फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Candidate contestting on 13 Lok Sabha seats of Punjab in Loksabha election

सज गया पंजाब का रण: चार प्रमुख पार्टियों के 52 दिग्गजों के बीच एक जून को होगा दंगल, पढ़ें सियासी रिपोर्ट

Wed, 15 May 2024 04:22 PM IST
निवेदिता वर्मा विशाल पाठक/राजिंद्र शर्मा, अमर उजाला, चंडीगढ़
विशाल पाठक/राजिंद्र शर्मा, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: निवेदिता वर्मा Updated Wed, 15 May 2024 04:22 PM IST
सार

पंजाब में सातवें व आखिरी चरण में 1 जून को मतदान होगा। प्रदेश में किसान आंदोलन का ताप चरम पर है, जिसने हर राजनीतिक दल को झुलसाया है। किसान आंदोलन के चक्रव्यूह को भेदने वाले ही सत्ता की सीढ़ी के आखिरी पायदान तक पहुंचेंगे। पेश हैं चार प्रमुख पार्टियों के 52 उम्मीदवारों और 13 सीटों के समीकरण पर विशेष रिपोर्ट।

विज्ञापन
Candidate contestting on 13 Lok Sabha seats of Punjab in Loksabha election
सज गया पंजाब का रण - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

पंजाब की 13 लोकसभा सीटों पर मुख्य रूप से 52 दिग्गजों में सियासी घमासान होगा। 17 मई को नाम वापसी के साथ तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी, लेकिन चार प्रमुख पार्टियों आप, कांग्रेस, शिअद व भाजपा के उम्मीदवारों के लिए सियासी अखाड़ा पूरी तरह से तैयार है। इन पार्टियों के 52 प्रत्याशी चुनावी दंगल के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 

विज्ञापन


जालंधर
शिअद-मोहिंदर सिंह केपी (67)

शिक्षा-बीए-एलएलबी
कुल संपत्ति-9.56 करोड़
केस- कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं

आप-पवन कुमार टीनू (58)
शिक्षा-बीए
कुल संपत्ति-2.94 करोड़
केस-धरना प्रदर्शन, सरकारी आदेश का उल्लंघन करने सहित मामले दर्ज हैं, जोकि कोर्ट में विचाराधीन हैं।

भाजपा-सुशील कुमार रिंकू (49)
शिक्षा-12वीं
कुल संपत्ति-79.46 लाख
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

कांग्रेस-चरणजीत सिंह चन्नी (61)
शिक्षा-बीए, एलएलबी, एमए और पीएचडी
कुल संपत्ति-6.22 करोड़
केस-कोई आपराधिक मामला नहीं

सीट का समीकरण
जालंधर की सीट पर एक रूप से समधी आमने-सामने हैं। जालंधर सीट से कांग्रेस से प्रदेश के पूर्व सीएम रह चुके चरणजीत चन्नी मैदान में हैं। वहीं शिअद से मोहिंदर सिंह केपी भी मैदान में हैं। मोहिंदर केपी की बेटी की शादी चन्नी के भतीजे के साथ हुई है। ऐसे में ये दोनों समधी भी हैं। दोनों दलित नेता के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। भाजपा से प्रत्याशी इस सीट पर आप के टिकट से सांसदी जीत चुके हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में भी आप ने रिंकू को अपना चेहरा बनाया था, लेकिन वह टिकट लौटाकर भाजपा में शामिल हो गए। आप में शामिल होने से पहले रिंकू कांग्रेस के टिकट पर जालंधर पश्चिमी से विधायक रहे चुके हैं। जालंधर में रिंकू अच्छी पकड़ रखते हैं। जालंधर सीट पर शिअद ने भी मजबूत और अनुभवी प्रत्याशी उतारा है। यहां मोहिंदर सिंह केपी को शिअद ने उतारकर कड़ी टक्कर दी है। वह दोआबा क्षेत्र में दलित नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। 1992 और 1995 में कांग्रेस सरकार में मंत्री और 2009 में जालंधर से सांसद रह चुके हैं। दक्षिणी जालंधर से केपी 1985, 1992 और 2002 में विधायक रह चुके हैं। इस सीट आप ने पवन कुमार टीनू को मैदान में उतारा है, जोकि 2012 से 2022 तक आदमपुर सीट से शिअद के विधायक रहे हैं, अप्रैल 2024 में शिअद का दामन छोड़कर वह आप में शामिल हुए।
विज्ञापन


