चंडीगढ़: बिना बताए छुट्टी ले रहे सफाईकर्मी, निगम निरीक्षण में छह सफाईकर्मी मिले नदारद, केवल एक ने ली छुट्टी
एमओएच औचक निरीक्षण कर शहर की सफाई व्यवस्था देख रहे हैं। पिछले दो दिनों की रिपोर्ट में छह कर्मचारी अनुपस्थित मिले है, जिनमें से पांच ने कोई कारण नहीं बताया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सफाई व्यवस्था को लेकर चंडीगढ़ के नगर निगम आयुक्त केके यादव की सख्ती का असर अब दिखने लगा है। मुख्य सफाई निरीक्षकों को पिछले दो दिनों में छह सफाईकर्मी अनुपस्थित मिले हैं, जिनमें से केवल एक ने ही छुट्टी ली थी, शेष बिना बताए काम से गायब थे। एक कर्मचारी तो सात जून से नहीं आ रहा जबकि दो 28 जून से काम पर नहीं आए हैं। इसके अलावा एक कर्मचारी पांच जुलाई जबकि एक कर्मी निरीक्षण वाले दिन मौके पर नहीं मिला। निगम आयुक्त नोटिस जारी कर सभी से जवाब मांगेंगे।
निगम आयुक्त केके यादव के निर्देश पर एमओएच डॉ. अमृत पाल वडिंग, मुख्य सफाई निरीक्षक और सफाई निरीक्षक सुबह 6 बजे से 9 बजे तक फील्ड में निकल रहे हैं। इस दौरान सफाई निरीक्षक अपने क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हैं। वहीं, सीएसआई उनके कार्यों की समीक्षा करते हैं। एमओएच औचक निरीक्षण कर शहर की सफाई व्यवस्था देख रहे हैं। पिछले दो दिनों की रिपोर्ट में छह कर्मचारी अनुपस्थित मिले है, जिनमें से पांच ने कोई कारण नहीं बताया है। मुख्य सफाई निरीक्षक चंद्रमोहन के क्षेत्र में एक और संदीप धनकर के क्षेत्र में चार कर्मचारी बिना बताए अनुपस्थित मिले हैं।
7 जून से कर्मचारी छुट्टी पर, अधिकारियों को नहीं जानकारी
आयुक्त ने तीन दिन से ज्यादा छुट्टी लेने वाले कर्मचारियों की भी प्रतिदिन जानकारी देने को कहा है। रिपोर्ट के अनुसार, कैंबवाला में तैनात सफाईकर्मी टिंकू 7 जून से क्षेत्र में नहीं आए हैं। वहीं धनास में तैनात धूप सिंह, रायपुरकलां में तैनात खाना और खुड्डा अलीशेर में तैनात मायावन 28 जून से क्षेत्र में नहीं हैं। इसके अलावा किशनगढ़ में तैनात वेंकटेश 5 जुलाई से अवकाश पर हैं।
8 व 9 जुलाई की रिपोर्ट
सीएसआई- 6
कुल कचरा उठा- 294101 किग्रा
सफाई न करने वालों का चालान - 31
प्लास्टिक का चालान - 6
गलत जगह कचरा मिलने का चालान - 36
सफाई व्यवस्था की समीक्षा के लिए ही यह योजना बनाई है। इससे एक ओर सफाई व्यवस्था सुधरेगी, दूसरी ओर निगम की कार्य क्षमता का भी आकलन हो सकेगा। - केके यादव, निगम आयुक्त