किसानों-व्यापारियों के समर्थन में भाजपा विधायक असीम गोयल, विधानसभा के बाहर धरने पर बैठे
- विधायक ने एसीएस खाद्य एवं आपूर्ति के खिलाफ खोला मोर्चा, कांग्रेस विधायक ने ली चुटकी
- सीएम ने आईएएस का किया बचाव, बोले- मान चुके राइस मिलर्स की मांगें, सिर्फ एक लंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा की मंडियों में किसानों, व्यापारियों व मजदूरों को हो रही परेशानी को लेकर अंबाला शहर से भाजपा विधायक असीम गोयल ने बुधवार को हरियाणा विधानसभा के बाहर धरना दिया। उन्होंने समस्याओं को लेकर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास को जिम्मेदार ठहराया। धरना स्थल के पीछे दास को लेकर गोयल ने बैनर भी लगा रखा था। फरीदाबाद से कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने इस पर चुटकी ली तो सीएम मनोहर लाल ने आईएएस पीके दास का बचाव करते हुए विधायक से बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने की बात कही है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास ने विधायक के धरने पर टिप्पणी से इनकार कर दिया। विधायक असीम गोयल ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में ई-खरीद पोर्टल नहीं चल रहा है। किसानों को धक्के खाने पड़ रहे हैं, व्यापारियों और मजदूरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों की फसलों की सुचारु रूप से खरीद नहीं हुई है। आईएएस पीके दास इसकी मुख्य वजह हैं।
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि आढ़ती और राइस मिलर्स के कुछ मुद्दे थे। मिलर्स ने 17 मुद्दे सरकार को दिए थे, जिनमें से एक को छोड़कर सभी पर सहमति बन चुकी है। आढ़तियों को कठिनाई जरूर थी। असीम गोयल भी आढ़ती हैं और उनका आढ़तियों से संबंध है। नई व्यवस्था में आढ़तियों के लिए दिक्कत आएगी लेकिन उनकी समस्या के लिए एक कमेटी आईएएस संजीव कौशल की अध्यक्षता में बनी हुई है, जो जल्दी अपनी रिपोर्ट देगी। वह असीम गोयल से बात कर जानेंगे कि क्यों उन्होंने धरना दिया। उनकी समस्याओं को दूर करने का प्रयास करेंगे।
पीके दास को लेकर सीएम ने कहा कि अधिकारी को जो हम कहेंगे, वही अधिकारी करेंगे। कुछ चीजें अधिकारी के वश में नहीं होती। पिछली बार हमने किसानों को राशि की अदायगी आढ़तियों के जरिये की थी। इस बार किसान को सीधी पेमेंट उसकी सहमति के बाद की जा रही है। आढ़तियों के संदर्भ का कोई फैसला असीम गोयल को ठीक नहीं लगा होगा, इसलिए वे उसका जिम्मेदार पीके दास को मान रहे हैं।
खरीद की सरकार ने उचित व्यवस्था की: दास
अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास ने कहा कि असीम गोयल सत्ताधारी दल के विधायक हैं। ऐसा पहली बार है जब सीएम से बात न कर कोई विधायक धरने पर बैठा हो। इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। सरकार ने खरीद के लिए उचित व्यवस्था की है। खरीद ठीक प्रकार से हो रही है। विधायक का यह राजनीतिक क्रियाकलाप है, इस पर कुछ नहीं बोलूंगा।
कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने चुटकी ली
भाजपा विधायक असीम गोयल के पीके दास के खिलाफ मोर्चा खोलने पर कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने चुटकी ली है। शर्मा ने कहा कि साथी विधायक किसानों की पीड़ा पर बोल रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार ने किसानों के खिलाफ तीन नए कानून बनाए हैं, उनके खिलाफ भी बोलने की जरूरत है। अफसर सिर्फ मोहरे हैं और इसके लिए गोयल को खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री से सवाल पूछने की जरूरत है। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री आंखों पर पट्टी बांधकर मत बैठें, हरियाणा की आने वाली पीढ़ियां माफ नहीं करेंगी।