Punjab election 2022: पटियाला में भगवंत मान का काफिला रोका, भड़के आप नेता ने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर लगाया ये आरोप
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रधान भगवंत मान के काफिले को पटियाला में दाखिल होने से पुलिस ने रोक दिया। हालांकि बाद में उन्हें जाने दिया गया है। इससे भड़के भगवंत मान ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को पटियाला से अपनी हार का डर सता रहा है। यही वजह है कि उनको शहर में दाखिल होने से रोकने की कोशिश की गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रधान भगवंत मान के काफिले को गुरुवार को पटियाला में दाखिल होने से पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने मान का काफिला पटियाला-राजपुरा रोड स्थित पंजाबी यूनिवर्सिटी के पास रोका। कहा गया कि शहर में धारा 144 लागू है, इसलिए पांच से ज्यादा लोग नहीं जा सकते हैं। इससे भगवंत मान भड़क गए।
उन्होंने इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह को पटियाला से अपनी हार का डर सता रहा है। इसलिए उनको शहर में दाखिल होने से रोकने की कोशिश की गई है। मान ने आगे कहा कि उन्होंने इस रैली के संबंध में बाकायदा चुनाव आयोग से अनुमति ली है। इस सबको दरकिनार कर कैप्टन ने कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर पुलिस प्रशासन के जरिये उनकी रैली में अड़चन डालने की नाकाम कोशिश की है।
मान ने कहा कि चुनाव प्रचार थमने के बाद धारा 144 लगाना समझ में आता है लेकिन इससे पहले और केवल पटियाला शहर में धारा 144 लगाना दिखाता है कि कांग्रेस व कैप्टन पंजाब में आप की चल रही लहर को देखकर डरे हैं। इसलिए उन्हें पटियाला शहर में रोड शो निकालने से रोका जा रहा है। हालांकि कुछ देर बाद मान को काफिले समेत शहर में दाखिल होने दिया गया।
मान ने कहा कि कैप्टन अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में कभी लोगों के बीच में नहीं आए। अब लोगों ने उनके लिए दरवाजे बंद कर दिए हैं, जिससे साफ है कि कैप्टन इस बार अपनी ही सीट नहीं बचा सकेंगे और भारी मतों के अंतर से हारेंगे। उधर, पटियाला से आप प्रत्याशी पूर्व मेयर अजीतपाल सिंह कोहली ने कहा कि धारा 144 की आड़ में कैप्टन ने हार मान ली है और बौखलाहट में आकर ऐसी हरकतें की जा रही हैं।
कैप्टन की सियासी पारी खत्म, कांग्रेस व अकाली खेल से बाहर: भगवंत मान
भगवंत मान ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह अब बुजुर्ग हो गए हैं। उनकी सियासी पारी खत्म हो चुकी है। दूसरी तरफ कांग्रेस व अकाली दल भी राजनीतिक खेल से बाहर हो गए हैं। भगवंत मान ने पटियाला शहर समेत जिले के हलका घन्नौर, सन्नौर, समाना व शुतराणा में रोड शो व रैलियां कीं।
मान ने कहा कि कैप्टन ने साढ़े चार साल के कार्यकाल में कभी पंजाब की जनता की सुध नहीं ली। इससे लोगों में खासी नाराजगी है। उधर, अकाली-कांग्रेस की सरकारें कई साल से पंजाब व पंजाबियों पर बहुत अत्याचार करती आ रही हैं। लोग इन परंपरागत पार्टियों से तंग आ चुके हैं। अब पंजाब को ईमानदार राजनीति की जरूरत है।
पंजाब के लोगों के पास अपने बच्चों व पंजाब की किस्मत बदलने का मौका है। इसके अलावा शिक्षा व चिकित्सा सेवाओं को ठीक करने, माफिया व भ्रष्टाचार खत्म करने के साथ बिजली व पानी की समस्या हल करने का भी मौका आप दे रही है। मान ने दावा किया कि अगर पंजाब में उनकी सरकार बनी तो इंस्पेक्टरी राज खत्म किया जाएगा। वैट घटाकर व्यापारियों से भारी टैक्स का बोझ घटाया जाएगा।