अमृतसर
कांग्रेस-गुरजीत सिंह औजला (51)

शिक्षा-बीए
कुल संपत्ति-4.25 करोड़
केस-कोई आपराधिक मामला नहीं
 
आप-कुलदीप सिंह धालीवाल (61)
शिक्षा-10वीं
कुल संपत्ति-2.07 करोड़
केस-21 मई, 2019 को पुलिस थाना राजासांसी में केस दर्ज है। हत्या, आपराधिक साजिश सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। केस में निर्दोष साबित होने पर हाईकोर्ट से 5 अप्रैल, 2022 को अग्रिम जमानत मिली थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


भाजपा-तरणजीत सिंह संधू (61)
शिक्षा-एमए
कुल संपत्ति-32.75 करोड़
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

शिअद-अनिल जोशी (60)
शिक्षा-12वीं
कुल संपत्ति-11.11 करोड़
केस- सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने पर आईपीसी-188 के तहत केस दर्ज है, जोकि विचाराधीन है।

सीट का समीकरण
इस सीट पर भाजपा ने जहां पूर्व राजदूत तरणजीत सिंह संधू को मैदान में उतारा है, वहीं सीट पर आप के मंत्री कुलदीप धालीवाल की टक्कर शिअद के प्रत्याशी पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी और कांग्रेस से सांसद गुरजीत औजला से है। 2014 से यह लोकसभा सीट कांग्रेस पार्टी के पास है। अमरिंदर सिंह ने 2014 में अरुण जेटली को हराया था। 2017 में कैप्टन अमरिंदर सिंह के पंजाब के मुख्यमंत्री बनने के बाद गुरजीत सिंह औजला इस सीट से सांसद चुने गए। 2019 में भी यह सीट बचाने में गुरजीत सिंह कामयाब रहे। कांग्रेस ने इसलिए तीसरी बार औजला पर दांव खेला है। आप ने अपने मंत्री और भाजपा ने पूर्व राजदूत को उतारकर टक्कर दी है।
 
बठिंडा
भाजपा-परमपाल कौर (59)

शिक्षा-एमएससी, एम.फिल
कुल संपत्ति-1.96 करोड़
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

कांग्रेस-जीतमोहिंदर सिंह (60)
शिक्षा-बीएससी इंजीनियरिंग सिविल
कुल संपित्त-17.05 करोड़
केस-धमकी देने और चल संपत्ति कब्जे में लेना का कुरुक्षेत्र के शाहबाद में केस दर्ज है, जोकि विचाराधीन है।

आप-गुरमीत सिंह खुड्डियां (61)
शिक्षा-10वीं
कुल संपत्ति-2.13 करोड़
केस-चुनाव के दौरान मारपीट का केस दर्ज था, जोकि पुलिस द्वारा खारिज किया जा चुका है।

शिअद-हरसिमरत कौर बादल (57)
शिक्षा-10वीं, डिप्लोमा टेक्सटाइल डिजाइनिंग
कुल संपत्ति-51.58 करोड़
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

