ओलंपियन बॉक्सर जयभगवान बुरे फंसे, बड़ी कार्रवाई की तैयारी, बॉक्सर दिनेश भी जांच में दोषी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस विभाग ने दो बॉक्सर जयभगवान और दिनेश कुमार को विभागीय जांच में दोषी पाया है। ऐसे में एसपी अरुण सिंह ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा की है। दोनों अर्जुन अवॉर्डी बॉक्सर हैं। पहले मामले में 16 जून को अनाज मंडी स्थित होटल सीजी इन के प्रबंधक वीरेंद्र सिंह को थप्पड़ मारने के आरोप में विभागीय जांच में इंस्पेक्टर जयभगवान को दोषी पाया है।
डीएसपी मुख्यालय आर्यन चौधरी ने अपनी जांच रिपोर्ट गुरुवार को एसपी अरुण सिंह को सौंप दी है। जिसके बाद एसपी अरुण सिंह ने गुरुवार को आईजी हिसार से सस्पेंशन की अनुशंसा की है। वहीं सीडीएलयू में तीन जून की रात को हंगामा करने वाले अर्जुन अवॉर्डी बॉक्सर दिनेश कुमार को भी डीएसपी आर्यन चौधरी ने अपनी जांच रिपोर्ट में दोषी पाया है।
डीएसपी की जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी सिरसा ने एसटीएफ के डीजी को कार्रवाई के लिए लिख दिया है। डीएसपी आर्यन चौधरी ने बताया कि बॉक्सर दिनेश कुमार के खिलाफ भी कार्रवाई एसटीएफ के डीजी ही करेंगे।
इंस्पेक्टर जयभगवान ने होटल प्रबंधक को मारा था थप्पड़
शहर के अनाज मंडी स्थित होटल सीजी इन के प्रबंधक वीरेंद्र सिंह ने इंस्पेक्टर जयभगवान के खिलाफ पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपी थी। जिसमें आरोप लगाया गया था कि इंस्पेक्टर जयभगवान एक युवती के साथ उनके होटल में 16 जून की रात्रि को 11 बजे पहुंचे। उनकी ओर से ऑनलाइन कमरा बुक करवाया गया था।
जब उसने कमरा देने से पहले आईडी मांगी, तब उन्होंने अपनी आईडी तो दे दी। मगर युवती की आईडी देने में आनाकानी की। कमरा न देने पर उन्होंने युवती की आईडी दी मगर उसका मिलान नहीं हुआ। जिस पर उसने कमरा देने से इंकार कर दिया। इस पर इंस्पेक्टर जयभगवान ने उसे थप्पड़ मारा। शिकायतकर्ता ने एसपी को सीसीटीवी की फुटेज भी सौंपी।
इस शिकायत के बाद एसपी अरूण सिंह ने इस मामले की जांच डीएसपी आर्यन चौधरी को सौंप दी। जबकि इंस्पेक्टर जयभगवान की ओर से आरोपों को खारिज किया गया था। उनका कहना था कि वे अपने परिवार के साथ कमरे पर आए थे। होटल के रिसेप्शन पर उन्हें 40 मिनट रोका गया और बाद में कमरे की बुकिंग राशि देने से भी इंकार कर दिया था। जिस पर विवाद उपजा, होटल मैनेजर ने उनके साथ बदतमीजी की।
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने सीडीएलयू में किया था हंगामा
दूसरे अर्जुन अवॉर्डी बॉक्सर इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने तीन जून की रात को बडागुढ़ा में नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करके सिरसा वापस आ रहे थे। लेकिन वे चतरगढ़ पट्टी की ओर खुलने वाले सीडीएलयू में गेट नंबर तीन से दाखिल हुए। तेज रफ्तार में उनकी कार ने गर्ल्स हास्टल के पास गेट तोड़ दिया। सिक्योरिटी और छात्रों के साथ बॉक्सर दिनेश कुमार का विवाद हो गया।
दोनों पक्षों में खूब हाथापाई भी हुई। हालांकि पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर ही रात को दोनों पक्षों में समझौता करवा दिया। लेकिन मामला मीडिया में आने के बाद विभागीय जांच शुरू हुई। इसकी जांच डीएसपी आर्यन चौधरी कर रहे थे।
बॉक्सर दिनेश कुमार एसटीएफ के इंचार्ज हैं। इसलिए वे एसपी सिरसा के अधीन नहीं हैं। लेकिन विभागीय जांच में पुलिस इंस्पेक्टर दिनेश कुमार को दोषी पाया गया। इसलिए उनके खिलाफ भी कार्रवाई के लिए एसटीएफ के डीजी को लिखा गया।
जांच में इंस्पेक्टर जयभगवान दोषी पाए गए हैं। सस्पेंशन के लिए लिख दिया गया है। सस्पेंशन की कार्रवाई आईजी हिसार करेंगे। साथ ही इंस्पेक्टर दिनेश कुमार को भी जांच में दोषी पाया गया है। लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई एसटीएफ के डीजी करेंगे। रिपोर्ट डीजी के पास भेज दी गई है।
- आर्यन चौधरी, डीएसपी मुख्यालय।
इंस्पेक्टर जयभगवान को दोषी पाया गया है और उनके खिलाफ सस्पेंशन की कार्रवाई को अमल में लाने के लिए आईजी को लिख दिया गया है।
- अरुण सिंह, एसपी, सिरसा।