Punjab News: अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने वॉल्वो बसों को दिखाई हरी झंडी, अब सुहाना होगा दिल्ली का सफर
बुधवार को जालंधर से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए वोल्वो बसें रवाना हुईं। यह सेवा शुरू होने से आम जनता को बड़ी राहत मिली है। वहीं पंजाब से दिल्ली एयरपोर्ट के रास्ते पर ट्रांसपोर्ट माफिया का कब्जा भी खत्म होगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए वॉल्वो बसों को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान ने जालंधर बस स्टैंड से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यह बस जालंधर से दिल्ली एयरपोर्ट आठ घंटे में पहुंचेगी। इस दौरान पंजाब के सीएम भगवंत मान, पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत के अलावा पंजाब व दिल्ली के परिवहन विभाग के अधिकारी व तमाम विधायक मौजूद रहे।
सीएम केजरीवाल आदमपुर एयरपोर्ट पर उतरे और वहां से सड़क मार्ग के जरिये जालंधर बस स्टैंड पहुंचे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकारी बसें चलने से अब निजी कंपनियों की लूट से भी यात्रियों को निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि निजी बसें चलाने वाले यह न सोचें कि उन्होंने जो लूट की है उसका हिसाब नहीं होगा, इसका हिसाब निजी बस कंपनियों से लिया जाएगा और पैसा वसूलकर सरकार के खजाने में जमा किया जाएगा। उसे बढ़ाकर लोगों के लिए खर्च किया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जो बसें जालंधर से रवाना हो रही हैं, इनका दिल्ली में स्वागत होगा और वहां पर इंफोर्समेंट के अधिकारी साथ जाएंगे ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न आए। सीएम मान और सीएम केजरीवाल ने दिल्ली के लिए वॉल्वो बसों को रवाना करने के कार्यक्रम से पहले शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके उन्हें नमन किया।
इस दौरान उनके साथ बस स्टैंड की आरआरकेके कंपनी के प्रबंधक भी मौजूद रहे। उन्होंने गुलदस्ते से सीएम का स्वागत किया। दिल्ली सरकार से मंजूरी मिलते ही विदेश से आने व जाने वाले पंजाबियों और आम लोगों को निजी बसों की लूट का शिकार नहीं होना पड़ेगा। अब दिल्ली एयरपोर्ट पर जालंधर के यात्री 1170 रुपये में पहुंच जाएंगे।
पहले निजी कंपनी की बसों में यही सफर तीन हजार रुपये में करना पड़ता था। सीएम मान ने कहा कि सभी यात्रियों को ई-बसों में सीट की बुकिंग के लिए भी विशेष सुविधा दी गई है। इसके तहत यात्री अपनी सीट छह माह पहले आरक्षित करवा सकते हैं। यह आरक्षण ऑनलाइन पनबस या फिर रोडवेज की साइट पर जाकर किया जा सकता है। इसके अलावा अगर 24 घंटे पहले यात्री जाने का कार्यक्रम रद्द कर देता है तो पैसा उसके खाते में वापस आ जाएगा।
पंजाब सरकार ने दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक कुल 19 वॉल्वो चलाने का फैसला लिया है। इनका किराया निजी बसों की तुलना में आधे से भी कम है। अभी तक सरकारी बसों को दिल्ली एयरपोर्ट तक जाने की अनुमति नहीं थी। निजी बस संचालक अपने एकाधिकार का लाभ उठाकर मनमाना किराया वसूल रहे थे। दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट तक बसें सीधी चलाने के लिए कई तकनीकी दिक्कतें थी और मंगलवार शाम तक भी संशय था लेकिन बसें सीधी एयरपोर्ट के प्रवेश द्वार पर जाकर सवारियों को उतारेंगी। यह दिल्ली सरकार ने यकीनी बना लिया है। बुधवार को दो बसों को शुरू किया गया है लेकिन गुरुवार से पूरे पंजाब से 19 बसें सीधी एयरपोर्ट तक जाएंगी। अरविंद केजरीवाल ने बस में बैठी सवारियों से भी बातचीत भी की।
पंजाब में अब ईमानदार सरकार: केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं विपक्ष से पूछता हूं, क्या मान साहब अपने साथ गैंगस्टर लाए हैं? ये गैंगस्टर पिछली सरकारों में पैदा हुए थे। गैंगस्टरों, राष्ट्रविरोधी तत्वों की रक्षा कोई नहीं कर सकता। पटियाला झड़प के आरोपी 24 घंटे के अंदर पकड़े गए। पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को गिरफ्तार किया है। पंजाब में अब ईमानदार सरकार है। पिछले तीन महीनों में पंजाब सरकार ने उन कार्यों को हासिल किया है जो पिछली सरकारें सत्ता में रहते हासिल नहीं कर सकीं।
यह होगा वाल्वो बसों का टाइम टेबल
बुधवार को अमृतसर और जालंधर से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए वोल्वो बसें रवाना हुई। इस सेवा से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं पंजाब से दिल्ली एयरपोर्ट के रास्ते पर ट्रांसपोर्ट माफिया का कब्जा भी खत्म होगा। पंजाब रोडवेज के अमृतसर-2 के जनरल मैनेजर हरवरिंदर सिंह गिल ने बताया कि अमृतसर से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रोडवेज अमृतसर-1 की बस सुबह 9:20 बजे और जालंधर से सुबह 11:40 बजे रवाना होकर रात को 8:10 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगी। सुबह 2:40 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से यह एसी वोल्वो बस अमृतसर के लिए रवाना होगी। उन्होंने बताया कि इसी तरह पंजाब रोडवेज अमृतसर-2 की दोपहर 1:40 बजे अमृतसर से और सायं 4:20 बजे जालंधर बस अड्डा से चलकर रात 12:35 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेगी।
ऑनलाइन होगी बुकिंग
जीएम गिल ने बताया कि वोल्वो बसों में सफर करने के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो चुकी है। यात्री www.punbusonline.com वेबसाइट पर जाकर बुकिंग कर सकते हैं। बसों की समयसारिणी भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि अमृतसर से दिल्ली एयरपोर्ट तक का किराया 1,380 रुपये, जालंधर से दिल्ली एयरपोर्ट का किराया 1,160 रुपये और लुधियाना से दिल्ली एयरपोर्ट तक का किराया 990 रुपये तय किया गया है। इसके अलावा 10 रुपये ऑनलाइन का अतिरिक्त चार्ज वसूला जाएगा।
पटियाला से प्रति सवारी 835 रुपये होगा किराया
पटियाला बस अड्डे से पहले दिन शाम चार बजे एक बस नई दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना होगी, जबकि अगले दिन यानी 16 जून से रोजाना दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर और दूसरी बस शाम चार बजे नई दिल्ली एयरपोर्ट के लिए जाएगी। इन बसों का किराया 835 रुपये प्रति सवारी होगा। दोपहर 12 बजे पटियाला से जाने वाली बस नई दिल्ली एयरपोर्ट पर शाम छह बजकर 40 मिनट पर पहुंच जाएगी। यह बस यहां से सुबह डेढ़ बजे पटियाला के लिए चलेगी। जबकि शाम चार बजे पटियाला से चलने वाली दूसरी बस रात 10 बजे नई दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंचेगी और वहां से अगली सुबह छह बजे रवाना होगी।