सीट का समीकरण
बठिंडा में शिअद ने तीन बार की सांसद एवं पार्टी प्रधान सुखबीर बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल पर दांव खेला है। उनके सामने आम आदमी पार्टी ने कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा ने पूर्व आईएएस अधिकारी परमपाल कौर सिद्धू और कांग्रेस ने चार बार के विधायक जीत मोहिंदर सिंह सिद्धू पर भरोसा जताया है। हरसिमरत 2009 में पहली बार राजनीति में उतरी थीं। वे बठिंडा से पार्टी प्रत्याशी बनीं और जीत दर्ज की। वर्ष 2014 और 2019 में भी उन्होंने इसी सीट से अपनी जीत जारी रखी। आप प्रत्याशी खुड्डियां ने 2022 के चुनाव में लंबी सीट से शिअद उम्मीदवार प्रकाश सिंह बादल को 11,396 मत के अंतर से हराया था। भाजपा प्रत्याशी परमपाल कौर मलूका राजनीति में नई हैं। इससे पहले वह पंजाब सरकार में आईएएस अधिकारी के तौर पर सेवाएं दे रही थीं। हालांकि, उनका परिवार राजनीतिक से जुड़ा रहा है। उनके ससुर सिकंदर सिंह मलूका अकाली सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

आनंदपुर साहिब
कांग्रेस-विजय इंद्र सिंगला (52)

शिक्षा-बीई कंप्यूटर साइंस
कुल संपत्ति-10.28 करोड़
केस-कोविड नियमों का उल्लंघन करने पर केस दर्ज किया गया था, जोकि विचाराधीन है।

आप-मालविंदर सिंह कंग (45)
शिक्षा एलएलबी
कुल संपत्ति-3.37 करोड़
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

भाजपा-सुभाष शर्मा (46)
शिक्षा-एमए, पीएचडी इकॉनोमिक्स और एलएलबी
कुल संपत्ति-25.97 लाख
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

शिअद-प्रेम सिंह चंदूमाजरा (74)
शिक्षा-एमए इकोनॉमिक्स और एमए पॉलिटिकल साइंस
कुल संपत्ति-13.07 करोड़
केस-सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने पर आईपीसी-188 के तहत केस दर्ज, मामला विचाराधीन है।

सीट का समीकरण
आनंदपुर सीट पर भाजपा ने हिंदू चेहरा दिया है। सुभाष शर्मा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से भाजपा में आए हैं। आनंदपुर साहिब सीट से भाजपा के उम्मीदवार सुभाष शर्मा मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले हैं। वह पिछले कई सालों से मोहाली में रह रहे हैं। मोहाली श्री आनंदपुर साहिब सीट का हिस्सा है।  पिछले लंबे समय से पार्टी के अहम पदों पर सक्रिय हैं। शिअद के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा इस सीट पर 2019 का चुनाव अब चंडीगढ़ से कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी मनीष तिवारी से हार गए थे। हालांकि प्रो. चंदूमजारा ने 2014 में जीत दर्ज की थी। दूसरे स्थान पर कांग्रेस की अंबिका सोनी रही थीं। आप के मालविंदर कंग पहली बार मैदान में है। कांग्रेस के विजय इंदर सिंगला पंजाब विधान सभा के पूर्व सदस्य हैं। वह 2009 से 2014 तक पंजाब के संगरूर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के सांसद थे। 2014 में वह संगरूर से भगवंत मान से 3,51,827 वोटों के अंतर से लोकसभा चुनाव हार गए थे। 2017 में उन्होंने 30 हजार वोटों के अंतर से संगरूर निर्वाचन क्षेत्र जीता।

फरीदकोट
कांग्रेस-अमरजीत कौर

उम्र-50
शिक्षा-ईटीटी
कुल संपत्ति-96.21 लाख
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

आप-करमजीत अनमोल
शिक्षा-12वीं पास
कुल संपत्ति- 8.50 करोड़
केस-कोई नहीं
-----
भाजपा-हंस राज हंस
उम्र-62
शिक्षा-10वीं
कुल संपत्ति-16.08 करोड़
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।
---
शिअद-राजविंदर सिंह रंधावा
उम्र-47
शिक्षा-बीए
कुल संपत्ति-40.37 लाख
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

सीट का समीकरण
इस सीट पर आप के सीएम भगवंत मान ने अपने मित्र करमजीत अनमोल पर भरोसा जताया है। वह संगीत और कला की दुनिया के साथ अब राजनीति में कदम रख रहे हैं। इस सीट से दो कलाकारों ने चुनावी ताल ठोकी है। एक ओर जहां बीजेपी ने हंस राज हंस को मैदान में उतारा है, वहीं आम आदमी पार्टी ने करमजीत अनमोल को कैंडिडेट बनाया है। कांग्रेस से अमरजीत कौर दूसरी बार मैदान में है और शिअद के राजविंदर सिंह पहली बार मैदान में है।

