आयोग ने किया साफ: हरियाणा में पांच और छह नवंबर को होगी CET, खुफिया विभाग और साइबर सेल अलर्ट
हरियाणा के 17 जिलों और चंडीगढ़ में कुल 1262 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। झज्जर, रोहतक, नूंह, चरखी दादरी, जींद में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी ने बताया कि परीक्षा को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंचायत चुनावों को लेकर चल रही अटकलों को दरकिनार करते हुए हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने साफ कर दिया है कि हर हाल में संयुक्त पात्रता परीक्षा 5 व 6 नवंबर को होगी। इसके लिए हरियाणा सरकार ने तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं। खुफिया विभाग ने पेपर लीक माफिया पर निगरानी बढ़ा दी है। संदिग्ध कोचिंग सेंटर और पहले नकल और पेपर लीक मामलों में पकड़े जा चुके अभ्यर्थियों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
32 हजार पदों को लेकर होने वाली परीक्षा को लेकर हरियाणा सरकार ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस बार हरियाणा सरकार की ओर से सीईटी कराने को लेकर फुल प्रूफ प्लान तैयार किया गया है। किसी भी सूरत में पेपर लीक और आउट न हो, इसके लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। हरियाणा भर में बनाए गए कुल परीक्षा केंद्र खाकी के घेरे में होंगे। पहले के मुकाबले परीक्षा केंद्रों पर अधिक पुलिस बल तैनात रहेगा।
सबसे खास बात ये है कि फर्जी अभ्यर्थियों को पकड़ने के लिए आइरिस का प्रयोग किया जाएगा। परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से पहले अभ्यर्थी की आंखों की पुतली का मिलान किया जाएगा, ऐसे में परीक्षा केंद्र के अंदर जाने से पहले ही ऐसे फर्जी परीक्षार्थी पकड़ में आ सकेंगे। गौरतलब है कि ग्रुप सी पदों के लिए होने वाली सीईटी के लिए 11.34 लाख युवाओं ने आवेदन कर रखा है। 7 नवंबर को रिजर्व डे के तौर पर रखा गया है, 5 व 6 को कहीं पर कोई दिक्कत होती है तो वह परीक्षा दोबारा से 7 नवंबर को होगी।
संदिग्धों की सूची तैयार
खुफिया विभाग की ओर से हर जिले से पेपर लीक माफिया में शामिल रहे आरोपियों समेत संदिग्धों की सूची तैयार की गई है। इनमें पेपर लेकर पेपर देने वालों समेत कुछ संदिग्ध कोचिंग सेंटर भी शामिल हैं। मुख्यालय से इनकी सूची संबंधित जिलों में भेज दी गई है। इन सभी पर खुफिया विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। साथ ही प्रदेशभर में साइबर सेल को अलर्ट कर दिया है, ताकि पेपर लीक की कोई घटना न हो सके। हरियाणा पुलिस के एक आला अधिकारी ने बताया कि सीईटी को लेकर पुलिस सतर्क है। इस बार परीक्षा केंद्रों पर पहले के बजाय अधिक पुलिस तैनात की जाएगी, ताकि पेपर आउट न हो सके, साथ ही फर्जी अभ्यर्थियों को मौके पर ही पकड़ा जा सके।
17 जिले और चंडीगढ़ में 1262 सेंटर
हरियाणा के 17 जिलों और चंडीगढ़ में कुल 1262 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। झज्जर, रोहतक, नूंह, चरखी दादरी, जींद में परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए हैं। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी ने बताया कि परीक्षा को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसको लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं। परीक्षा से सप्ताह पहले रोल नंबर डाउनलोड किए जा सकेंगे।