चंडीगढ़ः पानी के तेज बहाव में फंसी पंजाब रोडवेज की बस, समय रहते पुलिस ने किया रेस्क्यू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारी बारिश से उफनाई पटियाला की राव में पंजाब रोडवेज की बस फंस गई। पानी का भराव इतना ज्यादा था कि बस की हेडलाइट तक पानी में डूब गई। ऐन वक्त पर मलोया थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बस में फंसे ड्राइवर, कंडक्टर और सवारी को सुरक्षित निकाला। इसके बाद जेसीबी की मदद से बस को खींचकर बाहर लाए।
यह बस अमृतसर से चंडीगढ़ आ रही थी, मगर खरड़ के पास जाम लगने की वजह से बस ड्राइवर तोगा गांव से चंडीगढ़ ले आया। बस ड्राइवर को इस सड़क के बारे में पता नहीं था। बारिश में अक्सर पटियाला की राव का पानी सड़क पर आ जाता है।
घटना शुक्रवार सुबह 11 बजे की है। सुबह से हो रही बारिश से पटियाला की राव पर पानी भर गया था, लेकिन बस ड्राइवर पानी का अंदाजा नहीं लगा पाया। जैसे ही बस पुलिया के पास पहुंची तो फंस गई। इसी दौरान धनास मिल्क कालोनी निवासी नेत्र सिंह गुजर रहे थे।
उन्होंने लोगों को वहां जाने से रोका और कंट्रोल रूम में फोन कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। करीब 39 मिनट तक बस पानी में फंसी रही। पुलिस की रेस्क्यू टीम ने 11 बजकर 39 मिनट पर बाहर निकाला। इस दौरान ड्राइवर व कंडक्टर की सांसें फूली रहीं।
इन पुलिसकर्मियों ने बचाई जान
रेस्क्यू टीम में मलोया पुलिस के जवान प्रवीन, शिव, विकास, प्रदीप शामिल थे। कार्यवाहक एसएचओ जेपी सिंह की अगुवाई में जवान पानी के तेज बहाव के बीच आगे बढे। वे बस के पास पहुंचे और रस्सी के सहारे बस के अंदर दाखिल हुए। बस में सवार तीन लोगों को बाहर निकाला। उसके बाद जेसीबी से बस को निकाला।
नदी पर पुल बनाने के लिए कई बार कहा
यह बहुत ही खतरनाक रास्ता है। बारिश के बाद पुल के ऊपर से पानी जाता है। कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। वार्ड नंबर छह का वार्ड कमेटी मेंबर रहते हुए कई बार मांग की कि नदी में पुल बने, लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। आज ही बड़ा हादसा होते होते बचा है। -कुलदीप सिंह, निवासी गांव डड्डूमाजरा
बहुत ही व्यस्त सड़क है
पंजाब की ओर जाने का रास्ता है। बड़ी संख्या में लोग इस सड़क का प्रयोग करते हैं। बारिश में काफी मात्रा में पानी आने से यह खतरनाक हो जाता है। इस पर पुल बहुत ही जरूरी है। सड़क बहुत ही व्यस्त है। बारिश के दौरान नदी के दोनों किनारों पर बेरिकेड जरूरी है। ऐसे में लोगों की जान बचाई जा सकती है। -देविंदर सिंह, निवासी न्यू चंडीगढ़।
मेरा प्रयास सार्थक रहा, पुलिस ने बचाई जान
पुलिस को फोन कर उफनती नदी और बस के नदी के पुल पर फंसे होने की सूचना दी। पुलिस ने पहुंच कर रेस्क्यू शुरू किया। सभी की जान बच गई। मिल्क कॉलोनी धनास से इस सड़क से अपने डड्डूमाजरा स्थित दुकान पर जा रहा था तो देखा कि नदी उफान पर है कोई अनहोनी न हो जाए, इसलिए खड़ा हो गया। यह सब देखकर पुलिस को फोन किया। लोग बच गए। हमारा प्रयास सार्थक रहा। प्रशासन को चाहिए कि इस पर पुल बनाए ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। -नेत्र सिंह, निवासी मिल्क कालोनी धनास