संगरूर
कांग्रेस-सुखपाल सिंह खैरा

उम्र-59
शिक्षा-अंडर ग्रेजुएट-12वीं
कुल संपत्ति-45.09 करोड़
केस-एनडीपीएस, ईडी द्वारा मनी लॉन्डि्रंग, आईटी एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज है, यह सभी मामले विचाराधीन हैं।

आप-गुरमीत सिंह मीत हेयर
उम्र-35
शिक्षा-बी-टेक
कुल संपत्ति-48.13 लाख
केस-धरना प्रदर्शन और सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने का मामला दर्ज है, जोकि कोर्ट में विचाराधीन है।

भाजपा-अरविंद खन्ना
उम्र-57
शिक्षा-ग्रैजुएट, यूएसए से
कुल संपत्ति-22.17 करोड़
केस-47.88 करोड़ रुपये की रिश्वत का मामला दर्ज है। इस केस में सीबीआई के अलावा ईडी भी जांच कर रही है। तीन विमानों का सौदा कराने के नाम पर रिश्वत ली गई। यह मामला विचाराधीन है।

शिअद-इकबाल सिंह झूंदा
उम्र-62
शिक्षा-बीए, एलएलबी
कुल संपत्ति-12.98 करोड़
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

सीट का समीकरण
प्रदेश की सबसे हाॅट सीट में शुमार संगरूर संसदीय क्षेत्र का चुनाव इसलिए भी खास है क्योंकि यह सीएम मान का गढ़ है। सीएम ने अपने मंत्री गुरमीत हेयर को मैदान में उतारा है, उनका मुकाबला कांग्रेस के सुखपाल सिंह खैरा है, जोकि सीधे तौर पर सीएम को भी चुनावी मैदान में उतरने की चुनौती दे चुके थे। शिरोमणि अकाली दल से पूर्व विधायक इकबाल सिंह झूंदा को और भाजपा ने अरविंद खन्ना को मैदान में उतारा है। संगरूर सीट की खासियत ये है कि यहां की जनता ने सभी राजनीतिक दलों को मौका दिया है। अगर 1996, 1998, 2014 व 2019 को छोड़ दिया जाए तो हर चुनाव में लोगों ने यहां चेहरा बदल दिया है। बेरोजगारी यहां सबसे बड़ा मुद्दा है।आप संगरूर सीट को मुख्यमंत्री भगवंत मान का गढ़ मानती है, क्योंकि वह दो बार लगातार यहां से सांसद रह चुके हैं, लेकिन इस बार मान खुद चुनाव मैदान में नहीं हैं। पार्टी ने कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत को हेयर को उतारा है। आप के लिए चुनौती यह है कि विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बावजूद वर्ष 2022 में इस सीट पर हुए उपचुनाव में उनको हार का सामना करना पड़ा था। शिअद अमृतसर के सिमरनजीत सिंह मान इस सीट से चुनाव जीत गए थे। अब फिर से मान इस सीट से चुनाव मैदान में कूद गए हैं।
 
फिरोजपुर
कांग्रेस-शेर सिंह घुबाया

उम्र-61
शिक्षा-10वीं
कुल संपत्ति-7.33 करोड़
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।
 
आप-जगदीप सिंह काका बराड़
उम्र-57
शिक्षा-अंडर मैट्रिक
कुल संपत्ति-9.47 करोड़
केस-कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

भाजपा-गुरमीत सिंह सोढी
उम्र-70
शिक्षा-10वीं
कुल संपत्ति-16.07 करोड़
केस-सरकारी आदेश का उल्लंघन करने पर आईपीसी की धारा-188 के तहत केस दर्ज है, जोकि विचाराधीन है।

