बीफ और मुस्लिमों पर बयान से सियासत गर्माई, CM ने दी सफाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीफ पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के विवादित बयान से सियासत गरम हो गई है। विपक्षी दलों के नेताओं को इस मुद्दे पर भाजपा को घेरने का मौका मिल गया है। इस बीच मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आने के बाद मुख्यमंत्री को मामले में सफाई देनी पड़ी है।
सीएम ने कहा है कि वे समाज के प्रत्येक धर्म और संप्रदाय की भावनाओं को समझते हैं और उनका आदर करते है कहा कि मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है, जिससे किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचे। फिर भी किसी व्यक्ति या वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं तो इसके लिए उन्हें खेद है।
खट्टर ने शुक्रवार को हरियाणा के सभी जिलों के डीसी और एसपी की बैठक लेने से पूर्व कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है।
इस बीच मामले में हरियाणा सरकार की ओर से भी सफाई दी गई है। इसमें कहा गया है कि हम सभी मिलजुल कर आगे बढ़ रहे हैं। हम एक दूसरे की भावनाओं को बहुत अच्छी तरह से समझ सकते है। हरियाणा विधानसभा ने गो-संरक्षण एवं संवर्धन बिल पास किया। तब समाज के हर वर्ग ने उनका समर्थन किया था।
पिछले दिनों मेवात में आयोजित अखिल भारतीय मुस्लिम गऊ पालक सम्मेलन में समाज द्वारा स्वेच्छा से यह आश्वासन दिया गया था कि वह किसी धार्मिक अवसर पर गोहत्या नहीं करेंगे।
मुख्यमंत्री के हवाले से अंग्रेजी अखबार में छपे बयान से विवाद
मुख्यमंत्री के हवाले से एक अंग्रेजी अखबार में छपा है कि मुसलमान यहां रहें, लेकिन उन्हें बीफ खाना छोड़ना होगा। इसके बाद यह मामला सियासी रंग में रंग गया। विपक्षी नेताओं ने मामले को मुद्दा बनाते हुए बयान को आरएसएस का एजेंडा बता दिया है। देश के साथ-साथ हरियाणा में भी इस पर तीखी प्रतिक्रिया हुई है।
विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रिया
किरण चौधरी, कांग्रेस विधायक दल नेता (हरियाणा) ने कहा कि ऐसे बयानों से समाज में हिंसा भड़क सकती है। मनोहर लाल खट्टर एक जिम्मेदार पद पर हैं। मैं अचंभित हूं, भला किसी प्रदेश का मुख्यमंत्री ऐसा गैरजिम्मेदाराना बयान कैसे दे सकता है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'क्या सीएम भूल गए हैं कि वे एक लोकतांत्रिक देश के नेता हैं। धर्म के नाम पर लोगों को बांटना चाहते हैं।
शिक्षा मंत्री, रामबिलास शर्मा (हरियाणा) सीएम का बचाव करते हुए कहा कि पाकिस्तान से अधिक मुसलमान रहते हैं हिंदुस्तान में और ज्यादा सुखी हैं।
अभय चौटाला, नेता प्रतिपक्ष (हरियाणा) ने कहा कि मुख्यमंत्री की बीफ पर बयानबाजी सरकार की विफलताओं से ध्यान हटाने का प्रयास है।
अनिल विज, स्वास्थ्य मंत्री (हरियाणा) ने कहा कि कई बार कह चुका हूं कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए। सब समस्याएं हल हो जाएंगी।