पंजाब पुलिस ने अपराधियों के लिए तैयार किया 'चक्रव्यूह', हर आने-जाने वाले रास्ते पर टिकी होगी ये नजर
अपराधों पर नियंत्रण करने और नशाखोरी के खात्मे के उद्देश्य से पंजाब के डीजीपी दिनकर गुप्ता ने राज्य पुलिस के लिए प्राथमिकताएं निर्धारित कर दी हैं। उन्होंने राज्य में आतंकवादी सरगर्मियों, गैंगस्टर गतिविधियों, नशों के विरुद्ध मुहिम और अन्य घिनौने अपराधों पर उचित ढंग से नियंत्रण रखने पर जोर दिया।
इसके साथ ही उन्होंने फील्ड अधिकारियों को महिलाओं के खिलाफ आपराधिक मामलों की रोकथाम समेत लोगों की शिकायतों को पहल के आधार पर हल करने के आदेश भी दिए गए।
राज्य में आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने लिए ‘मिशन सीसीटीवी कैमरा’ के बारे में जानकारी देते हुए डीजीपी ने सभी रेंज अफसरों और एसएसपी को संवेदनशील स्थानों सहित शहरों में दाखिल होने और बाहर जाने वाले रास्तों पर कैमरे लगाने के लिए हरसंभव कोशिश करने के लिए कहा।
अदालती मामलों के निपटारे के बाद थानों में पड़ी संबंधित संपत्तियों और पुराने वाहनों के तुरंत निपटारे के लिए भी दिनकर गुप्ता ने संबंधित सीनियर अधिकारियों को डाटा आधारित प्रोग्राम विकसित करने को कहा ताकि रेंज स्तर और पुलिस जिला दफ्तरों में पुराने वाहनों के निपटारे की प्रक्रिया को आसान किया जा सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हथियार लाइसेंस, असलाह के डीलरों, पुलिस संख्या, वाहनों और ड्राइविंग लाइसेंसों से संबंधित डाटा जिला पुलिस मुखियों के साथ तालमेल के जरिये ऐसी ऑनलाइन एप्लीकेशनों पर अपडेट करने के निर्देश भी दिए।
सभी सीपीज और एसएसपीज की राज्य स्तरीय मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए डीजीपी ने क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रेकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम फार्म्स (सीसीटीएनएस) समेत पुलिस थानों के रिकॉर्ड के कंप्यूटराइजेशन और हर प्रकार के आपराधिक डाटा को प्लेटफार्म पर समय पर अपडेट करने का आदेश भी दिया।
इस मौके पर एडीजीपी आईटी एंड टी कुलदीप सिंह ने बताया कि सीसीटीएनएस पर डाटा आधारित रिकॉर्ड अपडेट करने और इसे ऑनलाइन एप्लीकेशन का पूरा प्रयोग करने के मामले में पंजाब पूरे देश में अग्रणी राज्य है। उन्होंने जिला मुखियों को थाना स्तर पर रोजमर्रा के डाटा और रिकॉर्ड को सिस्टम पर समय पर अपडेट करने के लिए कहा।