Chandigarh: ड्रग्स पैडलर से रंगदारी वसूलने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों पर केस, बीट बाॅक्स में थे तैनात
प्रदीप और सुरिंदर सेक्टर-38 में बीट बॉक्स में तैनात थे। बीते 23 जनवरी को सेक्टर-38 में प्रदीप पर गोली चली थी। पुलिस ने देर रात दोनों पर केस दर्ज किया।
विस्तार
प्रदीप और सुरिंदर सेक्टर-38 में बीट बॉक्स में तैनात थे। बीते 23 जनवरी को सेक्टर-38 में प्रदीप पर गोली चली थी। दोनों पुलिसकर्मी सेक्टर 39 थाने की हिरासत में थे। सूत्रों की मानें तो इस मामले में दोनों पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी हो सकती है।
सूत्रों ने बताया कि ड्रग्स तस्कर दीपक कुमार वर्मा उर्फ दीपू उर्फ सिप्पी ने पूछताछ में खुलासा किया कि सेक्टर-38 बीट बॉक्स में तैनात वरिष्ठ सिपाही प्रदीप और सिपाही सुरिंदर उसे घटना से एक हफ्ता पहले भी दो बार पकड़ चुके हैं। पहली बार पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़कर 35 हजार रुपये, मोबाइल और क्रैक बॉल (ड्रग्स) छीन लिया था। इसके बाद उसने घर से बाला को बुलाया और बाला ने पुलिसकर्मियों से मोबाइल वापस कराया।
दीपक ने पूछताछ में बताया कि दूसरी बार उससे सोने की चेन छीन ली गई। तब दो पुलिसकर्मी पुलिस की वर्दी में गाड़ी में थे, लेकिन एक पुलिसकर्मी ट्रैक सूट में था। ट्रैक सूट में पुलिसकर्मी कौन था, इसकी वरिष्ठ अधिकारी जांच कर रहे हैं क्योंकि ट्रैक सूट में मौजूद पुलिसकर्मियों का नाम दीपक नहीं जानता था। अफसर खुद इस मामले की जांच कर रहे हैं कि कौन-कौन पुलिसकर्मी बाला और दीपक के संपर्क थे, जो ड्रग्स तस्करी में उनका साथ दे रहे थे। बता दें कि दीपक क्रैक बॉल (ड्रग्स) का नशा करता था। पंजाब में क्रैक बॉल नहीं मिलती थी, जिसके चलते आरोपी चंडीगढ़ में बाला के पास ड्रग्स खरीदने आता था।
एसपी हेडक्वार्टर और एसपी क्राइम पहुंचे
डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल एसपी हेडक्वार्टर मंजीत श्योराण और एसपी क्राइम जसबीर सिंह इस मामले की जांच पड़ताल करने के लिए सेक्टर 24 स्थित डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल पहुंचे। शाम 5 बजे प्रदीप और सुरिंदर को पूछताछ के लिए डिस्ट्रिक्ट क्राइम सेल बुलाया गया। इसके बाद आदेश दिए गए कि दोनों पुलिसकर्मियों पर नजर रखी जाए, दोनों को बिना इजाजत बाहर न जाने दिया जाए। देर रात 11 बजे दोनों को सेक्टर-39 थाने के हवाले करने के आदेश दिए गए। सेक्टर-39 थाना प्रभारी चिरंजीलाल को दोनों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया। सेक्टर-39 थाने के मुलाजिम सेक्टर-24 पहुंचे और दोनों को हिरासत में ले लिया। सेक्टर-39 थाने में दोनों के खिलाफ रंगदारी और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया।पुलिस पर गोलियां चलाने वाला ड्रग तस्कर समेत दोनों आरोपी गिरफ्तार
चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर-38ए में महिला ड्रग्स तस्कर बाला के घर के बाहर पुलिसकर्मियों पर गोलियां चलाने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान लुधियाना के गुरु अर्जु देव नगर स्थित ताजपुर रोड़ पर पेट्रोल पंप के सामने रहने वाले 38 साल के दीपक कुमार वर्मा उर्फ दीपू और लुधियाना के जमलपुर मेट्रो रोड पर रहने वाले 27 साल के रिशब उर्फ रिशु के रूप में हुई है। आरोपी दीपक वर्मा पंजाब की एसटीएफ टीम पर भी गोलियां चला चुका है।
दीपक का लुधियाना में जिम है। इसी जिम में रिशु मैनेजर के तौर पर काम करता है। दीपक के खिलाफ हत्या, एनडीपीएस, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मोहाली, जम्मू और लुधियाना में 14 केस दर्ज है। जिसमें से 12 केस एनडीपीएस एक्ट के हैं। आरोपी इन्हीं मामलों में भगौड़ा था। पंजाब पुलिस को आरोपी को पहले से ही तलाश थी। पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को सोमवार को जिला अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें 4 दिन के रिमांड पर भेज दिया।
जिला प्रकोष्ठ के इंस्पेक्टर जसमिंदर सिंह को रविवार को गुप्त सूचना मिली थी कि दीपक वर्मा और रिशु सेक्टर 39 में आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दीपक के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई फ्रॉक्स कार, 32 बोर की पिस्टल, 2 कारतूस, एक खोल और 15 ग्राम हेरोइन बरामद की। जबकि रिशू के कब्जे से एक जिंदा और एक खोल बरामद हुआ। सूत्रों ने बताया कि आरोपी सेक्टर 39 में ड्रग्स क्रैक बॉल खरीदने के लिए आते थे, क्योंकि यह नशा पंजाब में आम नहीं मिलता।
जिस कार में आरोपी फायरिंग करने आए थे वह दीपक की पत्नी ज्योति वर्मा के नाम पर दर्ज है। आरोपी सेक्टर 38 में ड्रग्स खरीदने के लिए आता रहता था। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की थी।