शिअद-नरदेव सिंह बॉबी
उम्र-49
शिक्षा-अंडर ग्रेजुएट
कुल संपत्ति-6.73 करोड़
केस आपराधिक विश्वासघात के तहत मामला दर्ज है, जोकि कोर्ट में विचाराधीन है।

सीट का समीकरण
फिरोजपुर से मौजूदा सांसद और शिअद प्रमुख सुखबीर बादल ने इस सीट से चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया है। 1998 से अब तक शिरोमणि अकाली दल फिरोजपुर सीट पर अपना वर्चस्व कायम रखने में साबित हुई है।वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सुखबीर बादल ने कांग्रेस के शेर सिंह घुबाया को हराया था। 2019 में सुखबीर से शिकस्त का सामना करने वाले शेर सिंह घुबाया ने 2014 में शिअद की टिकट पर जीत दर्ज की थी। शेर सिंह ने 2014 में कांग्रेस के सुनील जाखड़ को हराया था। 1998 से अब तक शिरोमणि अकाली दल फिरोजपुर सीट पर अपना वर्चस्व कायम रखने में साबित हुई है। यही कारण है कि कांग्रेस ने शेर सिंह घुबाया पर भरोसा जताया है। फिरोजपुर सीट पर हमेशा कांग्रेस और अकाली के बीच मुकाबला रहा है। इस सीट पर पहली बार शिअद-भाजपा बिना गठबंधन के उतरने जा रही है।

फतेहगढ़ साहिब
शिअद -बिक्रमजीत सिंह

उम्र : 53
शिक्षा : बीई, सिविल
कुल संपत्ति : 12.81 करोड़
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।
 
आम आदमी पार्टी - गुरप्रीत सिंह
उम्र : 53
शिक्षा : 12वीं
कुल संपत्ति : 1.79 करोड़
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।
 
सीट का समीकरण 
फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस ने अपना मौजूदा सांसद अमर सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है, जो वर्ष 2019 के चुनाव में इसी सीट से 93,898 मतों से जीते थे। उन्होंने शिअद से दरबारा सिंह को गुरु को मात दी थी। इस सीट पर आप के पूर्व विधायक गुरप्रीत सिंह जीपी को चुनाव मैदान में उतारा है, जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हो गए थे। इसी तरह शिअद से बिक्रमजीत खालसा चुनाव लड़ रहे हैं। वह वर्ष 2007 में शिअद की टिकट पर खन्ना से चुनाव जीते थे। वहीं इस सीट पर भाजपा से गेजा राम वाल्मीकि चुनाव मैदान में है। वह पंजाब राज सफाई कर्मचारी कमीशन के चेयरमैन हैं। इसके अलावा केंद्रीय वाल्मीकि सभा भारत के राष्ट्रीय प्रधान हैं। वह वाल्मीकि समाज में अच्छी पकड़ रखते हैं और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी माने जाते हैं।
 
पटियाला
शिरोमणि अकाली दल - एनके शर्मा
उम्र : 54
शिक्षा : बीएससी
कुल संपत्ति : 30.45 करोड़
केस : सरकारी निर्देशों व नियमों को तोड़ने व सरकारी अधिकारी के काम में बाधा डालने का मामला विचारधीन है। इसके अलावा 8 दिसंबर 2017 को भी चंडीगढ़ में केस दर्ज है।

आम आदमी पार्टी - बलबीर सिंह
उम्र : 67
शिक्षा : मास्टर ऑफ सर्जरी
कुल संपत्ति : 2.20 करोड़
केस : धोखाधड़ी व आपराधिक साजिश का मामला लंबित है। पानी के विवाद को लेकर मामला में एक सजा हुई, जिसमें सज़ा निलंबित कर दी गई और दोषसिद्धि पर रोक ला दी गई और 22 मई 2024 के लिए अपील विचारधीन है।

भाजपा - परनीत कौर
उम्र : 79
शिक्षा : ग्रेजुएशन
कुल संपत्ति : 6.42 करोड़
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

