के खाते में गया था और सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद पर कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारे थे। अब मंगलवार को मेयर आम आदमी पार्टी के पार्षद कुलदीप बन गए हैं लेकिन वर्तमान में सीनियर डिप्टी मेयर कुलजीत संधू और डिप्टी मेयर राजिंदर शर्मा पद पर बने हैं। दोनों भाजपा के हैं और उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है।
ऐसे में बड़ा सवाल है कि अब आगे कांग्रेस का सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर कैसे बनेगा। कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि अब सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर भी गठबंधन का ही बनेगा। मामले में 26 फरवरी को पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उन्हें उम्मीद है कि हाईकोर्ट उनके हक में फैसला सुनाएगा और सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर उनका बनेगा।
चुनाव नतीजों में संशोधन का इंतजार
इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी कुलदीप कुमार को मेयर बनाने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के आदेश की कॉपी वीरवार निगम पहुंच गई। अब 30 जनवरी को हुए चुनाव के नतीजों में संशोधन किया जाएगा। इसके बाद ही कुलदीप कुमार पद ग्रहण करेंगे। हालांकि अब वह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का इंतजार कर रहे हैं।
माना जा रहा है कि केजरीवाल समेत अन्य बड़े नेता सोमवार को चंडीगढ़ पहुंच सकते हैं। ऐसे में कुलदीप उसी दिन पद ग्रहण करेंगे। कांग्रेस ने भी अपने कई वरिष्ठ नेताओं से समय मांगा है।बताया जा रहा है कि अरविंद केजरीवाल का सोमवार को पंजाब में एक कार्यक्रम है। ऐसे में वह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ चंडीगढ़ पहुंचकर कुलदीप कुमार को पद ग्रहण करा सकते हैं। कांग्रेस से भी कोई वरिष्ठ नेता आ सकता है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि उन्होंने राहुल गांधी समेत अन्य नेताओं से समय मांगा है ताकि इंडिया गठबंधन की इस बड़ी जीत को बड़ा बनाया जा सके।
आप के प्रदेश सह-प्रभारी डॉक्टर सनी अहलूवालिया ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की कॉपी के आने के बाद अब उन्हें डीसी की तरफ से नए नतीजे जारी करने का इंतजार है। इसमें कुलदीप कुमार को 20 और मनोज सोनकर के 16 वोट मिलेंगे। इसके बाद कुलदीप को विजेता घोषित करने संबंधी पत्र जारी होगा, जिसके बाद कुलदीप किसी भी समय पद ग्रहण कर सकते हैं। अहलूवालिया ने कहा कि संशोधित नतीजे जारी होने के बाद पार्टी पद ग्रहण समारोह के कार्यक्रम की घोषणा करेगी।
प्रदीप छाबड़ा से मिलने पहुंचे कुलदीप कुमार
मेयर घोषित होने के बाद कुलदीप कुमार वीरवार को पंजाब लार्ज इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन और आप के वरिष्ठ नेता प्रदीप छाबड़ा से मिलने पहुंचे। प्रदीप छाबड़ा ने कुलदीप कुमार को मेयर बनने की बधाई दी और मुंह मीठा कराया। दोनों में काफी देर तक बातचीत हुई। उनके साथ कई कार्यकर्ता भी पहुंचे थे। बता दें कि कुलदीप कुमार प्रदीप छाबड़ा के काफी करीबी माने जाते हैं।
रोज फेस्टिवल में नहीं जाएंगे कुलदीप
नगर निगम की तरफ से शुक्रवार से तीन दिवसीय रोज फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में कुलदीप कुमार शामिल नहीं होंगे। कुलदीप ने कहा कि वह नगर निगम के कार्यक्रमों में पद ग्रहण करने के बाद शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रोज फेस्टिवल हमारे शहर की शान हैं। हर साल नगर निगम बहुत शानदार तरीके से आयोजन करता है। लोगों को इस खास मौके का साक्षी बनना चाहिए।