बीआरटीएस प्रोजेक्ट की बसें चालू, नवजोत सिद्धू ने दिखाई हरी झंडी, 3 महीने मुफ्त में करें सफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले दो साल से कछुआ चाल से चल रहे बीआरटीएस प्रोजेक्ट की बसों ने सोमवार को रफ्तार पकड़ ली। स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिद्धू ने बीआरटीएस की 94 बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया। गुरु नगरी देश का 13वां ऐसा शहर है जहां बीआरटीएस प्रोजेक्ट के अंतर्गत बसें चलेंगी। पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने 2014 में इस प्रोजेक्ट की नींव रखी थी। सुखबीर ने अक्तूबर 2016 में इस प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया था।
बीआरटीएस प्रोजेक्ट के लिए बनाए गए विशेष रास्ते में जहां 94 बसें दौड़नी थी, वहां 14 बसें ही शुरू हो सकी। फंड की कमी के कारण पंजाब सरकार ने एक बार तो 545 करोड़ के इस प्रोजेक्ट को बंद करने का निर्णय कर लिया था लेकिन नवजोत सिद्धू की कोशिशों से यह प्रोजेक्ट दो वर्ष के बाद शुरू हो सका। मीडिया से बातचीत में सिद्धू ने कहा कि गुरु नगर वासियों को इन बसों में तीन महीने तक मुफ्त यात्रा करवाई जाएगी।
तीन महीने बाद स्कूली बच्चे इन बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। कॉलेज स्टूडेंट्स को 66 फीसदी, वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांग यात्रियों को 50 फीसदी रियायत के साथ सफर करने की सुविधा दी गई है। कोई भी यात्री 25 रुपये का पास बना कर पूरे एक दिन यात्रा कर सकता है।
सिद्धू ने कहा कि बीआरटीएस प्रोजेक्ट के अंतर्गत चलने वाली बसें 31 किलोमीटर का रास्ता तय करेंगी। 47 बस स्टैंड में हर चार मिनट के बाद बस पहुंचेगी। कौन सी बस कितने बजे बस स्टैंड पहुंचेगी, उसकी जानकारी स्क्रीन पर यात्री बस स्टैंड में देख सकेंगे। सभी बसों में कैमरे, जीपीएस ऑटोमैटिक दरवाजे की सुविधा है।
कार्ड से टिकट खरीदने वाले यात्री को 20 फीसदी छूट दी जाएगी। इस अवसर पर मंत्री ओमप्रकाश सोनी, विधायक डॉ. राजकुमार, सुनील दत्ती, मेयर करमजीत सिंह रिंटू मौजूद थे।
भगता वाला डंप में बनेगा पार्क
गुरु नगरी की राजनीति में बड़े उलटफेर करने वाले भगता वाला कूड़े के डंप में शानदार पार्क का निर्माण किया जाएगा। अगले हफ्ते इस पर काम शुरू हो जाएगा जिसे 6 महीने में काम पूरा कर लिया जाएगा। यह जानकारी मंत्री नवजोत सिद्धू ने एक प्रेस वार्ता में दी। सिद्धू ने कहा कि डंप को हटाने के लिए तीन करोड़ की मशीन खरीदी जा रही है। 20 एकड़ डंप की भूमि में पौधे भी लगाए जाएंगे। डंप के कूड़े को इस ढंग से उठाया जाएगा कि आसपास रहने वाले लोगों को कोई भी परेशानी नहीं होगी।