कांग्रेस - धर्मवीर गांधी
उम्र : 73
शिक्षा : डॉक्टर ऑफ मेडिसन (एमडी)
कुल संपत्ति : 3.79 करोड़
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

सीट का समीकरण 
पटियाला सीट पर दो पूर्व सांसद, एक कैबिनेट व पूर्व विधायक चुनाव मैदान में उतरे हैं। भाजपा ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर को चुनाव मैदान में उतरा है, जो यहीं से मौजूदा सांसद है। पिछली बार कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीतकर वह लोकसभा पहुंची थी। इसी तरह कांग्रेस ने धर्मवीर गांधी को चुनाव मैदान में उतारा है, जिन्होंने वर्ष 2014 में यहां से चुनाव जीता था। आप ने अपने कैबिनेट मंत्री डॉ. बलवीर सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि शिअद ने पूर्व विधायक एनके शर्मा को इस बार लोकसभा चुनाव में उतार दिया है।
 
लुधियाना
आम आदमी पार्टी - अशोक पप्पी पराशर

उम्र : 59
शिक्षा : 7वीं
कुल संपत्ति : 4.91 करोड़
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

कांग्रेस - अमरिंदर सिंह राजा वडिंग
उम्र : 46
शिक्षा : 10वीं
कुल संपत्ति : 8.42 करोड़
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

शिअद - रणजीत सिंह
उम्र : 59
शिक्षा : ग्रेजुएट (ज्ञानी)
कुल संपत्ति : 4.43 करोड़
केस : सरकारी निर्देशों व नियमों को तोड़ने का मामला विचारधीन है।

भाजपा - रवनीत सिंह बिट्टू
उम्र : 48
शिक्षा : 12वीं
कुल संपत्ति : 5.52 करोड़
केस : सार्वजनिक कार्यों के निर्वहन में बाधा डालना। अपराधिक धमकी का मामला विचारधीन है।

सीट का समीकरण 
लुधियाना सीट पर इस बार सबसे अधिक रौचक मुकाबला बना हुआ है। भाजपा ने कांग्रेस छोड़कर को पार्टी में शामिल हुए मौजूदा सांसद रवनीत बिट्टू को चुनाव मैदान में उतार दिया है। बिट्टू के खिलाफ पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग इस सीट पर खुद चुनाव लड़ रहे हैं। आप से विधायक अशोक पप्पी पराशर व शिअद ने पूर्व विधायक रणजीत सिंह को चुनावी अखाड़े में उतार दिया है। लुधियाना सीट पर वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव में रवनीत बिट्टू ने 76,372 मतों के अंतर जीत दर्ज की थी।

खडूर साहिब
आम आदमी पार्टी - लालजीत भूल्लर

उम्र : 42
शिक्षा : 12वीं
कुल संपत्ति : 7.40 करोड़
केस : आपदा प्रबंधन अधिनियम व राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम सेक्शन8 बी के तहत मामला विचारधीन है।

कांग्रेस - कुलबीर सिंह जीरा
उम्र : 44
शिक्षा : 12वीं
कुल संपत्ति : 1.38 करोड़
केस : सार्वजनिक कार्यों के निर्वहन में बाधा डालने, धुआं फैलाना या ध्वनि प्रदूषण करना समेत अन्य धाराओं के तहत मामला लंबित है।

शिअद - विरसा सिंह वल्टोहा
उम्र : 62
शिक्षा : मास्टर ऑफ आर्टस
कुल संपत्ति : 1.97 करोड़
केस : सरकारी निर्देशों व नियमों को तोड़ने व अन्य धारा के तहत मामला विचारधीन है।

भाजपा - मंजीत सिंह मन्ना
उम्र : 50
शिक्षा : 12वीं
कुल संपत्ति : 47.79 लाख
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

