हरियाणा : अब 25 फरवरी तक करें कांस्टेबल भर्ती के लिए आवेदन, ग्राम सचिव परीक्षा भी जल्द होगी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस कांस्टेबल के 7298 पदों के लिए आवेदन करने की अवधि बढ़ा दी है। अब बेरोजगार युवा, युवतियां 25 फरवरी तक आवेदन व पहली मार्च तक फीस जमा करा सकेंगे। आयोग ने यह फैसला 10 फरवरी को ऑनलाइन आवेदन करने के अंतिम दिन पेश आई तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए लिया है।
अंतिम दिन आवेदन करने से वंचित रह गए अभ्यर्थी अब 25 फरवरी रात 11 बजकर 59 मिनट तक आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने 11 जनवरी 2021 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी। इससे पहले भी 5000 से अधिक पदों के लिए भर्ती निकाली गई थी, जिसे नियमों में बदलाव व पद संख्या बढ़ाने के कारण रद्द कर नए सिरे से दिसंबर 2020 में विज्ञापित किया गया था। अगर किसी ने पिछली बार फॉर्म भरा था तो इस बार फीस माफ करवाने के लिए उसे पिछला रजिस्ट्रेशन नंबर भी ऑनलाइन फॉर्म में भरना होगा।
इस भर्ती के लिए भी हरियाणा संयुक्त प्रवेश परीक्षा होगी। जिसके लिए 31 मार्च 2021 तक पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण कराने वाले ही संयुक्त प्रवेश परीक्षा दे सकेंगे। कुल 7298 पदों में से पुरुष (कांस्टेबल, जनरल ड्यूटी) के 5500, महिला (कांस्टेबल, जनरल ड्यूटी) के 1100 व महिला (कांस्टेबल, दुर्गा वन बटालियन) के 698 पद शामिल हैं। पुरुष, सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये, पुरुष, आरक्षित वर्ग के लिए 25 रुपये, महिला सामान्य वर्ग के लिए 50 रुपये व महिला, आरक्षित वर्ग के लिए 13 रुपये है।
ग्राम सचिव परीक्षा का शेड्यूल जल्द होगा जारी : भारती
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग दोबारा ग्राम सचिव की परीक्षा कराने की तैयारी में है। गत जनवरी में प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर पेपर लीक होने के कारण यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी। अब सब कुछ सामान्य रहा तो संभावना है कि इसी माह फरवरी में यह परीक्षा आयोजित की जाएगी।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष भारत भूषण भारती ने कहा कि परीक्षा को लेकर जल्द ही शेड्यूल जारी किया जाएगा। दोबारा से परीक्षा कराने को लेकर तैयारियां मुकम्मल की जा रही हैं। इस बार पहले की अपेक्षा और ज्यादा पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। परीक्षा की पवित्रता किसी भी सूरत में भंग नहीं होने दी जाएगी।
पेपर लीक होने के कारण 16 जनवरी को रद्द की थी ग्राम सचिव की परीक्षा
ग्राम सचिव के 600 पदों के लिए करीब 6 लाख 72 हजार ने परीक्षा के लिए फार्म भरे थे। गत नौ और 10 जनवरी को सुबह-शाम सत्रों में यह परीक्षा हुई थी। 17 जिलों में 879 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पेपर लीक होने के कारण पानीपत, जींद और हिसार में अलग-अलग एफआईआर दर्ज होने के बाद आयोग ने 16 जनवरी को परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया था।