सीट का समीकरण 
खडूर साहिब की सीट पर भी इस बार मुकाबला कड़ा है। भाजपा ने यहां से मनजीत मन्ना मियाविंड पर दांव खेला है। तीन बार के विधायक मियाविंड का शिअद से संबंध रहा है, लेकिन गत वर्ष वह भाजपा में शामिल हो गए थे। एक पंथक छवि होने के चलते भाजपा ने उनको चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने कुलबीर जीरा को टिकट दी है। जीरा पंजाब युवा कांग्रेस के उप प्रधान और वर् 2017 में जीरा से विधायक रह चुके हैं, जबकि आप ने मंत्री लालजीत भुल्लर को उम्मीदवारी दी है। भुल्लर वर्ष 2022 विधानसभा चुनाव में चार बार के शिअद विधायक आदेश प्रताप कैरों को हराकर चर्चा में आए थे। इसी तरह शिअद ने टकसाली नेता विरसा सिंह वल्टोहा को उम्मीदवार बनाया है। विरसा सिंह वल्टोहा पूर्व विधायक हैं और अकाली सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रह चुके हैं।

होशियारपुर
भाजपा - अनिता सोमप्रकाश

उम्र : 64
शिक्षा : 10वीं
कुल संपत्ति : 83.81 लाख
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

शिअद - सोहन सिंह
उम्र : 69
शिक्षा : ग्रेजुऐशन
कुल संपत्ति : 1.18 करोड़
केस : धोखाधड़ी, साजिश व अन्य धाराओं के तहत मामले में सजा हुई, जिसके खिलाफ अपील दायर की गई, जिसके बाद ही पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट ने मामले को डिस्पॉज ऑफ करते हुए बरी कर दिया गया।

आम आदमी पार्टी - डॉ. राजकुमार चब्बेवाल
उम्र : 54
शिक्षा : एमडी रेडियो डायग्नोसिस
कुल संपत्ति : 17.68 करोड़
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

कांग्रेस - यामिनी गोमर
उम्र : 49
शिक्षा : बीकॉम
कुल संपत्ति : 2.35 लाख
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

सीट का समीकरण
होशियारपुर सीट पर भी इस बार चुनावी लड़ाई रौचक हो गई है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री सोमप्रकाश की पत्नी अनिता सोमप्रकाश को चुनाव मैदान में उतारा है। वर्ष 2019 चुनाव में सोमप्रकाश ने डॉ. राजकुमार चब्बेवाल को 48,530 मतों के अंतर से हराया था। इस बार चब्बेवाल कांग्रेस छोड़कर आप से चुनाव मैदान में उतरे हैं। शिअद ने चार बार के विधायक व पूर्व मंत्री सोहन सिंह ठंडल और कांग्रेस ने यामिनी गोमर पर दांव खेला है। यामिनी पहले भी यहां से चुनाव लड़ चुकी है।


गुरदासपुर
आम आदमी पार्टी - अमनशेर सिंह

उम्र : 36
शिक्षा : 12वीं
कुल संपत्ति : 1.21
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

शिरोमणि अकाली दल - डॉ. दलजीत सिंह चीमा
उम्र : 62
शिक्षा : एमबीबीएस
कुल संपत्ति : 2.38 करोड़
केस : सरकारी निर्देशों व नियमों को तोड़ने में एक मामला विचारधीन है।

भाजपा - दिनेश सिंह
उम्र : 61
शिक्षा : अंडर ग्रेजुएट
कुल संपत्ति : 4.81 करोड़
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

कांग्रेस - सुखजिंदर सिंह रंधावा
उम्र : 65
शिक्षा : अंडर ग्रेजुएट
कुल संपत्ति : 4.64 करोड़
केस : कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं।

सीट का समीकरण
गुरदासपुर सीट पर भी इस बार चौकोना मुकाबला है। भाजपा ने भी सेलीब्रेट की जगह इस बार स्थानीय उम्मीदवार पर भरोसा जताया है और दिनेश बब्बू को टिकट दी है। वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव में गुरदासपुर से भाजपा के सन्नी दियोल ने जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने यहां से पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और शिअद ने पूर्व कैबिनेट मंत्री दलजीत सिंह चीमा पर दांव खेला है। इसी तरह आप ने विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी को चुनाव मैदान में उतारा है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed